खोज

2023.01.16 सुरक्षा को लेकर रांची के ईसाइयों ने किया प्रदर्शन 2023.01.16 सुरक्षा को लेकर रांची के ईसाइयों ने किया प्रदर्शन 

छत्तीसगढ़ नारायणपुर की घटना के विरोध में रांची में ख्रीस्तियों ने किया प्रदर्शन

झारखंड के ख्रीस्तियों ने छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में ख्रीस्तियों के धर्मांतरण के नाम पर हुई हिंसा के विरोध में राँची में महारैली निकालकर आक्रोश जताया और सरकार से ख्रीस्तियों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

रांची, सोमवार 16 जनवरी 2023 (वाटिकन न्यूज) : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में ख्रीस्तियों पर हमले और गिरजाघर में घुसकर तोड़-फोड़, माता मरियम की प्रतिमा को तोड़ने के विरोध में झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन (जेसीवाईए) के बैनर तले रविवार को रांची में बड़ी संख्या में ख्रीस्तियों ने विरोध में चर्च कॉम्पलेक्स के पास से महारैली निकाली। सभी कलीसिया के धर्मगुरु, ख्रीस्तीय, मसीही संगठनों से जुड़े लोग, छात्र, बुदधिजीवी और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय भी महारैली में शामिल हुए। महारैली महात्मा गांधी मार्ग (मेन रोड) होते हुए मोरहाबादी मैदान तक गई। इस दौरान, “मुझे शांति से जीने दो”, हमें अपना धर्म मानने का संवैधानिक अधिकार है, धर्मातरण के नाम पर ख्रीस्तियों पर हिंसा बंद करो, केंद्र और राज्य सरकार ख्रीस्तियों को सुरक्षा दो, सहित अपनी मांगों की तख्ती हाथों में लिए बड़ी संख्या में ख्रीस्तियों ने प्रदर्शन किया। मोरहाबादी मैदान पहुंचकर महारैली सभा में तब्दील हो गई।

रैली के संबोधित करते हुए  रांची के सहायक धर्माध्यक्ष थेओदोर मसकरेंहास
रैली के संबोधित करते हुए रांची के सहायक धर्माध्यक्ष थेओदोर मसकरेंहास

धर्मांतरण के नाम पर ख्रीस्तियों को प्रताड़ित करने का आरोप

विरोध महारैली में शामिल ख्रीस्तियों ने आरोप लगाया कि न सिर्फ छत्तीसगढ़ में बल्कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, तब से देश के अलग अलग हिस्सों में ख्रीस्तियों पर धर्मांतरण की आड़ में अत्याचार बढ़े हैं। प्रदर्शन में शामिल कॉग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शतीश पॉल मुंजनी ने कहा, “जिस तरह से छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में ख्रीस्तियों के साथ हिंसा की गई है और माता मरियम की प्रतिमा छतिग्रस्त की गई है यह काफी निंदनीय है इस मामले में जिनकी गिरफतारी हुई है उन सबका भाजपा से संबंध है। यह सिर्फ छत्तीसगढ़ में नहीं हो रहा है बल्कि मध्यप्रदेश की बात हो या झारखंड की हर तरफ ख्रीस्तियों को टारगेट किया जा रहा है। आज यह समुदाय डरा सहमा है। केंद्र और राज्य सरकारों को हम यह संदेश देना चाहते हैं कि धर्मातरण के नाम पर ख्रीस्तियों के साथ भेद भाव और हिंसा करना बंद किया जाए।”

सभी धर्मों का सम्मान हो

सभा को रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि हमें मेल प्रेम से रहना है। हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, सरना हम सभी एक ही ईश्वर की संतान हैं। हम उस ईशअवर को अलग अलग नाम से पुकारते हैं अलग तरीके से उनकी पूजा आराधना करते हैं लेकिन हम सब एक मात्र ईशअवर की संतान हैं। हमें “वासुदेव कुटुम्बकम” की शिक्षा हमारे पूर्वजों ने दी है। आज हम देखते हैं कि हमारे देश में कुछ ताकतें हैं जो हमारे भाईचारे को नुकसान पहुँचा रहे हैं। हमारे संविधान को कुरेद रहे हैं। हमें चाहिए कि हम संविधान का आदर और सम्मान करें, उसी के अनुसार जीने का प्रयत्न करें। हमें मिलजुल कर रहना है। यही हमारा सबसे बड़ा संदेश है और जो लोग हमारा विरोध करते हैं वे अपने हृदय को टटोलें और विचार करें क्योंकि एकता में ही शक्ति है, एकता में ही विकास है। हमारे बीच भाईचारा बढे और हमें एक दूसरे का सम्मान करना चाहिए। हम एक दूसरे को समझें। सभी धर्मों का सम्मान हो।

आदिवासी अपनी जिम्मेदारी समझता है  

सभा को संबोधित करते हुए मांडर की विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आदिवासी ऐसे नहीं जो किसी की बातों में आकर बिक जायेंगे। यहाँ जितने लोग उपस्थित हुए हैं वे अपनी जिम्मेदारी को समझते हैं। संविधान के अनुसार हम किसी भी धर्म को मानने के लिए स्वतंत्र हैं। इसमें कोई जबरजस्ती नहीं है। इसाई समाज सेवा की भावना से काम करने वाला समाज है इसका आदर और सम्मान हो। सभी प्रेम से एकजुटता में रहें। हमारे आदिवासी समाज के विरोध में जो नफरत फैलाई जा रही है। अपने राजनीतिक लाभ के लिए कुछ ताकतें आदिवासी समाज को तोड़ने लगी है। उन ताकतों को हमें समझने की जरुरत है। उन ताकतों से हमें, हमारे समाज, हमारी भावी पीढ़ी को बचाने की जरुरत है। जिसदिन यह समझ में आ जाएगा, आदिवासी समाज खुद बरकत करने लगेगा।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

16 January 2023, 17:00