खोज

लोस एंजेल्स के सहायक धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल हत्याकांड लोस एंजेल्स के सहायक धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल हत्याकांड  (VICTOR ALEMAN)

धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल हत्याकांड का संदिग्ध गिरफ्तार

लॉस एंजेल्स पुलिस ने धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल हत्याकांड से संबंधित एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। कार्लोस मदीना को सोमवार को आयरलैंड में जन्मे सहायक धर्माध्यक्ष की हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया है।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

लॉस एंजिल्स में पुलिस अधिकारियों ने सहायक धर्माध्यक्ष डेविड जी ओ'कोनेल की हत्या के सिलसिले में एक 65 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। लोस एंजेल्स टाईम्स के अनुसार जासूसों ने हत्या के संदिग्ध के रूप में उनके घर की देखरेख करनेवाली के पति कार्लोस मदीना की पहचान की है। उन्हें सोमवार को गिरफ्तार किया गया था और 2 मिलियन डॉलर की जमानत पर रिहा कर दिया गया।

69 वर्षीय धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल, शनिवार को लॉस एंजिल्स से लगभग 30 किलोमीटर पूर्व, हैसिंडा हाइट्स में अपने घर के बेडरूम में अपने सीने में एक बंदूक की गोली के घाव के साथ मृत पाए गए थे।

संदेह

काउंटी शेरिफ रॉबर्ट लूना ने कहा कि जासूसों ने एक निगरानी वीडियो से मदीना को अपराध से जोड़ा, जिसमें हत्या के समय धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल के घर पर एक वाहन दिखाई पड़ता है। टोरेंस में उनके घर से हथियार मिले हैं। उसकी पत्नी से भी पूछताछ की गई है।

पुलिस हत्या के मकसद की जांच कर रही है जो पैसे से जुड़ा हो सकता है। एक पुलिस के अनुसार, आरोपी तर्कहीन तरीके से काम कर रहा था और उसने ओ'कोनेल के बारे में "उसके पैसे लेने" के बारे में टिप्पणी की थी।

एक अच्छे धर्माध्यक्ष एवं शांति के व्यक्ति

महाधर्मप्रांत के एक समाचार मंच एंजेलस न्यूज के अनुसार धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल काउंटी कॉर्क, आयरलैंड के मूल निवासी थे, और 1979 में लॉस एंजिल्स महाधर्मप्रांत में सेवा करने के लिए नियुक्त हुए थे, जहाँ कई वर्षों तक उन्होंने गिरोह के हस्तक्षेप पर ध्यान केंद्रित किया।

बाद में उन्होंने 1992 के हिंसक विद्रोह के बाद निवासियों और कानून प्रवर्तन के बीच शांति की मांग की थी, जब न्यायपीठ ने अफ्रीक-अमेरिकी रोडनी किंग की क्रूर पिटाई में चार श्वेत एलए पुलिस अधिकारियों को बरी कर दिया था।

हाल के वर्षों में उन्होंने मध्य अमेरिका के अप्रवासी बच्चों और परिवारों के साथ काम करने के लिए इस क्षेत्र में काथलिक प्रयासों का भी नेतृत्व किया।

पोप फ्रांसिस ने उन्हें 21 जून 2015 को लॉस एंजिल्स का सहायक धर्माध्यक्ष नियुक्त किया था। उनकी हिंसक मौत ने लॉस एंजिल्स के काथलिक समुदाय और उनके मूल शहर कॉर्क को भी सदमे में डाल दिया है।

लोस एंजेल्स के महाधर्माध्यक्ष जोश एच. गोम्स ने सोमवार को उनके बारे बतलाते हुए कहा कि “वे एक भले पुरोहित, एक अच्छे धर्माध्यक्ष एवं शांति के व्यक्ति थे जिन्होंने गरीबों, बेघर, आप्रवासी और समाज के हाशिये पर जीवनयापन करनेवाले लोगों के प्रति सहानुभूति दिखायी। हम उन्हें खोकर बहुत दुखित हैं।” उन्होंने संदिग्ध को हिरासत में लेने हेतु जाँच दल को उनकी कड़ी परिश्रम के लिए धन्यवाद दिया।

कॉर्क के धर्माध्यक्ष फिंतन गाविन ने कहा कि स्वर्गीय धर्माध्यक्ष ने कॉर्क में परिवारवालों एवं मित्रों के साथ अक्सर दौरा के द्वारा सम्पर्क मनाये रखा।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

21 February 2023, 17:10