खोज

ब्रिस्बेन में बाढ़ ब्रिस्बेन में बाढ़ 

ऑस्ट्रेलिया: क्वीन्सलैंड में बाढ़ से गिरजाघर और स्कूल बंद

ब्रिस्बेन और आसपास के समुदायों में कई गिरजाघरों, घरों और संस्थानों में पानी भर गया है। भारी बारिश ने इस क्षेत्र में आठ लोगों की जान ले ली और अनुमानित 15,000 संपत्तियों को प्रभावित किया।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

ब्रिस्बेन, मंगलवार 01 मार्च 2022 (वाटिकन न्यूज) : ऑस्ट्रेलिया के तीसरे सबसे अधिक आबादी वाले शहर ब्रिस्बेन के कई हिस्से सोमवार को पानी के नीचे थे। तीन दिनों की मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया था। पिछले एक सप्ताह के बारिस और बाढ़ में आठ लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कई अन्य लापता हैं।

ब्रिस्बेन नदी संभवतः अपने चरम पर पहुंच गई है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है। अधिकारियों का अनुमान है कि लगभग 15,000 संपत्तियां प्रभावित हो सकती हैं। कई निवासियों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्कूलों और गिरजाघरों को बंद कर दिया गया है और लाखों लोग घर से काम करने के लिए मजबूर हैं।

गिरजाघरों, स्कूलों और आश्रयों को बंद करने के लिए मजबूर

2011 के बाद से सबसे खराब बारिश ने क्वीन्सलैंड और उत्तरी न्यू साउथ वेल्स में समुदायों को प्रभावित किया। हफ्तों की भारी बारिश ने क्वीन्सलैंड में बाढ़ ला दी और एक आपदा पैदा कर दी जिसने 200,000 से अधिक लोगों को प्रभावित किया।

सोमवार को ऑनलाइन पोस्ट की गई तस्वीरों में कुछ कॉलेजों के परिसर बाढ़ के पानी में डूबे हुए दिखाई दे रहे हैं और इलाके में 980 स्कूल बंद हैं।

ऑस्ट्रेलियाई काथलिक विश्वविद्यालय जो अकादमिक वर्ष शुरु करने के लिए पहले दिन छात्रों का स्वागत करने के लिए तैयार था, बाढ़ के कारण छात्रों को ऑनलाइन सीखने के लिए पुनर्निर्देशित करना पड़ा।

इसी तरह, ब्रिस्बेन के बेघर और कमजोर लोगों के लिए आश्रय सहित दक्षिण ब्रिस्बेन के कार्यालयों को भीषण बाढ़ के कारण बंद करना पड़ा, क्योंकि कर्मचारी आश्रय आने जाने में असमर्थ हैं।

लिस्मोर धर्मप्रांत में संत कार्थेज महागिरजाघर के सामने के दरवाजे तक पानी भर गया था। संत कार्थेज प्राइमरी स्कूल, ट्रिनिटी काथलिक कॉलेज, प्रेजेंटेशन हाउस और डॉयल हाउस भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

आपदा प्रयास

क्वीन्सलैंड आपातकालीन सेवाएं जरुरतमंद लोगों की हर तरह से मदद करने हेतु जुटी हुई हैं, कई दर्जनों लोगों को बचाया है और अनेक लोगों की तलाश अभी भी जारी है।

बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए खाद्य सहायता
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए खाद्य सहायता

दक्षिण-पूर्व में 50,000 से अधिक घरों में सोमवार को बिजली नहीं थी और कई क्वीन्सलैंड परिषदों में आपदा सहायता सक्रिय कर दी गई है।

रिपोर्टों में कहा गया है कि क्वीन्सलैंड में बारिश काफी हद तक रुक गई है, लेकिन नदी और नालो में पानी का स्तर कई दिनों तक ऊंचा रहेगा और कई क्षेत्रों में बाढ़ की बड़ी चेतावनी बनी रहेगी।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

01 March 2022, 16:10