खोज

एल हिएरो द्वीप से प्रवासियों को बचाया गया एल हिएरो द्वीप से प्रवासियों को बचाया गया  (ANSA)

कैनरी द्वीप समूह के पास रबर की नावों से प्रवासियों को बचाया गया

स्पेन के कैनरी द्वीप समूह के पास रबर की नावों से कम से कम 227 प्रवासियों को बचाया गया है।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शनिवार 24 जून 2023 (वाटिकन न्यूज) : रिपोर्टों से पता चलता है कि तटरक्षक बल ने अटलांटिक महासागर में रबर की नावों पर यात्रा कर रहे प्रवासियों को बचाया। बुधवार 21 जून को एक अन्य घटना में, ग्रैन कैनरिया में उनकी नाव डूबने से 30 से अधिक प्रवासियों के डूबने की आशंका है।

हाल के वर्षों में, प्रवासियों से भरी जर्जर, समुद्री नावों की समस्या पूरे क्षेत्र की सरकारों के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। खतरनाक अटलांटिक प्रवास मार्ग को दुनिया के सबसे घातक मार्गों में से एक माना जाता है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़े बताते हैं कि पिछले साल उस यात्रा में कम से कम 500 प्रवासी मारे गए या लापता हो गए।

अन्यत्र, पूर्वी भूमध्य सागर में, आपातकालीन सेवाओं ने शुक्रवार को अइया नापा के रिसॉर्ट के पास संकट में फंसे 45 सीरियाई प्रवासियों को दो जहाजों से बचाया।

पिछले हफ्ते, सैकड़ों लोगों को ले जा रही एक प्रवासी नाव ग्रीस के तट पर डूब गई, जिसमें कम से कम 78 लोग मारे गए। संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि 500 लोग अभी भी लापता हैं। 750 यात्रियों में से अधिकतर मिस्र, सीरिया और पाकिस्तान से थे।

अटलांटिक मार्ग की तरह, भूमध्य सागर को यूरोप में शरण लेने वाले लोगों के लिए एक खतरनाक पारगमन माना जाता है।

संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी यूएनएचसीआर का कहना है कि इस साल अब तक 72,778 शरणार्थी दक्षिण से यूरोप पहुंचे हैं, जिनमें 71,136 शरणार्थी समुद्र के रास्ते इटली, ग्रीस, स्पेन, माल्टा और साइप्रस पहुंचे हैं।

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

24 June 2023, 15:46