खोज

लॉस एंजेल्स के सहायक धर्माध्यक्ष स्वर्गीय डेविड ओ’कोनेल लॉस एंजेल्स के सहायक धर्माध्यक्ष स्वर्गीय डेविड ओ’कोनेल   (© Angelus News)

धर्माध्यक्ष डेविड ओ’कोनेल के निधन पर पोप की हार्दिक संवेदना

संत पापा फ्राँसिस ने लॉस एंजेल्स के सहायक धर्माध्यक्ष डेविड ओ’कोनेल के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने एक तार संदेश में अपनी प्रार्थना का आश्वासन दिया है तथा एक पल्ली पुरोहित के रूप में अपने लोगों के करीब रहने के लिए उनकी सराहना की है।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

संत पापा फ्राँसिस ने लॉस एंजेल्स के धर्माध्यक्ष डेविड ओ'कोनेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन द्वारा जारी एक तार संदेश में संत पापा फ्राँसिस ने लोगों के करीब रहनेवाले चरवाहे के रूप में लोकप्रिय धर्माध्यक्ष के लिए शोक व्यक्त किया है तथा एक पुरोहित का साक्ष्य देने के लिए उनकी सराहना की है।

कार्डिनल परोलिन ने लिखा, “सहायक धर्माध्यक्ष डेविड ओ’कोनेल के दुखद एवं असमय मौत की खबर सुन संत पापा फ्राँसिस ने अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की है एवं महाधर्मप्रांत के पुरोहितों, धर्मसमाजियों एवं लोकधर्मियों के प्रति अपना आध्यात्मिक संवेदना व्यक्त की है।

धर्माध्यक्ष का अंतिम संस्कार 3 मार्च को सम्पन्न होगा।

प्यारे धर्माध्यक्ष की हत्या

धर्माध्यक्ष डेविड ओ'कोनेल की गृह सेविका के पति कार्लोस मदीना को आयरलैंड में जन्मे दिवंगत सहायक धर्माध्यक्ष की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। 69 वर्षीय धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल, शनिवार, 18 फरवरी को लॉस एंजिल्स से लगभग 30 किलोमीटर पूर्व स्थित हैसिंडा हाइट्स में अपने घर के बेडरूम में सीने में गोली लगने से मृत पाए गए थे।

पोप फ्रांसिस ने उन्हें 21 जून 2015 को लॉस एंजिल्स का सहायक धर्माध्यक्ष नियुक्त किया था। उनकी हिंसक मौत ने लॉस एंजिल्स के काथलिक समुदाय और उनके मूल शहर कॉर्क को भी सदमे में डाल दिया है।

लोस एंजेल्स के महाधर्माध्यक्ष जोश एच. गोम्स ने सोमवार को उनके बारे बतलाते हुए कहा कि “वे एक भले पुरोहित, एक अच्छे धर्माध्यक्ष एवं शांति के व्यक्ति थे जिन्होंने गरीबों, बेघर, आप्रवासी और समाज के हाशिये पर जीवनयापन करनेवाले लोगों के प्रति सहानुभूति दिखायी। हम उन्हें खोकर बहुत दुखित हैं।” 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

02 March 2023, 16:57