खोज

मैसिस शहर का दृश्य मैसिस शहर का दृश्य 

डर और आशा के बीच आर्मेनिया में क्रिसमस समारोह

लेसर काकेशस पर्वत श्रृंखला के मध्य में, आर्मेनिया एक चुनौतीपूर्ण वर्ष के बुझते अंगारों के बीच क्रिसमस का मौसम मना रहा है। तुर्की सीमा के पास ग्युम्री में निष्कलंक गर्भाधान की धर्मसमाज की अर्मेनियाई धर्मबहनें युद्ध से विस्थापित बच्चों को आराम दिलाने के लिए जी तोड़ प्रयासरत हैं।

वाटिकन न्यूज

आर्मेनिया, ग्युम्री, शुक्रवार 29 दिसंबर 2023 : आर्मेनिया में क्रिसमस उत्सव काथलिक कलीसिया के लिए 25 दिसंबर से अर्मेनियाई प्रेरितिक कलीसिया के लिए 6 जनवरी तक चलता है। संत पापा फ्राँसिस ने 25 दिसंबर को अपने ‘उर्बी एत ओरबी’ आशीर्वाद के दौरान नागोर्नो कराबाख में युद्ध से विस्थापित लोगों की पीड़ा को याद किया और शांति और भाईचारे की प्रार्थना की: "अर्मेनिया और अज़रबैजान के बीच निश्चित शांति का दिन निकट आ सकता है। यह मानवतावादी पहलों, शरणार्थियों की वैधता और सुरक्षा के साथ उनके घरों में वापसी और प्रत्येक समुदाय के धार्मिक परंपराओं और पूजा स्थलों के लिए पारस्परिक सम्मान को आगे बढ़ाया जा सकता है।"

यह संदेश दुनिया के पहले ख्रीस्तीय राज्य आर्मेनिया के अस्तित्व के लिए एक अंतर्निहित रोडमैप के रूप में कार्य करता है, जो एक और चुनौतीपूर्ण वर्ष के अंत में क्रिसमस समारोह मना रहा है।

दशकों से नागोर्नो-काराबाख क्षेत्र पर क्षेत्रीय संघर्ष में लगे हुए, अजरबैजान और आर्मेनिया ने कई युद्ध लड़े हैं, एक 1988 और 1994 के बीच और दूसरा 2020 के अंत में। सितंबर 2023 में, अजरबैजान द्वारा शुरू किए गए एक तेज हमले के बाद, क्षेत्र आधिकारिक तौर पर बाकू के नियंत्रण में लौट आया। 24 घंटे के इस सैन्य अभियान के बाद, बाकू अधिकारियों ने कई अलगाववादी प्रतिनिधियों को भी गिरफ्तार कर लिया और नागोर्नो-काराबाख की लगभग पूरी आबादी, 120,000 पंजीकृत नागरिकों में से 100,000 से अधिक, आर्मेनिया भाग गए।

अनाथालय में समारोह

ग्युम्री, देश का दूसरा सबसे बड़ा शहर, तुर्की के साथ आर्मेनिया की उत्तर-पश्चिमी सीमा के करीब स्थित है। यह वह जगह है जहां निष्कलंक गर्भाधान की धर्मसमाज की तीन अर्मेनियाई धर्मबहनें एक अनाथालय चलाती हैं जहां करीब तीस बच्चे रहते हैं। क्रिसमस का समारोह अनाथालय के युवाओं के लिए कुछ राहत लाने का एक अवसर है, जिनमें से कई नागोर्नो कराबाख से आते हैं।

सिस्टर नारीन ने वाटिकन रेडियो से बात करते हुए कहा, "हम येसु के जन्म का दृश्य याने चरनी बनाते हैं, भोजन का आयोजन करते हैं, पार्टियों का आयोजन करते हैं; यह एक समारोह है।" 

उन्होंने बताया कि बच्चे अक्सर क्रिसमस दो बार मनाते हैं: 25 दिसंबर और 6 जनवरी को। "इससे परिवारों को कोई समस्या नहीं होती है," सिस्टर नारीन ने विभिन्न धार्मिक संस्कारों के बीच एक उत्कृष्ट रिश्ते और समझ पर प्रकाश डालते हुए कहा।

उन्होंने अफसोस जताया, "हमें आर्मेनिया में एक और युद्ध का डर है; हम शांति से रहने के आदी नहीं हैं।"

उन्होंने आगे कहा अनाथालय में विस्थापित बच्चों को मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान की जाती है क्योंकि ग्युम्री में, भले ही यह नागोर्नो कराबाख से भौगोलिक रूप से दूर है, युद्ध सर्वव्यापी है।

उन्होंने कहा, "हम शहर में सैनिकों और नागोर्नो कराबाख के परिवारों को देख सकते हैं। हमारी इच्छा है कि ये बच्चे इस युद्ध को भूल जाएं, लेकिन यह आसान नहीं है।"

2024 के लिए उम्मीदें

सितंबर में हार के बाद, नागोर्नो कराबाख के अर्मेनियाई अलगाववादी अधिकारी 1 जनवरी, 2024 को भंग करने पर सहमत हुए। एक हालिया विकास में, 22 दिसंबर को, अर्मेनियाई अलगाववादियों के नेता ने घोषणा की कि अलगाववादी संस्थानों को भंग करने का आदेश देने वाला उनका पिछला आदेश वैध नहीं था।

येरेवन और बाकू द्वारा अपने संबंधों को "सामान्य" करने के वादे जैसे कुछ सकारात्मक संकेतों के बावजूद, पर्यवेक्षक दोनों पड़ोसियों के बीच शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने को लेकर संशय में हैं।

ग्युम्री में बच्चों के साथ, सिस्टर नारीन की 2024 के लिए केवल एक ही इच्छा है: "सबसे बढ़कर, हम शांति चाहते हैं। हर कोई शांति चाहता है। हम प्रार्थना करते हैं।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

29 December 2023, 15:57