खोज

रूआण्डा के लोगों के बीच साईलिशियन धर्मसमाजी (प्रतीकात्मक तस्वीर)  रूआण्डा के लोगों के बीच साईलिशियन धर्मसमाजी (प्रतीकात्मक तस्वीर)  

रूआण्डा के बाढ़ पीड़ितों के प्रति सन्त पापा की प्रार्थना

संत पापा फ्राँसिस ने रूआण्डा के पश्चिमी और उत्तरी प्रांतों में भारी बाढ़ से प्रभावित पीड़ितों के प्रति दुख व्यक्त कर प्रार्थनाओं में अपने सामीप्य का वादा किया है।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 5 मई 2023 (रेई, वाटिकन रेडियो): संत पापा फ्राँसिस ने रूआण्डा के पश्चिमी और उत्तरी प्रांतों में भारी बाढ़ से प्रभावित पीड़ितों के प्रति दुख व्यक्त कर प्रार्थनाओं में अपने सामीप्य का वादा किया है।

हाल के दिनों में भारी बारिश, बाढ़ भूस्खलन ने रूआण्डा में कम से कम 130 लोगों की जान ले ली और 5,000 से अधिक घरों को नष्ट कर दिया है।

सन्त पापा का तार सन्देश

बाढ़ पीड़ितों के प्रति सहानुभूति का प्रदर्शन करते हुए सन्त पापा फ्राँसिस ने रूआण्डा के प्रेरितिक राजदूत, महाधर्माध्यक्ष  अर्नाल्डो कातालान को संबोधित एक टेलीग्राम में प्रभावित लोगों के लिए अपनी संवेदनाएँ प्रेषित की हैं।

गुरुवार को प्रेषित तार सन्देश में सन्त पापा ने कहा कि उन्हें "रूआण्डा के पश्चिमी और उत्तरी प्रांतों में हाल ही में बाढ़ के कारण हुई जान-माल की हानि के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ है।" उन्होंने  "इस आपदा से प्रभावित सभी पीड़ितों के साथ आध्यात्मिक निकटता" व्यक्त की। साथ ही उन्होंने रूआण्डा के सभी लोगों पर प्रभु ईश्वर के आशीर्वाद की मंगलयाचना कर "मृतकों, घायलों और विस्थापितों सहित राहत कार्यों में संलग्न समस्त लोगों को प्रार्थना का आश्वासन दिया।"

रूआण्डा के प्रभावित क्षेत्रों में  

रूआण्डा के उप सरकारी प्रवक्ता एलेन मुकुरालिंडा ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि मंगलवार शाम को शुरु हुई बाढ़ के बाद से अब तक 130 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनके अतिरिक्त, उन्होंने कहा, “77 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 36  लोग अस्पताल में भर्ती हैं तथा पांच जन लापता हैं।”

उन्होंने बताया कि 5,100 से अधिक घर नष्ट हो गए हैं और अन्य 2,500 क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा अनेक नागरिकों को पुनर्वास और आश्रय की सख्त आवश्यकता है।

प्रधान मंत्री एडवर्ड एनगिरेंटे ने गुरुवार को पश्चिमी रूआण्डा में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, और यह कहते हुए कि लापता लोगों का पता लगाने के लिये खोज प्रयास जारी हैं, उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

05 May 2023, 11:26