खोज

बगदाद में कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज, 05.08.2022 बगदाद में कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज, 05.08.2022  (AFP or licensors)

ईराक़ में राजनीतिक अशांति की दी चेतावनी, कार्डिनल साको

ईराक में खलदेई ख्रीस्तीयों के धर्माधिपति प्राधिधर्माध्यक्ष कार्डिनल लूईस साको न देश में राजनैतिक उथल-पुथल के ख़तरों की चेतावनी दी है।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर- वाटिकन सिटी

बगदाद, शुक्रवार, 5 अगस्त 2022 (रेई, वाटिकन न्यूज़): ईराक में खलदेई ख्रीस्तीयों के धर्माधिपति प्राधिधर्माध्यक्ष कार्डिनल लूईस साको न देश में राजनैतिक उथल-पुथल के ख़तरों की चेतावनी दी है। उन्होंने राजधानी बगदाद में जारी विरोध प्रदर्शनों तथा देश में व्याप्त राजनीतिक गतिरोध पर गहन चिन्ता व्यक्त की जिसने ईराक को लगभग 10 महीनों तक निर्वाचित सरकार के बिना रखा है।

राष्ट्रीय वार्ता का आह्वान

चार अगस्त को जारी अपनी अपील में प्राधिधर्माध्यक्ष कार्डिनल साको ने निवर्तमान प्रधान मंत्री मुस्तफा अल-कदीमी और अन्य इराकी नेताओं के साथ अपनी आवाज़ मिलाते हुए राष्ट्रीय वार्ता का आह्वान किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बातचीत और समझौतों के माध्यम से समस्याओं का हल नहीं ढूँढ़ा गया तो देश में राजनैतिक सूनामी का ख़तरा है।

10 अक्टूबर 2021 के चुनावों के बाद से ईराक सरकार रहित है। ये चुनाव शक्तिशाली शिया मौलवी मुक्तदा अल-सदर के नेतृत्व में सदरवादी आंदोलन द्वारा जीते गए थे। सदरवादी आंदोलन द्वारा सरकार बनाने के असफल प्रयास के बाद से सर्वत्र अशांति छाई हुई है तथा राजधानी बगदाद में आये दिन विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। शिया मौलवी मुक्तदा अल-सदर अपने समर्थकों के माध्यम से, अपने प्रतिद्वंद्वियों को वैकल्पिक सरकार बनाने से रोकने के लिए राजनीतिक दबाव डालते रहे हैं। विगत सप्ताह से तनाव और सघन हो गये हैं।

"भयावह" स्थिति की चेतावनी

तनावों के मद्देनज़र प्राधिधर्माध्यक्ष साको ने सभी राजनैतिक दलों से एक "राष्ट्रीय परामर्श तालिका" स्थापित करने का आग्रह किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि देश में जारी गतिरोध से सभी के लिये गम्भीर परिणाम होंगे। अपनी अपील में प्राधिधर्माध्यक्ष ने इस बात को रेखांकित किया कि स्थिति "भयावह" है, तथा अब देरी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, "राजनीतिक नेताओं, और धार्मिक अधिकारियों को भी, इस भयानक सूनामी से हम सभी की रक्षा के लिये स्थिति को ठीक करना चाहिए।"

कार्डिनल साको के अनुसार, ईराक को भ्रष्टाचार से बचाने तथा एक कुशल राजनीतिक प्रणाली की स्थापना हेतु  "नए दृष्टिकोण और नए तरीके" खोजने की आवश्यकता है जिसमें सरकारी संस्थान पक्षपातपूर्ण हितों के लिये नहीं बल्कि लोगों की सेवा करने के लिये काम हेतु तत्पर रहें।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

05 August 2022, 12:48