धर्माध्यक्ष तेलेस्फोर बिलुंग जमशेदपुर के नये धर्माध्यक्ष नियुक्त
माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
जमशेदपुर, सोमवार 1 नवम्बर 2021 (रेई) : संत पापा फ्राँसिस ने सोमवार 1 नवम्बर को रांची के सहायक धर्माध्यक्ष तेलेस्फोर बिलुंग एस.वी.डी. को जमशेदपुर धर्मप्रांत का नया धर्माध्यक्ष नियुक्त किया। वर्तमान में वे जमशेदपुर धर्मप्रांत के प्रेरितिक प्रशासक के रुप में अपनी सेवा प्रदान कर रहे हैं।
संक्षिप्त जीवनी
धर्माध्यक्ष तेलेस्फोर बिलुंग का जन्म 15 अप्रैल 1961 में राऊरकेला धर्मप्रांत के गायबीरा पल्ली में हुआ था। उन्होंने 1979 में दिव्य वचन के धर्मसमाज (सोसाईटी ऑफ डिवाईन वॉर्ड) में प्रवेश किया। उन्होंने दर्शनशास्त्र एवं ईशशास्त्र की पढ़ाई ज्ञानदीप विद्यापीठ पुणे से पूरी की तथा 2 मई 1992 को उनका पुरोहिताभिषेक हुआ।
उन्होंने सम्बलपुर के माईनर सेमिनरी ज्योति भवन एवं राऊरकेला के माईनर सेमिनरी विद्या ज्योति लुंगाई में रेक्टर एवं उपप्रचार्य का कार्यभार संभाला। एक पुरोहित के रूप मे उन्होंने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न पल्लियों में अपनी सेवाएँ दीं। 2011 में वे एस डी वी सोसाईटी के प्रोविंशल सुपीरियर चुने गये। 2014 में वे पुनः भारत पूर्वी क्षेत्र के प्रोविंशल बने।
6 मई 2014 को वे संत पापा फ्राँसिस द्वारा राँची महाधर्मप्रांत के सहायक धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये। उनका धर्माध्यक्षीय पावन अभिषेक 30 अगस्त 2014 को सम्पन्न हुआ। वे 27 वर्षों तक पुरोहित रहे हैं एवं 7 वर्षों तक धर्माध्यक्ष के रूप में सेवाएँ दी हैं।
जमशेदपुर धर्मप्रांत, 2018 में महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो येसु समाजी के राँची के महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किये जाने के बाद से ही रिक्त था। 20 जून 2019 को संत पापा फ्राँसिस ने राँची महाधर्मप्रांत के सहायक धर्माध्यक्ष माननीय तेलेस्फोर बिलुंग को जमशेदपुर धर्मप्रांत का प्रेरितिक प्रशासक नियुक्त किया, तभी से वे जमशेदपुर कलीसिया की अगुवाई में समर्पित हैं।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here