खोज

सिस्टर सुएलेन टेनीसन सिस्टर सुएलेन टेनीसन  

बुरकिना फासो में 83 वर्षीय अमरीकी धर्मबहन का अपहरण

बुरकिना फासो के यालगो स्थित कॉन्वेंट से 4 और 5 अप्रेल की रात मरियानाईट धर्मबहन सिस्टर सुएलेन टेनीसन का अपहरण हो गया है। जिनके लिए प्रार्थना की मांग की गई है।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

अमरीका की धर्मबहन सिस्टर सुएलेन टेनीसन का अपहरण बुरकिना फासो के यालगा पल्ली स्थित अपने कॉन्वेंट से 4 और 5 अप्रेल के बीच की रात को हुआ, जहाँ वे एक मिशनरी के रूप में सेवा देती हैं।

काया धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष थेओफिल नेर ने बतलाया कि मरियानाईट ऑफ दा होली क्रॉस धर्मसमाज की 83 वर्षीय धर्मबहन का अपहरण 4 और 5 अप्रेल के बीच की रात को अज्ञात लोगों के द्वारा हुआ जिन्होंने कॉन्वेंट में तोड़ फोड़ भी की जहाँ उनके साथ दो अन्य धर्मबहनें भी रहती हैं।   

धर्माध्यक्ष नेर ने कहा, "जब तक उनकी खोज सफल नहीं हो जाती, हम सिस्टर सुएलेन टेनीसन की रिहाई के लिए एक साथ प्रार्थना करते रहेंगे।"

सिस्टर टेनीसन 2014 से ही बुरकिना फासो में सेवारत हैं। यालगो में वे प्रेरितिक कार्यों के माध्यम से सेवा दे रही थीं तथा पल्ली क्लिनिक में काम करनेवालों की मदद करती थी।

सिस्टर टेनीसन की सकुशल वापसी हेतु प्रार्थना

मरियानाईट धर्मसमाज की सुपीरियर जेनेरल सिस्टर अन्न लाकोर ने कहा कि वे और उनका पूरा धर्मसमाज सिस्टर सुएलेन की कुशलता एवं रिहाई के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि धर्मसमाज सरकारी नेताओं के सम्पर्क में है जिन्होंने उन्हें सूचना मिलने पर जानकारी देने का वचन दिया है।

कॉन्वेंट जहाँ से अपहरण हुए वहाँ रहनेवाली अन्य दो बहनों ने बतलाया कि रात में जब धर्मबहनें सो रही थीं, तब करीब 10 व्यक्तियों के एक दल ने उनके कॉन्वेंट पर आक्रमण कर दिया।

सिस्टर सुएलेन के कुशल वापसी की कामना करते हुए न्यू ओरलियान्स के महाधर्माध्यक्ष जॉर्ज एम. ऐमोंड ने गौर किया कि सिस्टर सुएलेन ने न्यू ओरलियान्स महाधर्मप्रांत में कई लोगों को सहर्ष प्रेरितिक सेवा प्रदान की है।

उन्होंने कहा, "आज हम उनके अपहरण पर दुःख और हैरानी व्यक्त करते हैं और उनके कुशल वापसी के लिए प्रार्थना करते हैं। इस कठिन समय में, पवित्र क्रूस की मरियानाईट सिस्टर सुएलेन के लिए प्रार्थना में आप मेरे साथ आयें।"

बुरकिना फासो

बुरकिना फासो 21 मिलियन आबादीवाला एक देश है जो हाल के दिनों में राजनीतिक संकट एवं चरमपंथियों के बढ़ने के साथ-साथ कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। जहाँ नागरिकों पर हमले की कई घटनाएँ हो चुकी हैं।   

यालगा देश के उत्तरी भाग में स्थित है जो सोयम प्रांत के निकट है जहाँ नवम्बर में दो हमले हुए थे और करीब 70 लोगों की मौत हो गई है।

जनवरी 2022 में, पश्चिम अफ्रीकी राष्ट्र में गहराते सुरक्षा संकट के बीच एक सैन्य तख्तापलट ने राष्ट्रपति रोच मार्क क्रिश्चियन की सरकार को उखाड़ फेंका था।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

09 April 2022, 15:27