खोज

कोढ़ी व्यक्ति को येसु चंगा करते हैं कोढ़ी व्यक्ति को येसु चंगा करते हैं 

संत पापा ने विश्व कोढ़ दिवस की याद की

देवदूत प्रार्थना के उपरांत संत पापा ने विभिन्न घटनाओं की याद की। उन्होंने खासकर कोढ़ से ग्रसित लोगों की याद की एवं उनके प्रति अपना सामीप्य व्यक्त किया।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

उन्होंने विश्व कोढ़ दिवस की याद करते हुए कहा, "आज कोढ़ रोग से ग्रसित लोगों के लिए विश्व दिवस है। मैं इस रोग से ग्रसित लोगों के प्रति अपना सामीप्य व्यक्त करता हूँ और आशा करता हूँ कि उन्हें आध्यात्मिक सहायता एवं स्वास्थ्य देखभाल की कमी न हो। भेदभाव से ऊपर उठकर हमें ऐसे लोगों के पूर्ण एकीकरण के लिए एक साथ कार्य करना चाहिए। दुर्भाग्य से, अब भी यह बहुतों को प्रभावित कर रहा है खासकर, अधिक वंचित समाज की पृष्टभूमि में।"  

नये साल की शुभकामनाएँ

तत्पश्चात् संत पापा ने चांद कैलेंडर के अनुसार 1 फरवरी को नया साल मनानेवालों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा, "इस अवसर पर मैं अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ व्यक्त करता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि इस नये साल में सभी लोग शांति, सुस्वस्थ तथा शांत एवं सुरक्षित जीवन का आनन्द ले सकेंगे। यह कितना सुन्दर होता है जब परिवार एक साथ मिलने तथा प्रेम एवं आनन्द का अनुभव करने का अवसर पाते हैं। दुर्भाग्य से, कई परिवार महामारी के कारण इस साल एक साथ नहीं आ पायेंगे। मैं आशा करता हूँ कि हम जल्द ही इस कष्ट की घड़ी को पार कर पायेंगे।" संत पापा ने कामना की कि प्रत्येक व्यक्ति की सद्इच्छा एवं एकात्मता से पूरा मानव परिवार अपने भौतिक एवं आध्यात्मिक समृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त कर पायेगा।

संत जॉन बॉस्को

उसके बाद संत पापा ने संत जॉन बॉस्को के पर्व की याद दिलायी, जिसको 31 जनवरी को मनाया जाता है। संत पापा ने सलेशियन परिवार के सभी पुरोहितों एवं धर्मबहनों का अभिवादन किया तथा कलीसिया में उनके योगदान की सराहना की। संत जॉन बॉस्को का आदर्श प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा, "आइये हम इस महान संत की याद करें, जो युवाओं के पिता और गुरू हैं। उन्होंने साक्रेस्टी में अपने आप को बंद नहीं रखा, न ही अपनी चीजों में बंद रहे। वे युवाओं की खोज में सड़कों पर गये। यह रचनात्मकता उनकी कसौती थी।" संत पापा ने सभी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएँ अर्पित की।

उसके बाद उन्होंने रोम तथा विश्व के विभिन्न हिस्सों से आये तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों का अभिवादन किया।

अंत में, उन्होंने सभी को शुभ रविवार की मंगलकामनाएँ अर्पित की।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

30 January 2022, 17:16