खोज

समारोही ख्रीस्तयाग का अनुष्ठान करते महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो एवं अन्य पुरोहित समारोही ख्रीस्तयाग का अनुष्ठान करते महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो एवं अन्य पुरोहित 

राँची के महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स के धर्माध्यक्षीय अभिषेक की रजत जयन्ती

राँची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो येसु समाजी के धर्माध्यक्षीय अभिषेक की रजत जयन्ती 2 अक्टूबर 2022 को राँची के संत मरिया महागिरजाघर में बड़े धूमधाम से मनायी गयी।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स फेलिक्स टोप्पो येसु समाजी के धर्माध्यक्षीय पावन अभिषेक के 25 वर्ष पूरा होने पर रविवार 2 अक्टूबर को, ईश्वर को धन्यवाद देने हेतु राँची धर्मप्रांत के विश्वासियों ने बड़े धूमधाम से रजत जयन्ती मनाया।

जीवनी

महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो येसु समाजी का जन्म 21 नवम्बर 1947 को गुमला जिला के टोंगो पल्ली के एक ख्रीस्तीय परिवार में हुआ था। उनकी माता का नाम कैथरिन टोप्पो और पिता का नाम लियोस टोप्पो था। अपने माता-पिता के 9 बच्चों में उनका स्थान आठवाँ था। उन्होंने 7 सितम्बर 1968 ई. को येसु समाजी पुरोहित बनने के लिए येसु समाज के धर्मसंघ में प्रवेश किया और 14 अप्रैल 1982 को उनका पुरोहिताभिषेक हुआ। उसके बाद 1997 तक विभिन्न रूपों में कलीसिया की सेवा की।

18 जुलाई 1997 को वे जमशेदपुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये। उस समय वे जमशेदपुर के येसु भवन मानगो में नोविस मास्टर के रूप में सेवा दे रहे थे। 27 सितम्बर 1997 को राँची के महाधर्माध्यक्ष तेलेस्फोर पी. टोप्पो ने उनका धर्माध्यक्षीय पावन अभिषेक सम्पन्न किया। तब से 6 अगस्त 2018 तक उन्होंने जमशेदपुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष के रूप में कार्य किया।

संत पापा फ्राँसिस ने 22 जून 2018 को उन्हें राँची महाधर्मप्रांत का महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किया। 6 अगस्त 2018 को संत मरिया महागिरजाघर में महाधर्माध्यक्ष के रूप में उनका प्रतिस्थापन हुआ। तब से वे राँची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष के रूप में कार्यरत है।

जयन्ती समारोह

इस पुनीत अवसर पर राँची के बहुत सारे विश्वासियों ने समारोह में उपस्थित होकर ईश्वर को धन्यवाद दिया एवं महाधर्माध्यक्ष को बधाईयाँ दीं।

समारोह की शुरूआत मिस्सा बलिदान से की गई। इसके मुख्य अनुष्ठाता स्वयं महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो थे। उनके साथ खूँटी, सिमडेगा, दुमका, पोर्ट ब्लेयर और जमशेदपुर के धर्माध्यक्ष एवं गुमला के प्रेरितिक प्रशासक और राँची के सहायक धर्माध्यक्ष थेओदोर मस्करेनहस भी उपस्थित थे।

विभिन्न धर्मसमाजों के प्रोविंशियल, मेजर सुपीरियर, पुरोहित, धर्मबहनों और विश्वासियों ने भी जयन्ती समारोह में भाग लिया। मिस्सा बलिदान के बाद संत जोसेफ क्लब हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। लोगों ने एक एक कर बिशप फेलिक्स को बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दीं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

02 October 2022, 16:51