खोज

2022.02.28 ग्रीक यूक्रेनी काथलिक कलीसिया के प्रधान महाधर्माध्यक्ष स्वातिस्लोव शेवचुक 2022.02.28 ग्रीक यूक्रेनी काथलिक कलीसिया के प्रधान महाधर्माध्यक्ष स्वातिस्लोव शेवचुक 

युद्ध पर विजय संवाद और कूटनीति दवारा संभव है, महाधर्माध्यक्ष शेवचुक

एक वीडियो संदेश में, ग्रीक यूक्रेनी काथलिक कलीसिया के प्रधान महाधर्माध्यक्ष स्वातिस्लोव शेवचुक, यूक्रेनी लोगों की ताकत की बात करते हैं और उन रूसियों के रिश्तेदारों को मदद की पेशकश करते हैं जिन्होंने यूक्रेन में प्रवेश करने के बाद अपनी जान गंवाई है।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

कीव, मंगलवार 01 मार्च 2022 (वाटिकन न्यूज) : एक वीडियो संदेश में, यूक्रेनी ग्रीक काथलिक कलीसिया (यूजीसीसी) के प्रधान महाधर्माध्यक्ष स्वातिस्लोव शेवचुक "यूक्रेन की राजधानी कीव, अपने पहले सिंहासन वाले शहर से आशीर्वाद भेजते हैं।"

पांच दिन की क्रूरता

वे अपना संदेश इन शब्दों से शुरु करते हैं, "आज, सोमवार, हम एक कुटिल, अमानवीय, शातिर युद्ध के पांचवें दिन का अनुभव कर रहे हैं।" वे पिछले कुछ दिनों को "हमारे सैनिकों की वीरता" और "हमारे लोगों के साहस" से भरे होने के रूप में वर्णित करते हैं। वे आगे कहते हैं, " यहां तक कि बुजुर्ग भी अपने गांव और शहर में प्रवेश करने से रोकने के लिए टैंकों के सामने खड़े हो गये।" उन्होंने कहा कि उन्होंने "हमें मारने वालों की पशुता और क्रूरता" देखी है। उनका दावा है कि रूसी सेना ने महिलाओं और बच्चों को टैंकों में डाल दिया है और उनका उपयोग "यूक्रेन में मौत और तबाही लाने के लिए मानव ढाल के रूप में" कर रहे हैं। .

अभी भी स्थिर

इसके बावजूद, महाधर्माध्यक्ष स्वातिस्लोव शेवचुक ने कहा, "हम अपनी सेना के लिए प्रार्थना में खड़े हैं, हमारी मातृभूमि के लिए, हमारे लंबे समय से पीड़ित यूक्रेनी लोगों के लिए खड़े हैं।" संयुक्त राष्ट्र की जानकारी के अनुसार, पांच दिनों से भी कम समय में 400,000 यूक्रेनी शरणार्थी बन गये।

महाधर्माध्यक्ष शेवचुक ने तब उल्लेख किया कि ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार पूर्वी ख्रीस्तीयों के लिए सोमवार चालिसा का पहला दिन है। उन्होंने कहा, "यह चालिसा आपके लिए बहुत खास होगा। हम पास्का - ईस्टर के लिए एक साथ आगे बढ़ते हैं,  हमारा पास्का हमारा प्रभु है, पुनर्जीवित येसु मसीह।"

संत पापा फ्राँसिस का समर्थन

उन्होंने रविवारीय देवदूत प्रार्थना के दौरान यूक्रेन के लिए संत पापा फ्राँसिस की अपील को याद किया, जब "उन्होंने उन लोगों की निंदा की, जो अन्य देशों के खिलाफ युद्ध शुरू कर रहे हैं, वे अपने ही देश के खिलाफ लड़ रहे हैं।" उन्होंने संत पापा के प्रति आभार व्यक्त किया, जो "हमारा समर्थन करते हैं, हमारे लिए प्रार्थना करते हैं और इस युद्ध को रोकने के लिए सब कुछ करने की इच्छा रखते हैं।"

अंतर्राष्ट्रीय समुदाय

तब महाधर्माध्यक्ष शेवचुक ने उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया जो यूक्रेन की मदद करना चाहते हैं और जो विभिन्न संगठनों और कार्यक्रमों के माध्यम से ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हम इस आक्रमण को रोकने के लिए, युद्ध को रोकने के लिए सब कुछ" करने को तैयार हैं। यहां तक ​​कि जब राजनयिक, वकील, राष्ट्रों के नेता कहते हैं कि यह बहुत मुश्किल है। आइए, हम प्रार्थना करें कि ईश्वर, शांति का ईश्वर ज्ञान प्रदान करें ताकि बातचीत के माध्यम से आक्रामकता को रोका जा सके।"

कूटनीति और संवाद

महाधर्माध्यक्ष शेवचुक ने कहा कि युद्ध का विकल्प कूटनीति और संवाद है। उन्होंने जोर देकर कहा, "संवाद और कूटनीति युद्ध पर विजय प्राप्त कर सकते हैं।"

महाधर्माध्यक्ष शेवचुक ने स्वयंसेवकों के "यूक्रेन से जीवित लौटें" नामक एक पहल के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह रूसी सैनिकों के रिश्तेदारों के लिए एक हॉटलाइन है, जो आज, "हमारे दुश्मनों के रूप में, यूक्रेनी भूमि में प्रवेश किया है।" यदि रूस के किसी व्यक्ति का अपने बच्चों या पतियों से संपर्क टूट गया है, जिन्हें मारने के लिए यूक्रेन भेजा गया था, तो उस नंबर पर कॉल करें। हम आपके मृतकों या आपके बेटों के शवों को खोजने में आपकी मदद करना चाहते हैं और जो अभी भी जीवित हैं, उन्हें आप के लिए यूक्रेन से वापस लौटा सकते हैं।"

अंत में, महाधर्माध्यक्ष शेवचुक ने प्रार्थना की कि प्रभु "राष्ट्रों के दिलों में शांति भेजें।" प्रभु ही युद्ध को रोक सकते हैं, वे ही हमें यूक्रेन में शांति देखने में मदद कर सकते हैं।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

01 March 2022, 15:50