खोज

कॉन्गो लोकतांत्रिक गणराज्य  में किनशासा के स्टेडियम में एकत्र युवा. 02.02.2023 कॉन्गो लोकतांत्रिक गणराज्य में किनशासा के स्टेडियम में एकत्र युवा. 02.02.2023  (AFP or licensors)

आदिवासीवाद, भ्रष्टाचार के बहिष्कार का सन्त पापा ने किया आग्रह

कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य की राजधानी किनशासा स्थित शहीदों को समर्पित स्टेडियम में एकत्र लगभग 65,000 युवाओं से, गुरुवार को, सन्त पापा फ्राँसिस ने प्रतिद्वंद्विता, भ्रष्टाचार और अविश्वास रहित एक नवीन भविष्य बनाने का आग्रह किया।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

किनशासा, शुक्रवार, 3 फरवरी 2023 (रेई, रॉयटर्स): कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य  की राजधानी किनशासा स्थित शहीदों को समर्पित स्टेडियम में एकत्र लगभग 65,000 युवाओं से, गुरुवार को, सन्त पापा फ्राँसिस ने प्रतिद्वंद्विता, भ्रष्टाचार और अविश्वास रहित एक नवीन भविष्य बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के अभिशाप ने अफ्रीका में बहुत अधिक रक्तरंजित संघर्षों को बढ़ावा दिया है।

"भविष्य की सामग्री"

सशस्त्र संघर्षों से पीड़ित कॉन्गो में क्षमा और पुनर्मिलन सन्त पापा फ्राँसिस की प्रेरितिक यात्रा के प्रकाशस्तम्भ रहे, जहाँ विगत दशकों में हज़ारों लोगों के प्राण चले गये हैं तथा लाखों विस्थापित हो गये हैं। तथापि, गुरुवार के सन्देश में उन्होंने कथित "भविष्य की सामग्री" पर ध्यान केंद्रित किया तथा खूनी अतीत और पीड़ित वर्तमान के बजाय कांगो के लिए संभावित नए क्षितिज की बात की।

सन्त पापा के शब्दों पर तालियों से इतनी बार उनका प्रभाषण बाधित हुआ कि एक आयोजक को माइक्रोफोन से चिल्लाना पड़ा "सन्त पापा को बोलने दो"। पूर्वाग्रहों के प्रति सचेत करते हुए सन्त पापा ने कहा, "किसी पर उंगली उठाने के प्रलोभन से सावधान रहें; क्षेत्रवाद, आदिवासीवाद, या ऐसी किसी भी चीज़ से सावधान रहें जो आपको अपने समूह या गुट में सुरक्षित महसूस कराती है।"

हिंसा की वजह पूर्वाग्रह

सन्त पापा ने कहा कि पूर्वाग्रहों के कारण हम नफ़रत को सही ठहराते हैं जिससे हिंसा उत्पन्न होती और अन्त में युद्ध की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।  

ग़ौरतलब है कि कॉन्गो में विश्व के कुछेक सबसे समृद्ध खनिज भंडार हैं, लेकिन इसके प्रचुर संसाधनों ने जातीय समूहों, मिलिशिया, सरकारी सैनिकों और विदेशी आक्रमणकारियों के बीच संघर्ष को बढ़ावा दिया है।

पूर्वी कांगो पड़ोसी रूआण्डा में 1994 के नरसंहार के दीर्घकालीन और जटिल नतीजों से जुड़ी हिंसा से भी ग्रस्त रहा है। सन्त पापा ने कहा कि ख्रीस्त के अनुयायी होने के नाते, "एक नया भविष्य बनाने के लिए हमें आपसी क्षमा दान की आवश्यकता है।"

गुरुवार को प्रभाषण में भ्रष्टाचार का मुद्दा सर्वोपरि रहा जिसमें युवाओं ने भी सन्त पापा की आवाज़ में अपनी आवाज़ मिलाते हुए भ्रष्टाचार बन्द करो आदि नारे लगाकर अपने नेताओं में व्याप्त भ्रष्टाचार और सामान्य सेवाओं को प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से रिश्वत देने की शिकायत की।

संयुक्त राष्ट्र संघ का कहना है कि अफ्रीकी अर्थव्यवस्थाओं को प्रतिवर्ष भ्रष्टाचार के कारण लगभग 150 अरब डॉलर का नुकसान होता है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

03 February 2023, 11:30