खोज

विश्व युवा दिवस 2023 के दौरान फातिम में माता मरियम से प्रार्थना करते विश्वासी विश्व युवा दिवस 2023 के दौरान फातिम में माता मरियम से प्रार्थना करते विश्वासी 

वैश्विक काथलिक जनसंख्या में बृद्धि पर पुरोहितों, धर्मसमाजियों की संख्या में गिरावट

97वें विश्व मिशन रविवार से पूर्व, फिदेस समाचार एजेंसी ने आँकड़े प्रकाशित किए हैं जो पूरी दुनिया में मौजूद मिशनरी कलीसिया का एक परिप्रेक्ष्य प्रस्तुत करता है।

वाटिकन न्यूज 

वाटिकन सिटी, शनिवार, 21 अक्टूबर 2023 (रेई) : हर साल की तरह, इस साल 22 अक्टूबर को होनेवाले विश्व मिशन रविवार को ध्यान में रखते हुए, वाटिकन की फिदेस समाचार एजेंसी ने एक रिपोर्ट जारी की है जो दुनियाभर में सार्वभौमिक कलीसिया के आंकड़ों का एक विस्तृत परिदृश्य पेश करती है।

रिपोर्ट में 31 दिसंबर 2021 की संख्या की तुलना इससे पहले वर्ष 31 दिसंबर 2020 की संख्या से की गई है।

जिसके अनुसार दुनिया में 1.375 बिलियन काथलिक हैं, जो 2020 के अंत की तुलना में काथलिकों की संख्या में 16.24 मिलियन वृद्धि दर्शाता है।

यह वृद्धि यूरोप को छोड़कर सभी महाद्वीपों को प्रभावित करती है। पहले की तरह, सबसे अधिक वृद्धि अफ्रीका और अमेरिका में दर्ज की गई। काथलिकों का वैश्विक प्रतिशत थोड़ा कम होकर 17.67% हो गया।

धर्माध्यक्षों, पुरोहितों, धर्मसमाजियो की संख्या में गिरावट

धर्माध्यक्षों एवं पुरोहितों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। कुल 5,340 धर्माध्यक्ष हैं जिनमें से अधिकतर धर्मप्रांतीय धर्माध्यक्ष हैं, धर्मसमाजी धर्माध्यक्षों की संख्या भी कम हो रही है।

विश्व में पुरोहितों की कुल संख्या घटकर लगभग 407,872 हो गई है, जिसमें 2,347 पुरोहित कम हो गये हैं।

जिस महाद्वीप में सबसे बड़ी कमी दर्ज की गई वह है यूरोप, जहाँ 3,632 पुरोहित कम हुए हैं। अफ्रीका और एशिया में वृद्धि दर्ज की गई (क्रमशः1,518 और 719)।

धर्मप्रांतीय पुरोहितों की संख्या 911 कम हुई है, जबकि धर्मसमाजी पुरोहितों की संख्या 1,400 घटी है।

जैसे-जैसे दुनियाभर में पुरोहितों की संख्या घट रही है काथलिकों की संख्या में वृद्धि हुई है, इसलिए औसतन दुनिया में प्रत्येक पुरोहित के लिए 3,373 कैथोलिक हैं, प्रति पुरोहित 59 लोगों की वृद्धि।

हालांकि, दुनिया भर में स्थायी उपयाजकों की संख्या 49,176 तक बढ़ी है।

धर्मबहनों के संबंध में, कुल 10,588 धर्मबहनों की कमी हुई है। इसमें भी यूरोप में धर्मबहनों की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है (7,804 कम धर्मबहनें)।

काथलिक स्कूल एवं अन्य सेवाएँ

शिक्षा के क्षेत्र में, काथलिक कलीसिया 7.565 मिलियन विद्यार्थियों के साथ 74,368 से अधिक किंडरगार्डन, साथ ही 34.7 मिलियन विद्यार्थियों के साथ 1,00,939 प्राथमिक विद्यालय और 19.48 मिलियन विद्यार्थियों के साथ 49,868 माध्यमिक विद्यालय चलाती है।

कलीसिया द्वारा दुनिया भर में चलाए जा रहे चैरिटी और स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों में बुजुर्गों, लंबे समय से बीमार या विकलांग लोगों के लिए 5,405 अस्पताल और 15,276 आश्रम शामिल हैं।

अनाथालयों की कुल संख्या 9,703 है जिनमें से अधिकांश एशिया में हैं। (3,230)

कुल 10,567 शिशु गृह, 10,604 शादी परामर्श केंद्र, 3,287 सामाजिक पुनर्वास केंद्र और 35,529 अन्य प्रकार के संस्थान भी हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

21 October 2023, 17:02