खोज

ब्राजील के पेट्रोपोलिस में बाढ़ और भूस्खलन ब्राजील के पेट्रोपोलिस में बाढ़ और भूस्खलन  

संत पापा ने ब्राजील के भूस्खलन पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की

संत पापा फ्राँसिस ने ब्राजील में पेट्रोपोलिस के धर्माध्यक्ष को एक तार भेजकर, बाढ़ और भूस्खलन से मारे गये लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और मृतकों के आत्मा की अनंत शांति के लिए प्रार्थना की। पेट्रोपोलिस के धर्माध्यक्ष और कारितास ने एकजुटता की अपील की है।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शनिवार 19 फरवरी 2022 (वाटिकन न्यूज) : रियो डी जनेरियो राज्य सरकार ने पेट्रोपोलिस शहर में घरों और कारों को बहा देने वाली बाढ़ और भूस्खलन से 117 लोगों की मौत की पुष्टि की है। कीचड़ में फंसे लोगों की संख्या स्पष्ट नहीं है। पुलिस का अनुमान है कि कम से कम 116 लोग अब भी लापता हैं। जीवित बचे लोग बचाव कार्य जारी रखे हुए हैं।

संत पापा फ्राँसिस ने शहर के धर्माध्यक्ष ग्रेगोरियो पैक्सो नेटो को टेलीग्राम भेजकर पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपना सामीप्य व्यक्त किया। संत पापा उन सभी लोगों के दुःख में सहभागी होते हैं जिन्होंने अपनों को खो दिया या अपने घर और सामान खो चुके हैं।

संत पापा की ओर से लिखते हुए, वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन कहते हैं कि संत पापा "दयालु पिता ईश्वर से मृतकों के अनंत विश्राम हेतु प्रार्थना करते हैं, साथ ही पीड़ितों के संबंधियों को इस दुख को सहन करने साहस मिले। संत पापा उन घायलें के शीघ्र स्वस्थ होने और ख्रीस्त की शांति और सांत्वना की कामना करते हैं। संत पापा इस दर्दनाक परीक्षा से प्रभावित सभी लोगों के लिए आशा" और पीड़ित लोगों के लिए अपना प्रेरितिक आशीर्वाद भेजते हैं।

मंगलवार को पेट्रोपोलिस बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आ गया था, जो दशकों में सबसे तीव्र तूफान से उत्पन्न हुआ था। वीडियो फुटेज में बसों को उफनती नदी में डूबते हुए दिखाया गया है, इसके यात्री खिड़कियों से बाहर चढ़ रहे हैं, सुरक्षा के लिए हाथ-पांव मार रहे हैं, कुछ को मूसलाधार पानी में गायब होते देखा जा सकता है।

एकजुटता की अपील

इस बीच, रियो डी जनेरियो के महाधर्मप्रांत ने कारितास के माध्यम से एक "एसओएस पेट्रोपोलिस" अभियान शुरू किया है, जिसमें बारिश से प्रभावित परिवारों के लिए दान मांगा गया है और पेट्रोपोलिस धर्मप्रांत की पल्लियों ने पीड़ितों की सहायता के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं।

एक वीडियो संदेश में, धर्माध्यक्ष ग्रेगोरियो पैक्सो नेटो ने अपील की है कि पल्ली पुरोहित और पल्लीवासी उन लोगों को अपने घरों में जगह दें, जिनके घर नष्ट हो गए हैं या क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

उन्होंने कहा, "यह क्षण एकजुटता का है, और हम काथलिक कलीसिया के सभी परिवारों के साथ गहराई से एकजुटता में है।"  उन्होंने रहने के लिए जगह की तलाश करने वाले रिश्तेदारों, दोस्तों और निराशा में रहने वालों का स्वागत करने के लिए विश्वासियों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा, "मेरे घर में पहले से ही मेरे साथ एक परिवार रहता है।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

19 February 2022, 15:02