खोज

मरिया मेजर महागिरजाघर में माता मरियम से प्रार्थना करते संत पापा फ्राँसिस मरिया मेजर महागिरजाघर में माता मरियम से प्रार्थना करते संत पापा फ्राँसिस 

पोप फ्राँसिस ने बहरीन की प्रेरितिक यात्रा को माता मरियम को समर्पित किया

संत पापा फ्राँसिस ने बहरीन में अपनी प्रेरितिक यात्रा को माता मरियम के हाथों समर्पित किया। उन्होंने बुधवार को दूसरी बेला रोम स्थित संत मरिया मेजर महागिरजाघर जाकर माता मरियम से प्रार्थना की।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

अपनी 39वीं प्रेरितिक यात्रा शुरू करने के पूर्व बुधवार को संत पापा फ्राँसिस मरिया मेजर महागिरजाघर का दौरा किया जहाँ उन्होंने माता मरियम से प्रार्थना की तथा बहरीन की यात्रा को उन्हें समर्पित किया।  

वाटिकन प्रेस कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि संत पापा ने रोम की संरक्षिका माता मरियम के सामने प्रार्थना में कुछ समय व्यतीत किया। बुधवार को संत पापा फ्राँसिस का मरिया मेजर महागिरजाघर जाना, उनके परमाध्यक्षीय काल के शुरू से लेकर अब तक में 100वाँ बार था।  

संत पापा फ्राँसिस ने आज सुबह अपनी चार दिवसीय प्रेरितिक यात्रा के लिए बहरीन प्रस्थान किया और करीब पाँच घंटे की यात्रा कर स्थानीय समयानुसार 4.45 मिनट पर बहरीन के प्रमुख शहर अवाली स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुँचे।

पोप फ्राँसिस बहरीन में

देश में अपनी प्रेरितिक यात्रा के दौरान संत पापा संवाद हेतु बहरीन मंच को सम्बोधित करेंगे, जो "मानव सहअस्तित्व के लिए पूर्व और पश्चिम" विषय पर केंद्रित होगा।

बहरीन में बृहस्पतिवार को संत पापा बहरीन के राजा हमद से साखिर शाही महल में मुलाकात करेंगे, उसके बाद बहरीन के नागर अधिकारियों और राजनयिकों से मिलेंगे।

शुक्रवार को संत पापा संवाद के लिए बहरीन मंच के समापन सत्र में भाग लेंगे। सत्र में भाग लेने के पश्चात् वे अल अजहर के ग्रैंड ईमाम से मिलेंगे एवं बुजूर्गों की मुस्लिम समिति के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे।

शुक्रवार को ही वे ख्रीस्तीय एकता प्रार्थना सभा में भाग लेंगे, साथ ही अवाली में अरेबिया की माता मरियम को समर्पित महागिरजाघर में शांति के प्रार्थना अर्पित करेंगे।

शनिवार सुबह को संत पापा फ्राँसिस बहरीन के राष्ट्रीय स्टेडियम में वहाँ के काथलिक समुदाय के लिए ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे। मिस्सा के उपरांत वे सेक्रेड हार्ट स्कूल के युवाओं से मुलाकात करेंगे।   

बहरीन में संत पापा की प्रेरितिक यात्रा का समापन रविवार को, मनामा के सेक्रेड हार्ट गिरजाघर में धर्माध्यक्षों, पुरोहितों, धर्मसमाजियों, सेमिनरी के छात्रों एवं प्रेरिताई कार्य में समर्पित लोगों के साथ प्रार्थना के द्वारा होगा। इस तरह वे अपने चार दिवसीय प्रेरितिक यात्रा समाप्त कर रोम लौटेंगे एवं वे शाम करीब 4.35 बजे रोम के फ्यूमिचिनो हवाई अड्डा पहुँचेंगे।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

03 November 2022, 10:25