खोज

मिकोलाईव शहर के एक अस्पताल पर रूसी बमबारी का एक दृश्य मिकोलाईव शहर के एक अस्पताल पर रूसी बमबारी का एक दृश्य  

जीवन के लिये संघर्षरत है यूक्रेन, ग्रीक काथलिक कलीसिया

यूक्रेन में ग्रीक काथलिक कलीसिया के शीर्ष प्राधिधर्माध्यक्ष स्वीयातोस्लाव शेवचूक ने एक विडियो सन्देश जारी कर विश्व का ध्यान यूक्रेन पर 162 दिन से जारी रूसी आक्रमण की ओर आकर्षित कराया है।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर- वाटिकन सिटी

यूक्रेन, शुक्रवार, 5 अगस्त 2022 (रेई, वाटिकन रेडियो): यूक्रेन में ग्रीक काथलिक कलीसिया के शीर्ष प्राधिधर्माध्यक्ष स्वीयातोस्लाव शेवचूक ने एक विडियो सन्देश जारी कर विश्व का ध्यान यूक्रेन पर 162 दिन से जारी रूसी आक्रमण की ओर आकर्षित कराया है।

सन्देश

चार अगस्त को जारी उक्त विडियो सन्देश में यूक्रेनी ग्रीक काथलिक कलीसिया के शीर्ष प्राधिधर्माध्यक्ष शेवचूक ने कहा, आज गुरुवार 4 अगस्त 2022 है और 162 दिन से, यूक्रेनी लोग, कब्जा करने वाले और नष्ट करने वाले अन्यायपूर्ण रूसी हमलावर के खिलाफ लड़ाई में अडिग खड़े रहे हैं। विगत दिनों में, लड़ाई अग्रिम पंक्ति में रही है और दुश्मन जहाँ तक उसका जानलेवा, घातक हाथ पहुँच सकता है, वहाँ तक निर्दयता से यूक्रेनी भूमि के हर टुकड़े पर गोलाबारी कर रहा है।

उन्होंने इस तथ्य की ओर ध्यान आकर्षित कराया कि यूक्रेन के कई शहर पूरी तरह से नष्ट कर दिये गये हैं, जिनमें खारकीव, मिकोलाईव, निकोपोल तथा चारीनीव जैसे शहर शामिल हैं। उन्होंने कहा, हम देख रहे हैं कि हमलावर विनाश, बर्बादी और मौत में कितना पैसा लगा रहा है। निकोपोल शहर पर केवल एक दिन में, रूस ने यूक्रेन के ऊपर से कुल आठ क्रूज मिसाइलें दागीं जिनकी लागत एक करोड़ डालर से अधिक है। इस तरह हम देखते हैं कि कब्जा करने वालों के लिए भी अपने और अपने लोगों को यह समझाना कठिन होता जा रहा है कि इस मूर्खतापूर्ण युद्ध की आवश्यकता क्यों पड़ी?

ईश वचन प्रेरणा का स्रोत

प्राधिधर्माध्यक्ष शेवचूक ने कहा, यूक्रेन के लोग अडिग खड़े हैं, वे संघर्षरत हैं, प्रार्थना कर रहे हैं और आज ख्रीस्तीय प्रार्थना के ज्ञान की तीर्थयात्रा पर वे अपनी यात्रा जारी रखेंगे। ईश वचन के श्रवण तथा पवित्र बाईबिल पाठ से वे साहस एंव शक्ति प्राप्त कर रहे हैं। यूक्रेन के सैनिकों और यूक्रेनी नागरिकों से उन्होंने विशेष अनुरोध किया कि संकट के इस समय में वे प्रभु ईश्वर पर अपना पूरा भरोसा रखें तथा प्रार्थना, बाईबिल पाठ और मनन-चिन्तन द्वारा आत्मिक बल प्राप्त करें।  

नबी इसायाह के शब्दों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अन्यायपूर्ण शासक कितना ही ज़ुर्म क्यों न कर लें वे कभी सफल नहीं होंगे। नबी कहते हैं, "तुम योजनाएँ बनाओ, लेकिन वे सफल नहीं होंगी, क्योंकि ईश्वर हमारे साथ हैं।"

यूक्रेनी सैनिकों एवं नागरिकों में ढारस बँधाते हुए प्राधिधर्माध्यक्ष शेवचूक ने कहा कि हमारी प्रार्थनाओं के साथ, हम आपका समर्थन करते हैं, हम दुनिया भर में अपने समुदायों को संगठित करते हैं, ताकि यूक्रेन अन्यायपूर्ण रूसी हमलावर के खिलाफ इस रक्षात्मक युद्ध में जीत सके।

विश्व के समस्त ख्रीस्तीय धर्मानुयायियों एवं सभी शुभचिन्तकों से उन्होंने निवेदन किया कि वे यूक्रेन पर रूसी आक्रमण को बन्द करने के लिये प्रभु ईश्वर से प्रार्थना करें। उन्होंने कहा, "ईश्वर, उन सभी को आशीर्वाद दें जो आज हमारे साथ प्रार्थना में लीन हैं,  हमारे साथ एकजुटता से खड़े हैं, जो यूक्रेन के न्यायपूर्ण संघर्ष को समर्थन दे रहे हैं। ईश्वर, यूक्रेन और सम्पूर्ण विश्व को अपनी न्यायपूर्ण और दिव्य शांति प्रदान करें।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

05 August 2022, 12:40