खोज

इथोपिया में संघर्ष के कारण पलायन करते लोग इथोपिया में संघर्ष के कारण पलायन करते लोग 

पोप ने इथोपिया और सियेरा लियोन के लिए प्रार्थना की

देवदूत प्रार्थना के उपरांत संत पापा ने विभिन्न घटनाओं की याद की और उनके लिए प्रार्थना की।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

उन्होंने इथोपिया की याद करते हुए कहा, "मैं अफ्रीका से आने वाली खबरों से चिंतित हूँ खासकर, इथोपिया के लिए जो एक साल से चल रहे तनाव से हिल गया है, जिसने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है और गंभीर मानवीय संकट उत्पन्न किया है।" विश्वासियों को सम्बोधित करते संत पापा ने कहा, "मैं आप सभी से अपील करता हूँ कि उन लोगों के लिए प्रार्थना करें जो गंभीर परीक्षा का सामना कर रहे हैं और अपनी अपील दोहराता हूँ कि भाईचारापूर्ण सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वार्ता की जीत हो।"

संत पापा ने सियेरा लेओन की राजधानी फ्रीटाउन में ईंधन के विस्फोट के शिकार लोगों के लिए भी प्रार्थना की।

तीन नये धन्य

तत्पश्चात् उन्होंने स्पेन के मनरेसा में विश्वास के तीन शहीदों की शनिवार को धन्य घोषणा की याद की। वे कपुचिन फ्रायर माईनर ऑर्डर के सदस्य थे। उनके नाम हैं- संता कोलोमा दी ग्रामेनेट की बेनेट, बर्सेलोना के जोसेप ओरियोल और रियूदेबितल्लास के दोमिनिक दी संत पियेर। वे स्पेन में धार्मिक अत्याचार के दौरान मार डाले गये थे और ख्रीस्त के विनम्र और साहसी साक्षी होने का प्रमाण दिया था। उनका उदाहरण आज के ख्रीस्तियों को मदद दे कि वे अपनी बुलाहट में, परीक्षा की घड़ी में भी विश्वस्त बने रह सकें। तब संत पापा ने ताली बजाकर नये धन्यों को सम्मानित किया।

इसके बाद संत पापा ने रोम के विश्वासियों एवं विभिन्न देशों से आये तीर्थयात्रियों का अभिवादन किया, खासकर, उन्होंने अमरीका और पुर्तगाल के लोगों की याद की।

तब अंत में, अपने लिए प्रार्थना का आग्रह करते हुए सभी को शुभ रविवार की मंगलकामनाएँ अर्पित की।      

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

07 November 2021, 16:16