खोज

2022.04.12 युद्ध के खिलाफ, संत पापा फ्राँसिस की किताब 2022.04.12 युद्ध के खिलाफ, संत पापा फ्राँसिस की किताब 

'युद्ध एक अपवित्रता है, आइए, हम इसे ईंधन देना बंद करें!' संत पापा फ्राँसिस

"अगेंस्ट वॉर: द करेज टू बिल्ड पीस"( "युद्ध के खिलाफ: शांति बनाने का साहस") नामक संत पापा फ्राँसिस की एक पुस्तक गुरुवार से इतालवी बुकशेल्फ़ में मिलेगी। समाचार पत्र "कोरिएरे डेला सेरा" में एक राजनीतिक कला के रूप में संवाद और एक रणनीति के रूप में शांति और निरस्त्रीकरण के कलात्मक निर्माण को प्रस्तुत करती है। पुस्तक के परिचय को प्रकाशित किया गया है जो निम्नलिखित है।

संत पापा फ्राँसिस (अनुवादक माग्रेट सुनीता मिंज)

वाटिकन सिटी, बुधवार 13 अप्रैल 2022 (रेई) : एक साल पहले, शहीद इराक की तीर्थयात्रा पर, मैं युद्ध, भाईचारे की हिंसा और आतंकवाद के कारण हुई आपदा को अपने हाथों से छूने में सक्षम हुआ।  मैंने घरों के मलबे और दिलों के घावों को देखा, साथ ही पुनर्जन्म की आशा के बीज भी देखे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक साल बाद यूरोप में संघर्ष छिड़ जाएगा। रोम के धर्माध्यक्ष के रूप में अपनी सेवा की शुरुआत से ही, मैंने तृतीय विश्व युद्ध के बारे में कहा है, कि हम इसे पहले से ही जी रहे हैं, हालांकि केवल टुकड़ों में। वे टुकड़े बड़े और बड़े हो गए हैं, एक साथ मिल रहे हैं .... दुनिया में अभी कई युद्ध चल रहे हैं, जिससे बहुत दर्द हो रहा है, निर्दोष पीड़ित हैं, खासकर बच्चे। ऐसे युद्ध जिनके कारण लाखों लोग पलायन करते हैं, अपनी जान बचाने के लिए अपनी जमीन, अपने घर, अपने नष्ट हुए शहरों को छोड़ने के लिए मजबूर होते हैं। ये कई भूले हुए युद्ध हैं जो समय-समय पर हमारी असावधान आँखों के सामने प्रकट होते हैं।

ये युद्ध हमें "दूर" लग रहे था। अब, लगभग अचानक, हमारे पास युद्ध छिड़ चुका है। यूक्रेन पर हमला किया गया और आक्रमण किया गया। संघर्ष में प्रभावित लोगों में दुर्भाग्य से कई निर्दोष नागरिक, कई महिलाएं, कई बच्चे, कई बुजुर्ग लोग हैं, जो बम से बचने के लिए धरती के अंदर में खोदे गए तहखानों में रहने के लिए मजबूर हैं, जिनके परिवार विभाजित हैं क्योंकि पति, पिता, दादाजी लड़ते हैं, जबकि पत्नियाँ, माताएँ और दादी आशा की लंबी यात्रा के बाद दूसरे देशों में आतिथ्य की तलाश में सीमा पार करते हैं जो उनका बड़े दिल से स्वागत करते हैं।

दिल दहला देने वाली छवियों को हम हर दिन देखते हैं, बच्चों और महिलाओं के क्रंदन के सामने, हम केवल चिल्ला सकते हैं: "रुको!"। युद्ध कोई समाधान नहीं है, युद्ध एक पागलपन है, युद्ध एक राक्षस है, युद्ध एक कैंसर है जो अपने आप भर जाता है, सब कुछ निगल लेता है! इसके अलावा, युद्ध एक अपवित्रता है, जो हमारी धरती पर सबसे कीमती चीज, मानव जीवन, छोटों की मासूमियत, सृष्टि की सुंदरता को नष्ट करती है।

हाँ, युद्ध एक अपवित्रता है! मैं उस दलील को भूल नहीं हो सकता, जब 1962 में संत पापा जॉन तेईसवें ने अपने समय के शक्तिशाली पुरुषों और महिलाओं से युद्ध को रोकने के लिए कहा था, जो दुनिया को परमाणु संघर्ष के रसातल में खींच सकता था। 1965 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में बोलते हुए संत पापा पॉल षष्टम VI ने जिस ताकत के साथ कहा था, मैं उस ताकत को नहीं भूल सकता: "फिर कभी युद्ध नहीं! फिर कभी युद्ध नहीं!" या, फिर से, संत पापा जॉन पॉल द्वितीय द्वारा की गई शांति के लिए कई अपीलें, जिन्होंने 1991 में युद्ध को "बिना वापसी के एक साहसिक कार्य" कहा।

हम जो देख रहे हैं वह एक और बर्बरता है और दुर्भाग्य से, हमारे पास एक छोटी याददाश्त है। हां, क्योंकि अगर हमारे पास याददाश्त होती, तो हमें याद होता कि हमारे दादा-दादी और माता-पिता ने हमसे क्या कहा था और हमें शांति की आवश्यकता महसूस होती जैसे हमारे फेफड़ों को ऑक्सीजन की आवश्यकता होती है। युद्ध हर चीज को बाधित करता है, यह शुद्ध पागलपन है, इसका एकमात्र लक्ष्य विनाश है और यह विनाश के माध्यम से विकसित होता और बढ़ता है। अगर हमारे पास याददाश्त होती, तो हम अपने आप को तेजी से परिष्कृत हथियारों से लैस करने के लिए, दसियों, सैकड़ों अरबों डॉलर खर्च नहीं करते।  स्टॉकहोम में एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र की गणना के अनुसार, बच्चों, महिलाओं, बूढ़ों को मारने वाले हथियारों के बाजार और यातायात को बढ़ाने के लिए प्रति वर्ष 1,981 बिलियन डॉलर खर्च किया जाता है और महामारी के दूसरे वर्ष में इसमें 2.6% की वृद्धि हुई है, जब कि हमारे सभी प्रयास वैश्विक स्वास्थ्य और वायरस से जीवन बचाने पर केंद्रित होना चाहिए था।

अगर हमारे पास स्मृति होती, तो हम जानते कि युद्ध, अग्रिम पंक्तियों तक पहुँचने से पहले, दिलों में रुक जाना चाहिए। इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, नफरत को दिलों से मिटा देना चाहिए और ऐसा करने के लिए, हमें संवाद, बातचीत, सुनने, कूटनीतिक क्षमता और रचनात्मकता, दूरदर्शी राजनीति की जरूरत है जो सह-अस्तित्व की एक नई प्रणाली का निर्माण करने में सक्षम हो, जो हथियारों, हथियारों की शक्ति, प्रतिरोध पर आधारित न हो।

हर युद्ध न केवल राजनीति की हार का प्रतिनिधित्व करता है बल्कि बुराई की ताकतों के सामने शर्मनाक आत्मसमर्पण भी करता है। द्वितीय विश्व युद्ध के प्रतीकात्मक शहर हिरोशिमा और नागासाकी के निवासियों को दो परमाणु बमों द्वारा मार दिया गया था,  वहाँ नवंबर 2019 में, मैंने दोहराया था कि युद्ध के प्रयोजनों के लिए परमाणु ऊर्जा का उपयोग आज पहले से कहीं अधिक है, यह न केवल मनुष्यों और उनकी गरिमा के खिलाफ, बल्कि हमारे आम घर के भविष्य की किसी भी संभावना के खिलाफ एक अपराध है। युद्ध के लिए परमाणु ऊर्जा का उपयोग अनैतिक है, जैसा कि परमाणु हथियारों का कब्जा अनैतिक है।

कौन सोच सकता था कि तीन साल से भी कम समय के बाद यूरोप पर परमाणु युद्ध की आशंका मंडरा रही होगी? और इसलिए कदम दर कदम हम तबाही की ओर बढ़ रहे हैं। टुकड़े-टुकड़े करके दुनिया एक अनोखे तीसरे विश्व युद्ध का रंगमंच बनने का जोखिम उठा रही है। हम उसकी ओर बढ़ रहे हैं जैसे कि यह अपरिहार्य हो। लेकिन हमें शक्ति के साथ दोहराना होगा: नहीं, यह अपरिहार्य नहीं है! नहीं, युद्ध अपरिहार्य नहीं है! जब हम युद्ध द्वारा प्रतिनिधित्व किए गए इस राक्षस द्वारा खुद को खा जाने की अनुमति देते हैं, जब हम इस राक्षस को अपना सिर उठाने और अपने कार्यों का मार्गदर्शन करने की अनुमति देते हैं, तो हर कोई हार जाता है, हम ईश्वर के जीवों को नष्ट कर देते हैं, हम अपवित्रीकरण करते हैं तथा अपने बच्चों और पोते-पोतियों के लिए मृत्यु का भविष्य तैयार करते हैं। लालच, असहिष्णुता, सत्ता के लिए महत्वाकांक्षा, हिंसा, ऐसे उद्देश्य हैं जो युद्ध के निर्णय को आगे बढ़ाते हैं और इन उद्देश्यों को अक्सर एक युद्ध विचारधारा द्वारा उचित ठहराया जाता है जो मानव जीवन की, प्रत्येक मानव जीवन की अथाह गरिमा और सम्मान और देखभाल को दरकिनार करता है।

यूक्रेन से हम तक पहुंचने वाली मौत की छवियों के सामने, आशा करना मुश्किल है। फिर भी आशा के संकेत हैं। ऐसे लाखों लोग हैं जो युद्ध की आकांक्षा नहीं रखते, जो युद्ध को उचित नहीं ठहराते, बल्कि शांति की कामना करते हैं। लाखों युवा हैं जो हमसे युद्ध रोकने के लिए, संभव और असंभव सब कुछ करने के लिए कह रहे हैं। युवा लोगों और बच्चों के बारे में सोचते हुए हमें एक साथ दोहराना चाहिए: कभी नही, फिर कभी युद्ध नहीं करना चाहिए। एक साथ हमें एक ऐसे विश्व के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए जो अधिक शांतिपूर्ण हो क्योंकि यह अधिक न्यायपूर्ण है, जहां शांति की जीत होती है, युद्ध की मूर्खता नहीं। न्याय, युद्ध का अन्याय नहीं, आपसी क्षमा, न कि वह नफरत जो हमें बांटती है और दूसरे में दुश्मन को देखती है, जो हमसे अलग हैं।

यहां मैं एक इतालवी पुरोहित धन्य तोनिनो बेल्लो,  पुलिया में मोल्फेटा-रुवो-जोविनाज़ो-टेरलिज़ी के धर्माध्यक्ष और शांति के एक अथक पैगंबर को उद्धृत करना चाहूंगा, जो यह दोहराना पसंद करते थे: संघर्ष और सभी युद्ध  चेहरों के लुप्त होने में उनकी जड़ पाते हैं" जब हम दूसरे का चेहरा मिटा देते हैं, तब हम हथियारों का शोर सुनते हैं। जब हम अपनी आंखों के सामने दूसरे को, उसके चेहरे के साथ-साथ उसके दर्द को भी रखते हैं, तो हम हिंसा को उसकी गरिमा को खराब करने की अनुमति नहीं देते हैं।

विश्वपत्र फ्रातेल्ली तुत्ती में, मैंने प्रस्ताव दिया कि हथियारों और अन्य सैन्य गतिविधियों पर खर्च किए गए धन का उपयोग सबसे गरीब देशों में भूख को खत्म करने और विकास को बढ़ावा देने के लिए एक वैश्विक कोष स्थापित करने के लिए किया जाए, ताकि उनके निवासी हिंसक या भ्रामक समाधानों का सहारा न लें और उन्हें अधिक सम्मानजनक जीवन की तलाश में अपने देशों को छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। मैं इस प्रस्ताव को आज फिर से नवीकृत करता हूँ, विशेष रूप से आज। क्योंकि युद्ध को रोकना होगा, क्योंकि युद्धों को रोकना होगा और उन्हें तभी रोका जाएगा जब हम उन्हें "ईंधन" देना बंद कर दें।

सोलफेरिनो और एलईवी द्वारा प्रकाशित संत पापा फ्राँसिस की "युद्ध के खिलाफ: शांति बनाने का साहस" पुस्तक, शुक्रवार, 29 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे रोम में लुमसा विश्वविद्यालय (जुबली शाला दी पोर्ता कस्टेलो 44) में प्रस्तुत की जाएगी। विश्वविद्यालय के रेक्टर फ्रांचेस्को बोनिनी के अभिवादन के बाद वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन और रोमानो प्रोडी अपना संदेश देंगे। कोरिएरे डेला सेरा के उप निदेशक फिओरेंजा सरजानिनी कार्यक्रम के मॉडरेटर हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

13 April 2022, 16:18