खोज

2020.07.17 जले हुए संत गाब्रियल गिरजाघऱ में सहायक धर्माध्यक्ष डेविड ओ'कोनेल 2020.07.17 जले हुए संत गाब्रियल गिरजाघऱ में सहायक धर्माध्यक्ष डेविड ओ'कोनेल   (VICTOR ALEMAN)

सहायक धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल की 'गोलीबारी में मौत' पर लॉस एंजिल्स शोकित है

लॉस एंजिल्स के अमेरिकी महाधर्मप्रांत ने दिवंगत धर्माध्यक्ष डेविड ओ'कोनेल के लिए शोक किया, जिनकी शनिवार को गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। कलीसिया एक शांतिदूत और आप्रवासियों के अधिवक्ता के रूप में उनकी सेवा को याद करती है।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

लॉस एंजिल्स, सोमवार 20 फरवरी 2023 (वाटिकन न्यूज) : शनिवार 18 फरवरी को लॉस एंजिल्स के सहायक धर्माध्यक्ष डेविड ओ'कोनेल की उपनगर हैसिएंडा हाइट्स में गोली मारकर हत्या कर दी गई। लॉस एंजिल्स टाइम्स के अनुसार, उनका शव स्थानीय समयानुसार दोपहर 1 बजे के आसपास पाया गया और उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।

एक बयान में, एलए शेरिफ विभाग ने धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल का नाम लिए बिना एक वयस्क पुरुष की गोली लगने से हुई मौत की जांच की घोषणा की। संभावित संदिग्ध या मकसद से संबंधित कोई विवरण जारी नहीं किया गया।

'गरीबों और अप्रवासियों के लिए नरम दिल वाले

लॉस एंजिल्स के महाधर्माध्यक्ष जोस एच. गोमेज़ ने शनिवार को एक बयान जारी कर अपने सदमे और दुख को व्यक्त किया कि "सहायक धर्माध्यक्ष डेविड ओ'कोनेल का अप्रत्याशित रूप से निधन हो गया है।"

"वे गरीबों और अप्रवासियों के लिए एक शांतिदूत थे और उनके पास एक ऐसे समुदाय के निर्माण का जुनून था जहां हर मानव जीवन की पवित्रता और गरिमा का सम्मान और रक्षा की जाती थी।" महाधर्माध्यक्ष गोमेज़ ने भी 69 वर्षीय धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल को एक "अच्छे मित्र" के रूप में याद किया जिसे वह बहुत याद करेंगे।

महाधर्माध्यक्ष ने कहा, "पैंतालीस वर्षों तक यहां लॉस एंजिल्स में एक पुरोहित और बाद में एक धर्माध्यक्ष के रूप में, धर्माध्यक्ष डेविड प्रार्थना करने वाले व्यक्ति थे, जिन्हें धन्य कुँवारी माता के लिए बहुत प्यार था।"

उन्होंने सभी को दिवंगत धर्माध्यक्ष और "आयरलैंड में उनके परिवार के लिए" प्रार्थना करने के लिए प्रोत्साहित किया।

महाधर्माध्यक्ष गोमेज़ ने कहा, "ग्वाडालूपे की माता मरिया उन्हें अपने प्रेम के आवरण में लपेटे, और देवदूत उन्हें स्वर्ग में ले जाएँ और वे शांति से विश्राम करें।"

अमेरिकी धर्मप्रांत में आयरिश पुरोहित

दिवंगत धर्माध्यक्ष ओ'कोनेल का जन्म 16 अगस्त 1953 को कॉर्क, आयरलैंड में हुआ था। उन्होंने डबलिन के ऑल हॉलोज़ कॉलेज में धर्मशास्त्र का अध्ययन किया और 10 जून 1979 को लॉस एंजिल्स के महाधर्मप्रांत के लिए उनका पुरोहिताभिषेक किया गया। संत पापा फ्राँसिस ने उन्हें 21 जून 2015 को लॉस एंजिल्स का सहायक धर्माध्यक्ष नियुक्त किया।

उनकी मृत्यु के बाद, शोक मनाने वालों ने मोमबत्तियाँ हाथ में लिये, उनकी मृत्यु स्थल के पास रोज़री की प्रार्थना की।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

20 February 2023, 16:23