खोज

2023.07.24 रांची में मणिपुर में पीड़ित लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए मानव श्रंखला 2023.07.24 रांची में मणिपुर में पीड़ित लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए मानव श्रंखला 

मणिपुर में हो रहे हिंसा, अत्यचार पर विरोध जुलूस व प्रार्थना सभा का आयोजन

मणिपुर में महिलाओं से हुई बर्बरता को लेकर भारत के कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन जारी है। झारखंड में कई संगठनों ने मानव श्रृंखला बनाकर किया विरोध प्रदर्शन किया।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

रांची, सोमवार 24 जुलाई 2023 (रांची महाधर्मप्रांत समाचार) : रविवार को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों की परवाह न करते हुए झारखंड की राजधानी रांची में मणिपुर में पीड़ित लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए हजारों ख्रीस्तियों ने मानव श्रंखला बनाई, जो अलग-अलग दिशाओं में कई किलोमीटर तक फैली हुई थी। मानव श्रंखला का आह्वान क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन, कॉन्फ्रेंस ऑफ रेलिजियस ऑफ इंडिया, रांची और रांची महाधर्मप्रांत द्वारा किया गया था। विशाल मानव श्रंखला जुलूस के रुप में संत मरिया महागिरजाघर की ओर बढ़ी । महागिरजाघऱ में परिसर में और सड़कों पर लोग जमा हो गये। मणिपुर में शांति और पूरे देश में सद्भाव की मजबूती के लिए प्रार्थना सभा आयोजित की गई।

एक्सआईएसएस के निदेशक फादर मरियानुस कुजूर ने मणिपुर राज्य की स्थित का विश्लेषण किया और मणिपुर के लोगों की मदद हेतु उनकी भूमिका पर जोर दिया। रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो ने कहा कि ईश्वर ने पड़ोसी को प्रेम करना सिखाया है। येसु ने भी हमें प्रेम का संदेश दिया है। हिंसा व नफरत से ईश्वर को भी दुःख होता है। मणिपुर की हिंसात्मक घटनाओं से हम ही नहीं अपितु ईश्वर भी दुखित हैं। हमें पश्चाताप करने की आवश्यकता है।

जीईएल कलीसिया के धर्माध्यक्ष सीमांत तिर्की ने प्रेम एवं शांति का संदेश दिया।

रांची महाधर्मप्रांत के सहायक धर्माध्यक्ष थिओदोर मस्करेंहस ने कहा कि मणिपुर के इस तरह के दंगे व हिंसा ना केवल ख्रीस्तियों बल्कि सभी को प्रभावित करता है। देश के विभिन्न भागों में बोये हुए नफरत के बीज का यह नतीजा है। धर्मांतरण के नाम पर ख्रीस्तियों पर अत्यचार किया जा रहा है। जबरन धर्म परिवर्तन का कोई प्रमाण नहीं है। ख्रीस्तीय इस देश में बहुत कम हैं, लेकिन प्रार्थना, प्रेम व सेवा द्वारा देश के विकास में सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने मणिपुर के अलावा छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश तथा देश के अन्य हिस्सों में ख्रीस्तियों ओव अल्पसंख्यकों पर हो रहे नफरत पर चिंता जाहिर की।

इस सभा में मणिपुर हिंसा में मारे गये लोगों की आत्मा की अनंत शांति के लिए, उनके परिवार को सांत्वना, न्याय मिलने, विस्थापितों को सुरक्षा, हृदय परिवर्तन, भाईचारा और मेलमिलाप हेतु विशेष प्रार्थना की गई। प्रार्थना सभा में गीतों का संचालन फादर अंजलुस एक्का की अगुवाई में उर्सुलाईन धर्मबहनों और स्थानीय गायक मंडली ने किया।

क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कुलदीप चिर्की और सिस्टर संगीता नगेसिया एच.सी. ने कई स्वंयसेवकों के साथ मानव श्रंखला की सफलता के लिए अथक प्रयास किया।

महुआडांड में मणिपुर में पीड़ित लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए मानव श्रंखला
महुआडांड में मणिपुर में पीड़ित लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए मानव श्रंखला

महुआडांड़ में मानव श्रंखला

मणिपुर में महिलाओं पर हुई बर्बरता को लेकर रविवार को महुआडांड़ में विभिन्न आदिवासी संगठन के बैनर तले महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में महुआडांड़ की ख्रीस्तीय महिलाओं और स्कूल कॉलेज के छात्राएं शामिल हुए। संगठनों  के लोगों ने महुआडांड़ के दुर्गा बाड़ी मोड़ से शास्त्री चौक होते हुए बिरसा मुण्डा चौक तक मानव श्रंखला बनाकर पद यात्र निकाली। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने घटना को शर्मनाक बताते हुए देश की आधी आबादी  पर इसे घातक प्रहार बताया।

उधर बोहटा चौक पर नेतरहाट फिल्ड फायरिंग रेंज के केन्द्रीय जन सघर्ष समिति के सचिव जेरोम जेराल्ड कुजूर ने कहा कि मणिपुर में आदिवासी महिलाओं के साथ दुव्यर्वेहार करने का शर्मनाक वीडियो के वायरल होने के बाद शीर्ष कोट ने स्वत संज्ञान लिया, तब प्रधानमंत्री ने चुप्पी तोड़ने की औपचारिकता पूरी की।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

24 July 2023, 16:58