खोज

फ्राँस के नोत्र दाम महागिरजाघर के घण्टे, प्रतीकात्मक तस्वीर फ्राँस के नोत्र दाम महागिरजाघर के घण्टे, प्रतीकात्मक तस्वीर 

हत्याओं के विरोध में बजाये जायेंगे गिरजे के घण्टे

मध्य फिलीपींस स्थित सान कारलोस धर्मप्रान्त के धर्माध्यक्ष जेरारदो आलमीनाज़ा ने धर्मप्रान्त में लगातार हत्याओं का विरोध करने के लिये हर शाम आठ बजे गिरजाघरों के घण्टे बजाये जाने का आदेश दिया है। नेगरोज़ प्रान्त में विगत दिनों एक के बाद एक कई लोगों की हत्याएं हुई हैं।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

फिलीपिन्स, शुक्रवार, 26 जुलाई 2019 (ऊका समाचार): मध्य फिलीपींस स्थित सान कारलोस धर्मप्रान्त के धर्माध्यक्ष जेरारदो आलमीनाज़ा ने धर्मप्रान्त में लगातार हत्याओं का विरोध करने के लिये हर शाम आठ बजे गिरजाघरों के घण्टे बजाये जाने का आदेश दिया है। नेगरोज़ प्रान्त में विगत दिनों एक के बाद एक कई लोगों की हत्याएं हुई हैं।

धर्माध्यक्ष का आह्वान

उन्होंने कहा, "क्रोधवश और न्याय का आह्वान करते हुए, समुदाय की भावना और सामूहिक प्रार्थना में, हम अपने गिरजाघरों के घण्टे बजाने हेतु हमारी पल्लियों, मिशन केन्द्रों और धर्मसमाजी आश्रमों को आमंत्रित करते हैं ताकि इन हत्याओं को रोका जा सके।"

उन्होंने कहा, "घण्टों की ध्वनि हमें याद दिलाये कि ये निरर्थक हत्याएं अमानवीय हैं।"

जबरन वसूली हत्याओं का कारण

धर्माध्यक्ष के प्रेरितिक पत्र के प्रकाशित किये जाने के एक दिन बाद ही जबरन वसूली के लिये 24 जुलाई को फिर कुछ लोगों की हत्याएं की गई। धर्माध्यक्ष ने अपने पत्र में 23 जुलाई को मारे गये मानवाधिकार वकील एन्तोनी ट्रिनीडाड की हत्या का विरोध किया था। इस हत्या को धर्माध्यक्ष कानून और व्यवस्था की अनुपस्थिति निरूपित किया था।  

हत्याओं को समाप्त करने हेतु सरकार का आह्वान करते हुए धर्माध्यक्ष आलमीनाज़ा स्थानीय अधिकारियों को चुनौती दी कि वे हत्याओं पर अपनी चुप्पी तोड़ें। सुरक्षा और शांति को बढ़ावा देने तथा भय को नहीं भड़काने देने के लिये उन्होंने पुलिस और सेना का भी आह्वान किया।

2017 से अब तक नेग्रोस प्रान्त में जबरन वसूली के लिये कम से कम 76 लोगों की हत्याएं की गई है, इनमें अधिकतर लोग किसान, वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ता थे।

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

26 July 2019, 12:25