खोज

अमेरिकी धर्मबहन सुएलेन टेनीसन अमेरिकी धर्मबहन सुएलेन टेनीसन  

बुर्किना फासो में अगवा की गई अमेरिकी धर्मबहन रिहा हुईं

पांच महीने पहले, बुर्किना फासो के याल्गो में अपहरण की गई 83 वर्षीय अमेरिकी धर्मबहन सुएलेन टेनीसन मुक्त कर दी गयीं हैं।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

एक अमेरिकी काथलिक धर्मबहन सुएलेन टेनीसन, जिन्हें अप्रैल में उत्तरी बुर्किना फासो में हथियारबंद लोगों ने अगवा कर लिया था, उनके धर्मसंघ से मिली जानकारी अनुसार उन्हें मुक्त कर दिया गया है।

83 वर्षीय धर्मबहन, ऑर्डर ऑफ द मरियानाईट्स ऑफ द होली क्रॉस की सदस्य हैं जिन्हें 5 अप्रैल को याल्गो के एक पल्ली स्थित कॉन्वेंट से अपहरण कर लिया गया था, जहां वे एक मिशनरी के रूप में सेवा कर रही थीं।

मरियानाईट ऑफ हॉली क्रॉस के फेसबुक पेज पर बुधवार को पोस्ट कर रिहाई की जानकारी देते हुए कहा गया था "जी हाँ, यह सच है! सिस्टर सुएलेन को पुनः पा लिया गया है। वे अभी सुरक्षित हैं और अमेरिकी हिरासत में हैं।"

आनन्द और धन्यवाद

धर्मबहन की रिहाई की पुष्टि करते हुए, काया धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष थियोफिल नेर ने कहा, "बड़ी खुशी और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता के साथ, हम सभी का ध्यान इस बात की ओर आकृष्ट करते हैं कि सिस्टर सुएलेन टेनीसन, मरियानाइट जिनका अपहरण सोमवार, 4 अप्रैल और मंगलवार, 5 अप्रैल, 2022 की रात को याल्गो में किया गया था। उनके अपहरणकर्ताओं ने उन्हें रिहा कर दिया है।"

धर्माध्यक्ष नेर ने कहा कि उनके अपहरण की स्थिति की जानकारी थी, हालांकि उन्होंने उन लोगों के प्रति आभार प्रकट किया जिन्होंने रिहाई के लिए काम किया।

उन्होंने कहा, "सिस्टर सुएलेन अब एक सुरक्षित स्थान में हैं और सुस्वस्थ हैं।"

31 अगस्त के फेसबुक पोस्ट में मरियानाईट की धर्मबहनों ने उन सभी को शुक्रिया अदा किया है जिन्होंने उनके लिए प्रार्थना की है और विगत 5 महीनों में उनका समर्थन किया, जब धर्मबहन कैद थीं। उन्होंने उनके पूर्ण शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक चंगाई हेतु प्रार्थना के लिए आग्रह किया है।

अप्रैल में अपहरण   

वाटिकन न्यूज ने पहले ही रिपोर्ट दिया था कि न्यू ऑरलियन्स मूल निवासी सिस्टर टेनिसन का अपहरण हो गया है जो 2014 से बुरकिना फासो में सेवारत थीं। वे पल्ली में प्रेरिताई का काम कर रही थीं तथा याल्गो पल्ली द्वारा संचालित क्लिनिक में लोगों की मदद करती थीं।  

5 अप्रैल को कॉन्वेन्ट में 2 अन्य धर्मबहनें थीं जब करीब 10 हथियारबंद लोगों ने कॉन्वेन्ट में हमला कर दिया था।

बंदूकधारियों ने कुछ धर्मबहनों की संपत्ति को नष्ट कर दिया और हमले के दौरान सिस्टर टेनीसन का अपहरण कर लिया था। अब तक, धर्मबहन के अपहरणकर्ताओं की पहचान अज्ञात है।

बुरकिना फासो

बुर्किना फासो अफ्रीका के साहेल क्षेत्र के देशों में से एक है, जिसने चरमपंथी गतिविधियों और आर्थिक एवं राजनीतिक संकटों से प्रेरित हिंसा देखी है।

अल-कायदा और तथाकथित इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकवादी समूह साहेल क्षेत्र में सक्रिय हैं और बुर्किना फासो एवं अन्य पड़ोसी देशों में नागरिकों के खिलाफ हमले करने के लिए जाने जाते हैं।

लगभग 21 मिलियन लोगों के पश्चिम अफ्रीकी देश ने जनवरी 2022 में राजनीतिक उथल-पुथल भी देखी, जब एक सैन्य तख्तापलट ने राष्ट्रपति रोक मार्क क्रिश्चियन की सरकार को उखाड़ फेंका।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

01 September 2022, 16:21