खोज

मेलबोर्न में पास्का महापर्व मेलबोर्न में पास्का महापर्व  (ANSA)

ऑस्ट्रेलियाई काथलिकों की घटती जनसंख्या

ऑस्ट्रेलियाई काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के एक नये दस्तावेज से पता चलता है कि वहाँ की काथलिक आबादी तेजी से सांस्कृतिक विविधिता की ओर बढ़ रही है।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

ऑस्ट्रेलियाई काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन ने 2021 की राष्ट्रीय जनगणना के आंकड़ों का प्रयोग करते हुए देश में काथलिक समुदाय की जांच करनेवाली एक नई रिपोर्ट जारी की है।

धर्माध्यक्षों के राष्ट्रीय प्रेरितिक अनुसंधान केंद्र द्वारा जारी दस्तावेज एक ऐसे समुदाय के बारे बतलाता है जो सिकुड़ रहा है और वृद्ध हो रहा है, बल्कि सांस्कृतिक, भाषाई और अनुष्ठानिक रूप से अधिक विविध होता जा रहा है।

संख्या और आयु

रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया में काथलिकों की कुल संख्या 5,075,910 है, जो 25,422,788 की कुल आबादी का लगभग 20% है। 2016 में करीब 22.6% लोग काथलिक के रूप में पहचाने जाते थे, जबकि इस संख्या में पांच वर्षों में लगभग 2.5 प्रतिशत की कमी हुई है।

ऑस्ट्रेलियाई काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष तिमोती कोस्तेलोय ने कहा कि "ऑस्ट्रेलियाई समाज में धार्मिक पहचान से व्यापक बदलाव" को देखते हुए ये आंकड़े “आश्चर्यजनक नहीं हैं”, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि यह निराशाजनक है।

इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया में काथलिक की संख्या में बुजुर्गों की संख्या तेजी से बढ़ रही है: 1996 में 33 की तुलना में काथलिकों की औसत उम्र 43 है, जबकि सभी ऑस्ट्रेलियाई लोगों की औसत उम्र 38 है।

493,225 ऑस्ट्रेलियाई काथलिक (9.7%) अकेले रहते हैं, और 342,034 (6.7%) को मूल गतिविधियों में सहायता की आवश्यकता होती है।

सांस्कृतिक एवं भाषाई विविधता

रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्षों में से एक ऑस्ट्रेलियाई काथलिक कलीसिया की बढ़ती सांस्कृतिक और भाषाई विविधता है।

धर्माध्यक्षों के विशलेषण से पता चलता है कि 1,369,744 ऑस्ट्रेलियाई काथलिक या कुल संख्या का 21.4% गैर अंग्रेजी भाषी है और वे विदेशों में जन्मे हैं जिनमें से 21.5% घर पर अंग्रेजी के अलावा अन्य भाषा बोलते हैं। 2006 में, ये संख्या क्रमशः 17.9% और 19.2% थी।

गैर-देशी अंग्रेजी बोलनेवाले काथलिकों की सबसे बड़ी संख्या फिलीपींस, इटली, भारत, वियतनाम और क्रोएशिया की है (जिन्हें पूर्व यूगोस्लाविया के अन्य देशों के साथ गिना जाता था)।

सांस्कृतिक और भाषाई विविधता में यह वृद्धि राष्ट्रीय प्रवृत्तियों के अनुरूप है; विदेशी मूल के और विदेशी भाषा बोलनेवाले ऑस्ट्रेलियाई काथलिकों के आंकड़े राष्ट्रीय औसत के करीब है।

पूर्वी काथलिक कलीसियाएँ

1996 से, ऑस्ट्रेलिया में पूर्वी काथलिकों को लैटिन काथलिकों में अलग से गिना जाता है। इस साल, देश में कुल 5 मिलियन काथलिकों में से 77,393 - या 1.5% - पूर्वी काथलिक कलीसियाओं में गिने जाते हैं। इनमें से 47,003 मैरोनाइट, 3,091 मेल्काइट, 2,886 यूक्रेनी, 14,108 खलदेई और 10,305 सिरो-मालाबार हैं।

हालाँकि, ऑस्ट्रेलिया में पूर्वी काथलिकों की वास्तविक संख्या शायद अधिक है; रिपोर्ट इंगित करती है कि कुछ लोगों ने जनगणना में मानक "काथलिक" बॉक्स पर टिक किया था, और इस प्रकार वे लैटिन के रूप में पंजीकृत हुए। इस संबंध में, यह महत्वपूर्ण है कि सिर्फ 3% से अधिक ऑस्ट्रेलियाई काथलिकों ने पारंपरिक रूप से पूर्वी कलीसियाओं से जुड़ी भाषाओं को बोलने की सूचना दी; जिसमें 77,727 घर पर अरबी, 34,237 असीरियन/खलदेई, 38,288 मलयालम और 2,967 यूक्रेनी बोलते हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

18 April 2023, 17:01