खोज

वाटिकन में सेवारत इटली के पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करते संत पापा फ्राँसिस वाटिकन में सेवारत इटली के पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करते संत पापा फ्राँसिस 

संत पापा ने इतालवी पुलिस सेवा की सराहना की

संत पापा फ्राँसिस ने शनिवार 8 फरवरी को वाटिकन में इटली के सार्वजनिक सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात की तथा उन्हें धन्यवाद देते हुए विश्वास, आशा और उदारता से प्रेरित होने का प्रोत्साहन दिया।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शनिवार, 8 फरवरी 2020 (रेई)˸ परम्परा के अनुसार वाटिकन में सेवारत इटली के पुलिस अधिकारी साल के आरम्भ में संत पापा से मुलाकात करते हैं।

विवेकशील उपस्थिति

क्लेमेंटीन सभागार में मुलाकात करते हुए संत पापा ने उनकी सेवाओं के लिए उन्हें अपनी कृतज्ञता व्यक्त की तथा नये साल 2020 के लिए शुभकामनाएँ अर्पित की।  

सार्वजनिक सुरक्षा बल के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए संत पापा ने कहा, "परमधर्मपीठ एवं वाटिकन सिटी में आपकी सेवा का एक विशेष अर्थ और महत्व है। हर दिन तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों को संभालना आसान नहीं है जो संत पेत्रुस महागिरजाघर एवं वाटिकन संग्रहालय का दर्शन करने अथवा पोप से मिलने आते हैं। मिश्रित परिस्थितियों  में आपको, उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ-साथ, वाटिकन में तथा काथलिक विश्वास के पवित्र स्थलों में, शांति और सार्वजनिक सुव्यवस्था बनाये रखने के अनिवार्य नियमों का ध्यान रखना पड़ता है। आपका कार्य रोम एवं इटली में मेरी प्रेरितिक यात्रा के दौरान भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है।" संत पापा ने उनकी चौकसी तथा प्रभावी रूप से विवेकशील उपस्थिति के लिए उनकी सराहना की।

परमधर्मपीठ के प्रति सच्चा प्रेम

उन्होंने कहा कि उनका कार्य अपनी क्षमता एवं व्यावसायिकता के साथ, परमधर्मपीठ के प्रति सच्चे प्रेम एवं निष्ठापूर्ण संबंध को दर्शाता है। उनकी हर प्रकार की सेवाओं के लिए अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए संत पापा ने उनकी दैनिक सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वाटिकन पुलिस के साथ सहयोग उनके कार्य को अधिक प्रभावशाली एवं सराहनीय बनाता है।

संत पापा ने नये साल की शुभकामनाएँ देते हुए उनके लिए धन्य कुँवारी मरियम की मध्यस्थता द्वारा प्रार्थना की एवं उनके जीवन, विचारों, संकल्पों और आकांक्षाओं पर ईश्वर के आशीष की कामना की।   

उन्होंने उम्मीद जतायी कि उनका दैनिक समर्पण, जो कई बार खतरे से खाली नहीं होता, वह हमेशा विश्वास, आशा एवं उदारता की प्रेरणा से प्रेरित हो। एक ऐसी प्रेरणा जो विनम्र, सरल किन्तु सच्चा है।  

अंततः संत पापा ने सभी पर समृद्धि, सौहार्द और प्रभु की शांति की कामना की तथा उन्हें अपना प्रेरितिक आशीर्वाद दिया।  

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

08 February 2020, 14:22