खोज

कार्डिनल ब्रेनेस ने मानागुआ में नौ पुरोहितों का अभिषेक किया कार्डिनल ब्रेनेस ने मानागुआ में नौ पुरोहितों का अभिषेक किया 

निकारागुआ में नौ नए पुरोहितों का अभिषेक

कार्डिनल ब्रेनेस ने मानागुआ में नौ पुरोहितों का अभिषेक किया, जबकि संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त ने निकारागुआन सरकार से सिउना के धर्माध्यक्ष, इसिडोरो मोरा के ठिकाने का खुलासा करने के लिए कहा।

वाटिकन न्यूज

मानागुआ, सोमवार 8 जनवरी 2024 : शनिवार 6 जनवरी को मानागुआ के महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल लियोपोल्डो जोस ब्रेनेस सोलोरज़ानो ने नौ नए पुरोहितों का अभिषेक किया। 6 जनवरी को मानागुआ के महागिरजाघऱ में प्रभु प्रकाश महापर्व के दिन पुरोहिताभिषेक मिस्सा समारोह में कई विश्वासियों ने भाग लिया।

निकारागुआ में नौ नए पुरोहितों का अभिषेक
निकारागुआ में नौ नए पुरोहितों का अभिषेक

पुरोहित, भाईचारे के गवाह

अपने उपदेश में, कार्डिनल ब्रेनेस ने नए पुरोहितों के "अद्भुत उपहार" के लिए ईश्वर को धन्यवाद दिया और कहा कि पुरोहिताई "एक शक्ति नहीं है", बल्कि "एक मिशन और एक सेवा" है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पुरोहित, "सेवक" और "गवाह" हैं, वे "एकता और भाईचारा को जीने" के लिए बुलाये गये है।

गिरफ़्तारियों की लहर

नए पुरोहितों को निकारागुआ में कलीसिया के लिए चल रहे कठिन समय में अभिषेक किया गया था। 20 दिसंबर के बाद से, कम से कम 14 पुरोहितों, दो सेमिनारियों और सिउना के धर्माध्यक्ष, इसिदोरो देल कारमेन मोरा ओर्टेगा को गिरफ्तार किया गया है।  धर्माध्यक्ष मोरा का अपहरण धर्माध्यक्ष रोलांडो जोस अल्वारेज़ लागोस, माटागाल्पा के धर्माध्यक्ष और एस्टेलि धर्मप्रांत के प्रेरितिक प्रशासक के लिए प्रार्थना करने के बाद किया गया था, जो उचित सुनवाई के बिना 26 साल की सजा सुनाए जाने के बाद पिछले फरवरी से जेल में हैं।

बीमार पुरोहितों की चिंता

कलीसिया में, विशेष रूप से, अपहृत पुरोहितों के लिए चिंता अधिक है, जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं, जिनमें मानागुआ के महाधर्मप्रांत के संत माइकेल महादूत पल्ली के पल्ली पुरोहित फादर इस्माइल सेरानो और दिव्य गर्भाधान पल्ली के पुरोहित फादर जेरार्डो रोड्रिग्स दोनों बीमार हैं और उन्हें चिकित्सा देखभाल की जरूरत है।


निकारागुआन सरकार से संयुक्त राष्ट्र की अपील

मध्य अमेरिका के मानवाधिकारों के लिए संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त के कार्यालय (ओएसीएनयूडीएच) ने निकारागुआ की सरकार से तत्काल यह खुलासा करने के लिए एक नई अपील शुरू की है कि "16 दिनों से जबरन गायब किये जाने के शिकार" धर्माध्यक्ष मोरा को कहां रखा जा रहा है। एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है, "इस जानकारी को छुपाने से उसकी जान को ख़तरा है।"

संत पापा फ्राँसिस की प्रार्थना

संत पापा फ्राँसिस ने 1 जनवरी को देवदूत प्रार्थना के दौरान निकारागुआ के लिए प्रार्थना की।

संत पापा ने कहा, “निकारागुआ में जो कुछ हो रहा है, उस पर मैं गहरी चिंता के साथ नजर रख रहा हूँ, जहां धर्माध्यक्ष और पुरोहितों को उनकी स्वतंत्रता से वंचित कर दिया गया है। मैं उन्हें, उनके परिवारों को और देश की पूरी कलीसिया को प्रार्थना में अपनी निकटता व्यक्त करता हूँ। मैं यहां उपस्थित आप सभी को और ईश्वर के सभी लोगों को आग्रहपूर्वक प्रार्थना करने के लिए भी आमंत्रित करता हूँ; इस बीच मुझे उम्मीद है कि समस्याओं के निदान के लिए हम हमेशा बातचीत का रास्ता अपनाएंगे। आइए आज हम निकारागुआ के लिए प्रार्थना करें।”

अब तक, निकारागुआ के अधिकारियों ने लापता बताए गए पुरोहितों के हिरासत की न तो पुष्टि की है और न ही इससे इनकार किया है।

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

08 January 2024, 16:27