खोज

यूक्रेन में क्रिसमस मनाते विश्वासी यूक्रेन में क्रिसमस मनाते विश्वासी  (Kuba Stezycki)

पूर्वी कलीसियाएँ जब क्रिसमस मना रही हैं, पोप ने यूक्रेन के लिए प्रार्थना की

संत पापा फ्राँसिस ने पूर्वी रीति की काथलिक कलीसियाओं एवं ऑर्थोडॉक्स कलीसियाओं को क्रिसमस की शुभकामनाएँ दीं। पूर्वी रीति की कलीसियाओं में आज ख्रीस्त जयन्ती मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रभु प्रकाश महापर्व के अवसर पर युद्ध से पीड़ित यूक्रेन में शांति हेतु प्रार्थना की है।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

पूर्वी रीति की काथलिक कलीसियाएँ एवं ऑर्थोडॉक्स ख्रीस्तीय, जुलियन कैलेंडर के अनुसार ७ जनवरी को ख्रीस्त जयन्ती मनाते हैं। संत पापा फ्राँसिस ने इस बड़े अवसर पर उन्हें पर्व की शुभकामनाएँ अर्पित की हैं। उन्होंने ६ जनवरी को प्रभु प्रकाश महापर्व के अवसर पर देवदूत प्रार्थना के उपरांत उन्हें सम्बोधित कर कहा, “विशेष रूप से मैं हमारे शहीद यूक्रेन के भाई बहनों को शुभकामनाएँ देना चाहता हूँ।”

2018 में रजुमकोव केंद्र के एक सर्वे के अनुसार यूक्रेन में करीब 65 प्रतिशत विश्वासी ऑर्थॉडॉक्स कलीसिया में आते हैं और लगभग 9 प्रतिशत लोग ग्रीक काथलिक कलीसिया के सदस्य हैं।

पोप ने उम्मीद जतायी है कि प्रभु के जन्म का महापर्व शांति की ओर कदम बढ़ाने हेतु प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा, “मुक्तिदाता का जन्म सांत्वाना और आशा लाये, और ठोस कदम के लिए प्रेरित करे जो अंततः युद्ध के अंत और शांति की ओर ले जायेगा। हम यूक्रेन के लिए एवं शांति हेतु प्रार्थना करते रहें।”

विश्व बाल मिशनरी दिवस

इस बीच पोप फ्राँसिस ने याद किया कि एपीफनी या प्रभु प्रकाश महापर्व के दिन विश्व बाल मिशनरी दिवस मनाया जाता है। कलीसिया इस दिन याद करती है कि बच्चे अपने ही तरह से सुसमाचार के संदेश वाहक बन सकते हैं और उन्हें वह सम्मान दिया जाना चाहिए कि वे भी सुसमाचार के साक्षी के रूप में कलीसिया की सेवा करने के योग्य हैं।

संत पापा ने बाल मिशनरियों को सम्बोधित कर कहा, “मैं विश्व के हर कोने के सभी लड़के - लड़कियों का अभिवादन करता हूँ जो येसु के मित्र होने के आनन्द का प्रचार करते हैं एवं अपने को प्रार्थना, त्याग-तपस्या और सुसमाचार के मिशनरियों को दान देकर मदद करने के लिए समर्पित करते हैं।”

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

07 January 2023, 14:46