कडूना में हत्या और असुरक्षा के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग कडूना में हत्या और असुरक्षा के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग 

नाईजीरिया ˸ कडूना में और दो पुरोहितों का अपहरण

नाईजीरिया के कडूना राज्य में विभिन्न पल्लियों के बीच यात्रा कर रहे दो काथलिक पुरोहितों का अपहरण शुक्रवार को हुआ। कडूना के कफनचन धर्मप्रांत के चांसलर ने उनके शीघ्र एवं सफल रिहाई के लिए प्रार्थना की मांग की है।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

नाईजीरिया, 16 जुलाई 2022 (रेई) ˸ नाईजीरिया के कफनचन धर्मप्रांत ने 15 जुलाई को जानकारी दी है कि फादर जॉन मार्क चेतनुम और फादर दोनातुस क्लेओपस का अपहरण हो गया है।

फादर जॉन मार्क चेतनुम और फादर दोनातुस क्लेओपस का अपहरण 15 जुलाई को शाम 5.45 बजे हुआ।

कफनचन धर्मप्रांत द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि "बड़े दुःख के साथ सूचित किया गया है कि हमारे दो पुरोहितों फादर जॉन मार्क चेतनुम और फादर दोनातुस क्लेओस का अपहरण हो गया है।"

दोनों पुरोहितों का अपहरण उस समय हुआ जब वे एक कार्यक्रम के कारण विभिन्न पल्लियों की यात्रा कर रहे थे और वे कडूना राज्य के यादिन गारू स्थित ख्रीस्त राजा काथलिक

 पारिश पहुँचे थे।   

कफनचन धर्मप्रांत के चांसलर फादर इमानुएल उकेकुकवे ने विज्ञप्ति में पुरोहितों की रिहाई हेतु प्रार्थना की मांग करते हुए कहा है कि "जब हम उनके शीघ्र और सुरक्षित रिहाई हेतु गहन प्रार्थना की मांग करते हैं, हम सभी लोगों से आग्रह करना चाहते हैं कि वे कानून को अपने हाथों में न लें। हम उनकी त्वरित और सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने के लिए हर वैध साधन का प्रयोग करेंगे।"

उन्होंने प्रार्थना की है कि क्रूसित येसु हमारी प्रार्थना सुनें और अपने पुरोहितों एवं अन्य अपहृत लोगों को जल्द से जल्द बिना शर्त रिहा कर दें।

बढ़ती असुरक्षा

नाईजीरिया में 2022 के शुरू से करीब 20 पुरोहितों का अपहरण हो चुका है जिनमें से पाँच का सिर्फ जुलाई में हुआ है।

उनमें से बहुतों को रिहा कर दिया गया है जबकि तीन की हत्या कर दी गई। संघीय सरकार के दावों के विपरीत नाइजीरिया में असुरक्षा बढ़ रही है, देश भर में प्रतिदिन फिरौती के लिए अपहरण हो रहे हैं।

नाइजीरिया सिक्योरिटी ट्रैकर द्वारा जारी एक हालिया खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जनवरी से मार्च 2022 तक कम से कम 2,968 लोग मारे गए जबकि 1,484 लोगों का अपहरण किया गया। उत्तर-मध्य क्षेत्र में मरनेवालों की संख्या सबसे अधिक दर्ज की गई है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

16 July 2022, 14:53