खोज

यूक्रेन की राजधानी कीव में बमबारी के बाद, तस्वीरः 25.02.2022 यूक्रेन की राजधानी कीव में बमबारी के बाद, तस्वीरः 25.02.2022 

रूसी आक्रमण शुरू होते ही कारितास यूक्रेन ने जुटाये संसाधन

रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद संभावित मानवीय संकट से निपटने के लिए विश्वव्यापी काथलिक उदारता संगठन कारितास की यूक्रेनी शाखा संसाधनों को जुटाने में लग गई है।

जूलयट जेनेवीव क्रस्टफर-वाटिकन सिटी

यूक्रेन, कीव, शुक्रवार, 25 फरवरी 2022 (रेई,वाटिकन रेडियो): रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद संभावित मानवीय संकट से निपटने के लिए विश्वव्यापी काथलिक उदारता संगठन कारितास की यूक्रेनी शाखा संसाधनों को जुटाने में लग गई है।

गुरुवार को रूस ने यूक्रेन पर ज़मीनी, समुद्री और हवाई हमलों द्वारा आक्रमण शुरु कर दिया था। हमलों के चलते मानवीय एवं सामाजिक त्रासदी की आशंकाएं सघन हुई हैं। 2014 में रूस द्वारा क्रिमिया पर कब्ज़ा, यूक्रेन के पूर्वी प्रान्तों में चल रहे रूसी समर्थित विद्रोह तथा कोविद महामारी के बाद यूक्रेन में मानवतावादी संकट ने गम्भीर रूप ले लिया है। देश की आर्थिक स्थिति कमज़ोर हुई है, जिससे निर्धनता एवं बेरोज़गारी को प्रश्रय मिला है।  विगत आठ वर्षों के संघर्ष में लगभग 14,000 व्यक्तियों ने अपने प्राण खोयें हैं तथा लगभग 15 लाख लोग विस्थापित हो गये हैं।  

कारितास की योजना

संघर्ष में संभावित वृद्धि की आशंका होने के बाद कारितास यूक्रेन ने दो माहों पूर्व ही राहत कर्मियों के प्रशिक्षण सहित अनेक लोकोपकारी मदद की तैयारियाँ शुरु कर दी थी। गुरुवार सुबह रूसी आक्रमण के तुरन्त बाद कारितास यूक्रेन ने समस्त देश में अपने विभिन्न संस्थानों में कई बैठकें सम्पन्न कीं।  

वाटिकन न्यूज़ से बातचीत में कारितास यूक्रेन के सम्प्रेषण माध्यम सम्बन्धी निर्देशक व्लादिसलाव शेलोकोव ने कहा, "हम संभावित मानवीय संकट का जवाब देने के लिए अपने संसाधन एकत्र कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "हम सभी कारितास नेटवर्क से अपने सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि सभी जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त संसाधनों को एकत्र किए जा सके।"

निर्देशक व्लादिसलाव शेलोकोव ने कहा कि इस समय सर्वाधिक आवश्यकता खाद्य पार्सलों, पेय जल, स्वच्छता एवं सफ़ाई किट और आश्रय की है "क्योंकि यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में अब वास्तव में कठिन लड़ाई शुरु हो गई है, जहाँ  रूसी सैनिक हमला कर रहे हैं।"

विस्थापन समस्या

कारितास के निर्देशक शेलोकोव ने बताया कि लोग यूक्रेन के पूर्वी हिस्सों से पलायन कर देश के केन्द्र का रुख कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं कह सकता कि कितने लोग पलायन कर, अपने घरों का परित्याग कर रहे हैं, मैं नहीं कह सकता कि इनकी संख्या क्या है, लेकिन मैं यह कह सकता हूँ कि यूक्रेन के पूर्वी हिस्सों में संपर्क लाइन के पास रहने वाले कुछ लोग यूक्रेन के मध्य भाग और शायद यूक्रेन के पश्चिमी भाग में जाने के लिये बाध्य हो रहे हैं।"

देश के कुछ हिस्सों में गोलाबारी के जारी रहने के मद्देनज़र, राहत कर्मियों की सुरक्षा के बारे में पूछे जाने पर, श्री शेलोकोव ने जोर देकर कहा कि "उन शहरों में जहां हमारे कर्मियों के लिए कोई सुरक्षा गारंटी नहीं है, हम कोई भी गतिविधि संचालित नहीं करते हैं।" उन्होंने कहा कि गुरुवार सुबह उन्हें मिली जानकारी से यह पुष्टि हुई है कि  कारितास के सभी कर्मचारी सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

25 February 2022, 11:25