खोज

विश्व रेडियो दिवस - 13.02.2020 विश्व रेडियो दिवस - 13.02.2020 

विश्व रेडियो दिवस पर विविधता के प्रोत्साहन का आग्रह

विश्व रेडियो दिवस पर संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव अन्तोनियो गूत्तेरेस ने गुरुवार को जारी अपने सन्देश में कहा कि रेडियो में अभी भी लोगों को एक साथ लाने और समुदायों को महत्वपूर्ण समाचार और जानकारी प्रदान करने की शक्ति है।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

न्यूयॉर्क, शुक्रवार, 14 फरवरी 2020 (रेई, वाटिकन रेडियो): विश्व रेडियो दिवस पर संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव अन्तोनियो गूत्तेरेस ने गुरुवार को जारी अपने सन्देश में कहा कि रेडियो में अभी भी लोगों को एक साथ लाने और समुदायों को महत्वपूर्ण समाचार और जानकारी प्रदान करने की शक्ति है।

संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित विश्व रेडियो दिवस गुरुवार को मनाया गया। इस अवसर पर श्री गूत्तेरेस ने कहा कि द्रुत गति से बढ़ते मीडिया विकास के युग में भी रेडियो का मिशन महत्वपूर्ण है। उन्होंने रेखांकित किया कि किस तरह से अग्रणी माध्यम रेडियो विविधता का जश्न मनाता  तथा वैश्विक शांति में योगदान देता है।

विविधता का माध्यम रेडियो

महासचिव गूत्तेरेस ने कहा, "रेडियो अपने प्रारूपों में, अपनी भाषाओं और स्वयं रेडियो कर्मियों के बीच विविधता का अद्भुत प्रदर्शन प्रस्तुत करता है। यह विश्व को एकता एवं शान्ति का एक महत्वपूर्ण संदेश भेजता है।" उन्होंने कहा, "जैसा कि हम सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने और जलवायु संकट से निपटने का प्रयास कर रहे हैं, सूचना और प्रेरणा के स्रोत रूप में रेडियो की भूमिका महत्वपूर्ण है।"

13 फरवरी को मनाये गये विश्व रेडियो दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षा, विज्ञान एवं संस्कृति सम्बन्धी संयुक्त राष्ट्र संघीय एजेन्सी यूनेस्को ने तमाम विश्व के रेडियो स्टेशनों का आह्वान किया था कि अपने न्यूज़रूम्स में और प्रसारणों में भी विविधता का प्रसार करें। यूनेस्को ने अपील की कि रेडियो से सम्बन्धित एएम, एफएम, कार में डिजिटल रेडियो, वेब पर उपलब्ध स्ट्रीम स्टेशन अथवा मोबाइल फोन्स पर पॉडकास्ट आदि सभी माध्यमों द्वारा विविधता के महत्व को प्रकाशित किया जाये तथा लोगों के बीच सहिष्णुता एवं शांति का सन्देश प्रसारित किया जाये।      

विश्व रेडियो दिवस, वाटिकन रेडियो

सन् 1946 में संयुक्त राष्ट्र संघीय रेडियो की स्थापना की स्मृति में प्रतिवर्ष 13 फरवरी को विश्व रेडियो दिवस मनाया जाता है। 13 फरवरी से एक दिन पहले यानि 12 फरवरी को वाटिकन रेडियो की वर्षगाँठ मनाई जाती है। वाटिकन रेडियो से पहला सिगनल 12 फरवरी 1931 को भेजा गया था। 89 वर्ष पूर्व काथलिक कलीसिया के तत्कालीन परमाध्यक्ष सन्त पापा पियुस 11 वें ने रेडियो से अपना प्रथम सन्देश प्रसारित किया था। लातीनी भाषा में प्रसारित यह सन्देश पहला विश्वव्यापी एवं प्रेरितिक रेडियो सन्देश था।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

14 February 2020, 12:18