खोज

  नाइजीरिया के ओवो स्थित संत फ्रांसिस जेवियर गिरजाघर जहाँ पेंतेकोस्त रविवार को हमला हुआ था नाइजीरिया के ओवो स्थित संत फ्रांसिस जेवियर गिरजाघर जहाँ पेंतेकोस्त रविवार को हमला हुआ था 

संत पापा ने गिरजाघर में हुए आतंकवादी हमले पर दुख जताया

संत पापा फ्राँसिस ने नाइजीरिया के दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य में एक काथलिक गिरजाघर में हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की, जिसमें कई बच्चों सहित 50 से अधिक लोग मारे गए।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, सोमवार 06 जून 2022 (वाटिकन न्यूज) : पेंतेकोस्त रविवार को  नाइजीरिया के ओवो स्थित संत फ्रांसिस जेवियर गिरजाघर में बंदूकधारियों ने प्रवेश किया और पवित्र मिस्सा समारोह में भाग ले रहे विश्वासियों पर गोलियां चला दीं। प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चलता है कि हमलावरों ने ओंडो राज्य में हमले के दौरान बम विस्फोट भी किया।

संत पापा फ्राँसिस ने पीड़ितों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की और प्रार्थना की।

वाटिकन प्रेस कार्यालय के निदेशक मत्तेओ ब्रूनी ने रविवार को कहा कि  संत पापा ने "पीड़ितों और देश के लिए प्रार्थना की, जिनपर मिस्सा समारोह के समय दर्दनाक रूप से हमला किया गया। संत पापा ने दुःखित सभी को प्रभु के हाथों सौंप दिया, ताकि प्रभु उन्हें सांत्वना देने के लिए अपनी आत्मा भेज सकें।"

दर्जनों मृत और घायल

स्थानीय डॉक्टरों ने रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया कि हमले में कम से कम 50 लोग मारे गए। दर्जनों अन्य घायल हो गए और उन्हें ओवो के अस्पतालों में ले जाया गया। डॉक्टरों ने सोशल मीडिया पर रक्तदान की अपील की है।

धर्माध्यक्ष की निकटता

ओंडो धर्मप्रांत के संचार निदेशक फादर ऑगस्टीन इकवु के अनुसार, धर्माध्यचक्ष जूड अयोदेजी अरोगुंडडे ने पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति अपनी निकटता व्यक्त की। फादर इकवु ने कहा कि उन्हें डर है कि घायल लोगों में से कई और लोगों की मौत हो सकती है और शोक व्यक्त किया कि गिरजाघर का "अपवित्र" किया गया था।

उन्होंने सोशल मीडिया पर शुरुआती खबरों का खंडन किया कि हमलावरों ने पुरोहितों और अन्य सदस्यों का अपहरण कर लिया था।" फादर इकवु ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पल्ली में सभी पुरोहित सुरक्षित हैं और किसी का अपहरण नहीं किया गया है । इस कठिन समय में धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष भी उनके साथ हैं। धर्माध्यक्ष काथलिकों से भी आग्रह करते हैं कि वे शांत रहें, कानून का पालन करें और हमारे समुदाय, राज्य और देश में शांति और सामान्य स्थिति लौटने के लिए प्रार्थना करें।

शांति के लिए प्रार्थना

फादर इकवु ने कहा कि हमलावरों की पहचान नहीं हो पायी है, लेकिन ओवो में गिरजाघर के आसपास के इलाके में नाइजीरियाई सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

उन्होंने देश में "शांति और स्थिरता" बहाल करने के लिए ईश्वर की मदद का भी आह्वान किया।

राष्ट्रपति बुहारी की प्रतिक्रिया

इस बीच, नाइजीरियाई राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने हमले के जवाब में एक बयान जारी किया। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों की सहायता के लिए आपातकालीन एजेंसियों को आदेश दिया।

राष्ट्रपति ने अपने बयान में कहा, “चाहे कुछ भी हो, यह देश कभी भी गलत और दुष्ट लोगों के आगे नहीं झुकेगा और अंधकार कभी भी प्रकाश पर विजय प्राप्त नहीं करेगा। नाइजीरिया अंततः जीत जाएगा।”

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

06 June 2022, 16:19