खोज

डेविड सास्सोली से मुलाकात करते संत पापा फ्राँसिस डेविड सास्सोली से मुलाकात करते संत पापा फ्राँसिस 

डेविड सास्सोली के निधन पर पोप एवं यूरोप के लोगों की हार्दिक संवेदना

संत पापा फ्राँसिस ने यूरोपीय संघ के अध्यक्ष डेविड सास्सोली के निधन पर अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें एक ख्रीस्तीय एवं मानव मूल्य के व्यक्ति कहा है।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

इटली, मंगलवार, 11 जनवरी 2022 (रेई)- डेविड सास्सोली के निधन की सूचना उनके प्रवक्ता रोबेरतो क्वीलो ने एक ट्वीट के माध्यम से दी।

प्रवक्ता ने सोमवार को जानकारी दी थी कि सस्सोली 26 दिसम्बर से अस्पताल में भर्ती है क्योंकि उनकी प्रतिरक्षा प्रणाली की खराबी के कारण एक गंभीर जटिलता उत्पन्न हो गई है तथा कार्यालय की सभी गतिविधियाँ रद्द कर दी गयी हैं।  

संत पापा की संवेदना

संत पापा फ्राँसिस ने यूरोपीय संसद के अध्यक्ष डेविड सास्सोली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी पत्नी अलेसांद्रा वित्तोरिनी के प्रति अपना आध्यात्मिक सामीप्य व्यक्त किया। उन्होंने उनकी पत्नी एवं बच्चे लिविया एवं जुलियो को दुःख की इस घड़ी में अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।  

वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन ने पोप फ्राँसिस की ओर से एक तार संदेश में लिखा कि पोप "उन्हें एक ऐसे विश्वासी के रूप में याद करते हैं जो आशा एवं उदारता से प्रेरित थे, एक सक्षम पत्रकार थे एवं अत्यन्त सम्मानित व्यक्ति थे, जिन्होंने शांत एवं सम्मानपूर्ण तरीके से, सार्वजनिक जिम्मेदारियों में, धार्मिकता और उदार प्रतिबद्धता के साथ सार्वजनिक भलाई के लिए खुद को समर्पित किया। उन्होंने उत्साह के साथ यूरोपीय समुदाय की एकता को बढ़ावा दिया एवं खुद को निम्न लोगों के लिए विशेष देखभाल हेतु प्रतिबद्ध किया।"

कार्डिनल ने लिखा कि संत पापा उनकी आत्मा की अनन्त शांति के लिए प्रार्थना करते हैं तथा उनके निधन पर शोकित प्रियजनों के लिए सांत्वना की याचना करते हैं। वे उनके परिवारवालों को अपना प्रेरितिक आशीर्वाद देते हैं।  

निधन पर राष्ट्रपति सेरजो मत्तारेल्ला दुःखी

इटली के राष्ट्रपति सेरजो मत्तारेल्ला ने डेविड सास्सोली के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए संदेश में लिखा है कि "डेविड सास्सोली की आकस्मिक और असमय मृत्यु से मुझे अत्यधिक दु:ख हो रहा है। उनकी मृत्यु ने उन लोगों की पंक्ति में एक रिक्त स्थान खोल दिया है जो नागरिकों की सेवा पर विश्वास करते एवं शांति के यूरोप का निर्माण करते हैं..."

उन्होंने कहा है कि सास्सोली के स्पष्ट, लगातार, उत्साही प्रतिबद्धता ने स्ट्रासबर्ग विधानसभा को एक बहुत ही नाजुक चरण में राजनीतिक बहस का नायक बनने में योगदान दिया, जिससे यूरोपीय नागरिकों की अपेक्षाओं को आवाज दी गई। सास्सोली, यूरोप के अन्य नेताओं के साथ, यूरोप के भविष्य के लिए उसे एक निर्णायक मोड़ पर ला सकते थे।

डेविड सास्सोली

उत्साही राजनीतिज्ञ, वफादार एवं दृढ़ नेता होने के कारण, डेविड सास्सोली अपनी संस्कृति के द्वारा लोगों एवं संस्थाओं की सेवा में राजनीतिक पहल को सुदृढ़ कर सकते थे। वे वार्ता के व्यक्ति थे। उन्होंने सार्वजनिक भलाई की तलाश में, अपने वार्ताकारों के साथ तुलना को अपने संबंधों की कुँजी बनाया। इस गुण को वे पत्रकारिता के माध्यम से भी अच्छी तरह व्यक्त करना जानते थे।

पूर्व टेलीविजन समाचार वाचक (न्यूज़ रीडर) सास्सोली जुलाई 2019 में यूरोपीय संसद के अध्यक्ष चुने गये थे। सार्वभौमिक मताधिकार द्वारा यूरोपीय विधानसभा के अध्यक्ष चुने जाने वाले वे दूसरे इताली थे।

इस भूमिका को विधानसभा के शीर्ष पदों में से एक माना जाता है, और इसमें सत्र की अध्यक्षता करना एवं संसद की गतिविधियों की देखरेख करना शामिल है।

उन्होंने इस पद के लिए तीन अन्य उम्मीदवारों को हराया था, और अपनी जीत के बाद एक भाषण में, यूरोपीय संघ को अपने संस्थापक पिता की भावना पर लौटने का आह्वान किया था, जिन्होंने युद्ध और राष्ट्रवाद को शांति और समानता में बदल दिया था।

सास्सोली ने तीन दशकों तक पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य किया था तथा 2009 में यूरोपीय संसद के सदस्य बन गये थे।

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने श्री सास्सोली को "ईमानदार और उत्साही यूरोपीय" बताया है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

11 January 2022, 16:04