खोज

मोजाम्बिक के शरणार्थी मोजाम्बिक के शरणार्थी 

एसीएन द्वारा अफ्रीकी विस्थापितों के लिए परियोजनाएं

दुनिया भर में सताए गए ख्रीस्तियों का समर्थन करने वाले संगठन ने विस्थापित ख्रीस्तियों के लिए दो नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। वे मोजाम्बिक में काबो डेलगाडो प्रांत और नाइजीरिया के बोर्नो राज्य के विस्थापितों की मदद करेंगे।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

इटली, शनिवार 6 नवम्बर 2021 (वाटिकन न्यूज) : काथलिक उदार संगठन,एड टू द चर्च इन नीड (एसीएन), नाइजीरिया और मोजाम्बिक में इस्लामिक मिलिशिया से भाग रहे ख्रीस्तीय समुदायों की मदद करने के लिए दो नई स्वीकृत परियोजनाएं शुरू करेगी। पिछले वर्षों में, कई अफ्रीकी देशों में स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय जिहादी समूहों के हमलों ने हजारों लोगों को अपने घरों और आजीविका को छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया है, जिससे बड़े मानवीय संकट पैदा हो गए हैं। इनमें मोजाम्बिक और नाइजीरिया हिंसा से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

काबो डेलगाडो में संघर्ष

2020 के बाद से उत्तरी मोज़ाम्बिक प्रांत के काबो डेलगाडो में इस्लामी विद्रोहियों द्वारा तथाकथित इस्लामिक स्टेट से जुड़े हमलों में वृद्धि देखी गई है, जो राज्य के अधिकारियों, सैन्य, पुलिस बलों और ईसाई एवं मुस्लिम नागरिक  दोनों को लक्षित कर रहे हैं। इन हमलों में से दो-तिहाई हमले नागरिकों के खिलाफ किए गए हैं। 2017 में जब विद्रोह शुरू हुआ, इसके बाद से अनुमानित 730,000 लोग विस्थापित हुए है।

नाइजीरिया में बोको हराम

इसी तरह, नाइजीरिया में दस वर्षों से अधिक समय से बोको हराम इस्लामिक मिलिशिया द्वारा धार्मिक और जातीय हिंसा, आतंकवादी हमले और अपहरण किये जा रहे हैं। 2014 में हिंसा में नाटकीय रूप से वृद्धि हुई, जिसमें 10,000 से अधिक लोग मारे गए। हाल ही में इस्लामिक स्टेट के प्रति निष्ठा की प्रतिज्ञा करने वाले आतंकवादी समूह ने अपने क्षेत्रों का अत्यधिक विस्तार किया है।

दो परियोजना

इस संदर्भ में, एसीएन दो अफ्रीकी देशों में इस्लामी हिंसा से भागे काथलिकों की मदद के लिए दो नई परियोजनाओं को शुरु कर रहा है। परियोजनाओं में 25 से अधिक राहत पहल शामिल हैं, जो 2020 में 1.7 मिलियन यूरो से अधिक की कुल राशि के लिए प्रायोजित हैं। पहली परियोजना पुल्का में संत पॉल पल्ली के लिए है, जो नाइजीरिया के बोर्नो राज्य में मैदुगुरी शहर से भागने वाले कई ख्रीस्तीयों को शरण देता है। इस्लामिक मिलिशिया के हमले यहां बारंबार होते हैं और पल्ली को शरणार्थियों के लिए पीने के पानी की आवश्यकता होती है। एसीएन का इतालवी कार्यालय सौर पैनलों द्वारा संचालित एक पंप सहित एक कुआं बनाने के लिए धन एकत्र कर रहा है। दूसरी परियोजना मोज़ाम्बिक के क्यूलिमेन धर्मप्रांत के लिए है, जो काबो डेलगाडो से आये शरणार्थियों की मदद कर रही है। जुटाई गई धनराशि क्षेत्र में रहने वाले 500 विस्थापित परिवारों के लिए उनके राहत प्रयासों का समर्थन करेगी।

हिंसाः बढ़ती गरीबी का कारण

दो परियोजनाओं पर टिप्पणी करते हुए, एसीएन इतालवी कार्यालय के निदेशक, अलेसांड्रो मोंतेदूरो ने कहा कि पीड़ितों के अलावा, जिहादी हिंसा बुनियादी ढांचे को भी नष्ट कर देती है और इसके परिणामस्वरूप आजीविका का नुकसान होता है और किसानों को जबरन विस्थापित होना पड़ता है जो अपनी फसल नहीं काट सकते हैं। उन्होंने जोखिम की भी चेतावनी दी कि कुछ निराश युवा अत्यधिक गरीबी और चरमपंथी प्रचार द्वारा जिहादी मिलिशिया के दल में शामिल हो सकते हैं।

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

06 November 2021, 15:44