खोज

स्वर्ग की रानी मरियम गिरजाघर में निर्धनों से मुलाकात,  असीसी, इटली 12.11. 2021 स्वर्ग की रानी मरियम गिरजाघर में निर्धनों से मुलाकात, असीसी, इटली 12.11. 2021 

असीसी में सन्त पापा ने यूरोप के 500 निर्धनों से की मुलाकात

इटली के असीसी नगर की यात्रा कर सन्त पापा फ्राँसिस ने शुक्रवार को समस्त यूरोप से आये 500 निर्धनों से मुलाकात कर उनके साथ प्रार्थना की, उन्हें अपना सन्देश दिया, छः प्रतिनिधियों के साक्ष्य सुनें, तथा निर्धनों के साथ जलपान किया।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर -वाटिकन सिटी

असीसी, शुक्रवार, 12 नवम्बर 2021 (रेई, वाटिकन रेडियो): इटली के असीसी नगर की यात्रा कर सन्त पापा फ्राँसिस ने शुक्रवार को समस्त यूरोप से आये 500 निर्धनों से मुलाकात कर उनके साथ प्रार्थना की, उन्हें अपना सन्देश दिया, छः प्रतिनिधियों के साक्ष्य सुनें, तथा निर्धनों के साथ जलपान किया।

असीसी में पाँचवी बार

सन् 2013 में काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष पद पर नियुक्त होने के बाद से असीसी नगर में यह सन्त पापा फ्राँसिस की पाँचवी तीर्थयात्रा है। असीसी के काथलिक महाधर्माध्यक्ष दोमेनिको सोर्रेन्तीनो ने सन्त पापा की इस यात्रा को ग़रीबों के पक्ष में काथलिक कलीसिया की सेवा का अनुस्मारक निरूपित किया है। 10 नवम्बर को एक वकतव्य प्रकाशित कर महाधर्माध्यक्ष सोर्रेन्तीनो ने कहा था, "बेहद खुशी के साथ, हम सन्त पापा फ्रांसिस की यात्रा की तैयारी कर रहे हैं, जो पांचवीं बार असीसी आ रहे हैं और हमें याद दिलाते हैं कि ग़रीब हमारे जीवन का हिस्सा हैं तथा जिन्हें हमारे दिल का हिस्सा होना चाहिए।"

शुक्रवार को सन्त पापा फ्राँसिस की असीसी तीर्थयात्रा स्वर्गदूतों की रानी मरियम को समर्पित पोरशुन्कला के गिरजाघर से शुरु हुई। इसी स्थल पर असीसी के सन्त फ्रांसिस ने अपने धर्मसमाज की स्थापना की थी तथा यहीं पर अपना जीवन व्यतीत किया था।

स्वर्गदूतों की रानी मरियम को समर्पित गिरजाघर में सन्त पापा ने निर्धनता में जीवन यापन करनेवाले फ्राँस, पोलैण्ड, स्पेन तथा इटली के छः व्यक्तियों तथा अफ़गानिस्तान के दो शरणार्थियों के साक्ष्य सुनें जिन्होंने अफ़गानिस्तान में तालिबान शासन के चलते दूभर हुई ज़िन्दगी की दासताएँ बयान की।    

विश्व निर्धनता दिवस

रविवार 14 नवम्बर को काथलिक कलीसिया द्वारा घोषित विश्व निर्धनता दिवस मनाया जा रहा है, इसी के उपलक्ष्य में सन्त पापा ने असीसी में यूरोप के निर्धनों से मुलाकात का निर्णय लिया था। सन्त पापा फ्राँसिस ने 2016 में करुणा को समर्पित वर्ष के समापन पर विश्व निर्धनता दिवस की स्थापना की थी ताकि ज़रूरतमन्दों की प्राथमिक आवश्यकताओं पर लोगों का  ध्यान आकर्षित कराया जा सके।     

इस वर्ष, विश्व निर्धनता दिवस का विषय सन्त मरकुस रचित सुसमाचार से लिया गया है। येसु मसीह कहते हैं, "गरीब तुम्हारे पास हमेशा रहेंगे।"  अपने सन्देश में सन्त पापा फ्राँसिस ने, कोरोनोवायरस महामारी की पृष्ठभूमि में,  निर्धनों को खारिज करने की बढ़ती प्रवृत्ति की कड़ी निन्दा की है। उन्होंने कहा, "एक ऐसी धारणा नित्य बढ़ती प्रतीत होती है कि ग़रीब न केवल अपनी स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं, बल्कि यह कि वे, कुछ विशेषाधिकार प्राप्त समूहों के हितों पर केंद्रित, आर्थिक प्रणाली के लिए एक असहनीय बोझ का प्रतिनिधित्व करते हैं।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

12 November 2021, 11:42