खोज

संत पापा फ्राँसिस ने संत पापा जॉन पॉल प्रथम को धन्य घोषित किया

संत पापा फ्राँसिस ने संत पापा जॉन पॉल प्रथम के धन्य घोषणा समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी को प्रभु से सीखने, बिना सीमा के प्रेम करने और एक खुश, शांत और मुस्कुराते हुए चेहरे वाली कलीसिया बनने के लिए प्रोत्साहित किया। पवित्र मिस्सा के अंत में, देवदूत प्रार्थना के पूर्व संत पापा ने दुनिया में और यूक्रेन में शांति हेतु प्रार्थना करने के लिए आमंत्रित किया।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, रविवार 4 सितम्बर 2022 (वाटिकन न्यूज) : रिमझिम हल्की बारिश में, संत पापा फ्राँसिस ने रविवार 4 सितम्बर को संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्रांगण में संत पापा जॉन पॉल प्रथम की धन्य घोषणा समारोह की अध्यक्षता की।

धन्य घोषणा समारोह
धन्य घोषणा समारोह

धन्य घोषणा समारोह

धर्माध्यक्ष रेनाटो मारांगोनी ने ईश सेवक पोप जॉन पॉल प्रथम के धन्य घोषणा संस्कार की धर्मविधि का अनुष्ठान करने हेतु आग्रह किया। पोस्टुलेटर कार्डिनल बेनियामिनो स्टेला ने ईश सेवक पोप जॉन पॉल प्रथम की जीवनी पढ़ी, उनके साथ उप-पोस्टुलेटर डॉ. स्टेफानिया फलास्का भी थी। इसके बाद संत पापा फ्राँसिस ने धन्य घोषणा संस्कार की धर्मविधि को आगे बढ़ाया।

"हमारे प्रेरितिक अधिकार के साथ हम यह अनुदान देते हैं कि ईश सेवक पोप जॉन पॉल प्रथम, अब से धन्य कहलाते हैं।": यह कहते हुए संत पापा फ्राँसिस ने अल्बिनो लुसियानी को वेदी का सम्मान देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। अब से हर साल 26 अगस्त को उस दिन की याद में मनाया जाएगा, जिस दिन वे 1978 में संत पेत्रुस के 263वें उत्तराधिकारी चुने गए थे। संत पापा फ्राँसिस की घोषणा के बाद अल्लेलुइया गीत के साथ महागिरजाघर के केंद्रीय लॉजिया में स्थित धन्य पापा जॉन पॉल प्रथम की तस्वीर का अनावरण किया गया। चीनी कलाकार यान झांग द्वारा चित्रित, सफेद कैसक में संत पापा जॉन पॉल प्रथम की विशिष्ट मुस्कान पूरे प्रांगण को कोमलता से गले लगाती हुई दिखाई पड़ी।

धन्य घोषणा समारोह
धन्य घोषणा समारोह

पवित्र मिस्सा समारोह

पवित्र मिस्सा समारोह के प्रधान याजक संत प्रकरण के लिए बने धर्मसंघ के प्रीफेक्ट कार्डिनल मार्सेलो सेमेरारो थे उनके साथ प्रांगण में कार्डिनलों, धर्माध्यक्षों, पुरोहितों और डीकनों सहित 500 से अधिक सहयाजक और उपयाजक थे। प्रांगण में करीब 25 हजार विश्वासियों ने भाग लिया। संत पापा फ्राँसिस ने पवित्र मिस्सा के दौरान प्रवचन दिया।

 मिस्सा के अंत में संत पापा फ्राँसिस ने देश विदेश से समारोह में भाग लेने आये कार्डिनलों, धर्माध्यक्षों, पुरोहितों और लोकधर्मियों को धन्यवाद दिया। संत पापा ने समारोह में उपस्थित इटली के राष्ट्रपति और मोनाको के प्रधान मंत्री को अपना आभार प्रकट किया।" अंत में, धन्य जॉन पॉल प्रथम के जन्म स्थान और धर्मप्रांत, "वेनिस, बेलुनो और विटोरियो वेनेटो के धर्माध्यक्षों, पुरोहितों और विश्वासियों को धन्यवाद दिया। संत पापा के अभिवादन का विश्वासियों दवारा तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया गया।

देवदूत प्रार्थना

देवदूत प्रार्थना के पूर्व संत पापा ने दुनिया में और यूक्रेन में शांति हेतु प्रार्थना करने के लिए आमंत्रित किया। संत पापा ने कहा, “अब हम कुँवारी मरियम से प्रार्थना करते हैं, ताकि वह पूरी दुनिया में, विशेषकर पीड़ित यूक्रेन में, शांति का उपहार प्राप्त कर सके। वह, प्रभु की पहली और सिद्ध शिष्य, हमें धन्य जॉन पॉल प्रथम के जीवन के उदाहरण और पवित्रता का पालन करने में मदद करें।” इतना कहने के बाद संत पापा ने देवदूत प्रार्थना का पाठ किया और विश्वासियों को अपना प्रेरितिक आशीर्वाद दिया।

मिस्सा के समाप्त होने तक आकाश में धूप निकल आया था। संत पापा फ्राँसिस ने पापा मोबाइल में बैठकर संत पेत्रुस प्रांगण में उपस्थित विश्वासियों का अभिवादन किया। कुछ बच्चों को गले लगाया और आशीर्वाद दिया।

धन्य घोषणा समारोह
धन्य घोषणा समारोह

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

04 September 2022, 18:42