खोज

इंडोनेशिया में भूकंप इंडोनेशिया में भूकंप 

इंडोनेशिया में भूकंप: भारी तबाही, लापता लोगों की खोज जारी

बचाव और राहत कार्यकर्ताओं द्वारा शुक्रवार के भूकंप के बाद जीवितों और मृतकों दोनों की तलाश जारी है। सुनामी अपने पीछे भारी विनाश छोड़ दिया है।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

जकार्ता, सोमवार 1 अक्टूबर 2018 (रेई) : शुक्रवार को इंडोनेशिया के तटीय शहर डोंगाला में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया था जिसके बाद पालू शहर में भयंकर सुनामी ने दस्तक दी। मरने वालों की संख्या सबसे ज़्यादा पालू शहर में है, जहाँ क़रीब 20 फ़ीट ऊंची लहरें शहर में प्रवेश कर गई थी। द्वीप सुलावेसी पर आये भूकंप और सुनामी में अभी तक कम से कम 832 लोगों के मारे जाने और 500 के घायल होने की ख़बर है।

इंडोनेशिया की आपदा एजेंसी ने बताया है कि शनिवार को भी भूकंप के छोटे-मोटे झटके महसूस किये गए हैं। हज़ारों घर ढह गए हैं। कुछ अस्पतालों, होटलों और शॉपिंग सेंटरों को भी क्षति पहुँची है।

खोज और राहत कार्य जारी

इंडोनेशिया की फ़ौज का कहना है कि स्थानीय हवाई अड्डा आंशिक रूप से नष्ट हो जाने के कारण पालू शहर तक मदद पहुँचाने में दिक्कतें हो रही हैं। इंडोनेशिया की फ़ौज लगातार राजधानी जकार्ता से सुलावेसी द्वीप पर सैन्य मदद पहुँचाने की कोशिश कर रही है।

दांगगाला और मामुजू समेत कई बड़े तटीय कस्बों में रविवार को क्षतिग्रस्त सड़कों, बाधित दूरसंचार और साधनों की कमी के चलते पहुंच पाना संभव नहीं था।

रेड क्रॉस का अनुमान है कि त्रासदी से प्रभावित लोगों की संख्या करीब 1.6 मिलियन होगी।

इंडोनेशिया के उप-राष्ट्रपति ने कहा है कि मरने वालों की संख्या हजारों में हो सकती है।

14 दिन आपातकाल की घोषणा

क्षेत्रीय सरकार ने सुलवेसू में 14 दिन 28 सितम्बर से 11 अक्टूबर तक आपातकालीन अवधि घोषित की है। इंडोनेशियाई केंद्र सरकार आपातकालीन अवधि के दौरान क्षेत्रीय प्रशासन की सहायता करेगी, खासकर सरकार ने राहत निधि आरपी 560 मिलियन (यूएस $ 37.6 मिलियन) देने का वचन दिया है।

संत पापा की संवेदना

संत पापा फ्राँसिस ने रविवार को देवदूत प्रार्थना के पाठ उपरान्त सुलावेसी द्वीप पर लोगों के प्रति अपनी संवेदना और निकटता व्यक्त की। उन्होंने सभी पीड़ितों के लिए अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन दिया साथ ही उन लोगों के लिए भी जिन्होंने अपना घर और आजीविका खो दी है।

पिछले एक महीने में इंडोनेशिया में कई भूकंप आ चुके हैं। 5 अगस्त को इंडोनेशिया के लॉमबोक में आये भूकंप में 460 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई थी।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

01 October 2018, 16:06