खोज

लेबनान के राष्ट्रपति मिखेल आऊन तथा उनका प्रतिनिधिमण्डल वाटिकन में, 21.03.2022 लेबनान के राष्ट्रपति मिखेल आऊन तथा उनका प्रतिनिधिमण्डल वाटिकन में, 21.03.2022 

संत पापा की लेबनान यात्रा पर मैरोनाइट धर्माध्यक्षों की प्रसन्नता

लेबनान में मारोनी रीति के काथलिक धर्माध्यक्षों ने आगामी माहों में मध्य पूर्वी देश लेबनान में सन्त पापा फ्राँसिस की प्रेरितिक यात्रा की सम्भवाना पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

लेबनान, शुक्रवार, 8 अप्रैल 2022 (रेई, वाटिकन रेडियो): लेबनान में मारोनी रीति के काथलिक धर्माध्यक्षों ने आगामी माहों में मध्य पूर्वी देश लेबनान में सन्त पापा फ्राँसिस की प्रेरितिक यात्रा की सम्भवाना पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

परमधर्मपीठीय सुसमाचार प्रचार सम्बन्धी प्रेस एजेन्सी फीदेस समाचार ने बुधवार को प्रकाशित किया कि लेबनान के मैरोनाइट धर्माध्यक्षों ने "सन्त पापा फ्रांसिस की लेबनान यात्रा की ख़बर पर प्रसन्नता व्यक्त की है।" मारोनी रीति के काथलिक धर्माध्यक्षों की प्राधिधर्माध्यक्षीय पीठ लेबनान के बेकेर्के शहर से जारी एक बयान में धर्माध्यक्षों ने "ईश्वर से सन्त पापा फ्राँसिस को आशीर्वाद देने तथा लेबनान और सभी लेबनानी लोगों की भलाई के लिए उनकी समस्त इच्छाओं को पूरा करने के लिये प्रार्थना की।"

22 मार्च को वाटिकन में लेबनान के राष्ट्रपति मिखेल आऊन की सन्त पापा फ्राँसिस से मुलाकात के बाद राष्ट्रपति आऊन ने एक ट्वीट सन्देश में बताया था कि आगामी जून माह में सन्त पापा फ्राँसिस की लेबनान यात्रा की सम्भावना है। 

व्यापक रूप से प्रतीक्षित यात्रा

राष्ट्रपति आऊन के ट्वीट के बाद वाटिकन प्रेस कार्यालय के निदेशक, मातेओ ब्रूनी ने पत्रकारों को एक संक्षिप्त बयान में कहा कि सन्त पापा फ्राँसिस की यात्रा "एक संभावना है जिसका अध्ययन किया जा रहा है।"

लेबनान द्वारा विगत कई वर्षों से सहे जा रहे राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक संकटों की पृष्ठभूमि में सन्त पापा फ्राँसिस ने हाल के वर्षों में कई बार लेबनान यात्रा की मंशा व्यक्त की थी।

लेबनान, मध्य पूर्व में, ईसाइयों का सबसे बड़ा प्रतिशत वाला देश है, जो आबादी के एक तिहाई से अधिक हैं। देश में काथलिक धर्मानुयायियों की संख्या सबसे बड़ी है, जो मुख्य रूप से पूर्वी रीति की कलीसियाओं और मारोनी रीति की काथलिक कलीसियाओं से संबंधित हैं।

ग़ौरतलब है कि सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय सन् 1997 में तथा सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें 2012 में लेबनान की प्रेरितिक यात्राएँ कर चुके हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

08 अप्रैल 2022, 11:51