खोज

संत पेत्रुस महागिरजाघर का प्राँगण, देवदूत प्रार्थना के लिए उपस्थित विश्वासी संत पेत्रुस महागिरजाघर का प्राँगण, देवदूत प्रार्थना के लिए उपस्थित विश्वासी  (ANSA)

अजरबैजान एवं अर्मेनिया के बीच वार्ता हेतु पोप की अपील

पोप फ्राँसिस ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच वार्ता हेतु मध्यस्थता का समर्थन करने की अपील की है, क्योंकि हजारों अर्मेनियाई लोग नागोर्नो-कराबाख के विवादित क्षेत्र से भाग गए हैं। उन्होंने स्टेपानाकर्ट शहर में एक बड़े विस्फोट के पीड़ितों एवं विश्व में शांति के लिए रोजरी माला विन्ती करने का आह्वान किया है।

वाटिकन न्यूज

देवदूत प्रार्थना के उपरांत इटली के शहीद की धन्य घोषणा की याद करते हुए संत पापा ने कहा, “कल, पियाचेंत्सा में, 1944 में विश्वास के लिए घृणा के कारण मारे गए फादर जुसेप्पे बेओत्ती को धन्य घोषित किया गया। ख्रीस्त के समान, एक चरवाहे ने सौंपे गए झुंड की रक्षा के लिए अपना जीवन अर्पित कर दिया।” संत पापा ने उन्हें ताली बजाकर सम्मानित किया।  

नागोर्नो कराबाख से विस्थापित महिला अपने बच्चों के साथ
नागोर्नो कराबाख से विस्थापित महिला अपने बच्चों के साथ

अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच वार्ता की सलाह

तत्पश्चात् हाल के दिनों में नागोर्नो-कराबाख में विस्थापित अर्मेनियाई लोगों की दयनीय स्थिति पर नजर डालते हुए, संत पापा ने अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच वार्ता हेतु राजनीतिक मध्यस्थता के लिए अपना आह्वान दोहराया। उन्होंने कहा, “इन दिनों मैं नागोर्नो-कराबाख में विस्थापित लोगों की दयनीय स्थिति पर नजर रख रहा हूँ। मैं अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच बातचीत के लिए अपनी अपील दोहराता हूँ, उम्मीद करता हूँ कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समर्थन से पार्टियों के बीच बातचीत एक स्थायी समझौते का पक्ष लेगी जो मानवीय संकट को समाप्त कर देगी। मैं स्टेपानाकर्ट शहर के पास हुए ईंधन डिपो के विस्फोट के पीड़ितों के लिए अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन देता हूँ।”

अर्मेनियाई अधिकारियों ने कहा है कि 100,000 से अधिक लोग सीमा क्षेत्र से आर्मेनिया पहुंचे हैं, जो सीमा क्षेत्र की अर्मेनियाई आबादी का 80 प्रतिशत से अधिक है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलों, नरसंहारों और अन्य अत्याचारों का आरोप लगाते हुए तीन दशकों से संघर्ष में फंसे हुए हैं।

दिसंबर 2022 में, अजरबैजान ने नागोर्नो-कराबाख को आर्मेनिया से जोड़नेवाली एकमात्र सड़क, लाचिन कॉरिडोर को अवरुद्ध कर दिया था, और अर्मेनियाई सरकार पर क्षेत्र की 'अलगाववादी' ताकतों को अवैध हथियार शिपमेंट के लिए इसका इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था।

रोजरी माला विन्ती
रोजरी माला विन्ती

रोजरी माला विन्ती के लिए पोप का प्रोत्साहन

संत पापा ने रोजरी और मिशन के महीने अक्टूबर में प्रवेश करने पर सभी विश्वासियों को रोजरी प्रार्थना करने का प्रोत्साहन किया है। संत पापा ने कहा, “आज अक्टूबर का महीना शुरू हो रहा है, रोजरी और मिशन का महीना। मैं हर किसी से रोजरी प्रार्थना की सुंदरता का अनुभव करने, माता मरियम के साथ ख्रीस्त के रहस्यों पर चिंतन करने और कलीसिया एवं की जरूरतों के लिए उनकी मध्यस्थता द्वारा प्रार्थना करने का आग्रह करता हूँ। हम पीड़ित यूक्रेन और युद्ध से घायल सभी देशों में शांति के लिए प्रार्थना करें। लोगों के सुसमाचार प्रचार के लिए भी प्रार्थना करें। और हम धर्माध्यक्षों की धर्मसभा के लिए भी प्रार्थना करें जिसकी इस महीने कलीसिया की सिनॉडलिटी (संगठनात्मकता) विषय पर पहली धर्मसभा होगी।

तत्पश्चात् संत पापा ने नये प्रेरितिक प्रबोधन के प्रकाशन की जानकारी दी जिसको येसु की संत तेरेसा के संदेश पर 15 अक्टूबर को प्रकाशित किया जाएगा।

इसके बाद संत पापा ने रोम तथा विश्व के विभिन्न हिस्सों से आये सभी तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों का अभिवादन किया।

पाँच महादेशों के बच्चों से मुलाकात करते संत पापा फ्राँसिस
पाँच महादेशों के बच्चों से मुलाकात करते संत पापा फ्राँसिस

पोप विश्वभर बच्चों से मिलेंगे

इसके साथ ही, संत पापा ने पाँच बच्चों को प्रस्तुत करते हुए एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। संत पापा ने कहा, “आज यहाँ मेरे बगल में, पांच बच्चे हैं, जो पांच महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनके साथ मिलकर, मैं घोषणा करना चाहूँगा कि 6 नवंबर को पॉल षष्ठम हॉल में, मैं दुनियाभर के बच्चों से मिलूँगा। वाटिकन के संस्कृति और शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का विषय होगा "आओ लड़के और लड़कियों से सीखें"। यह हरेक के सपने को प्रकट करने के लिए एक मुलाकात है: बच्चों की तरह शुद्ध भावनाओं को वापस लाने के लिए, क्योंकि ईश्वर का राज्य उन लोगों का है जो बच्चों की तरह हैं। बच्चे हमें रिश्तों की स्पष्टता और उन लोगों की सहज स्वीकृति एवं पूरी सृष्टि के प्रति सम्मान सिखाते हैं।”

संत पापा ने बच्चों को सम्बोधित कर कहा, “प्यारे बच्चों, मैं इंतजार कर रहा हूँ कि आप सभी से कुछ सीख सकूँ।"

और अंत में अपने लिए प्रार्थना का आग्रह करते हुए सभी को शुभ रविवार की मंगलकामनाएँ अर्पित की।

 

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

01 October 2023, 15:49