हाँग काँग के काथलिक पुरोहित (प्रतीकात्मक तस्वीर)  हाँग काँग के काथलिक पुरोहित (प्रतीकात्मक तस्वीर)  

2021 में विश्व में 22 काथलिक मिशनरी मारे गये

वाटिकन स्थित विश्वास एवं सुसमाचार प्रचार सम्बन्धी प्रेस एजेन्सी फीदेस द्वारा प्रकाशित समाचार के अनुसार, वर्ष 2021 के दौरान विश्व में 22 काथलिक मिशनरी मारे गये।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 31 दिसम्बर 2021 (रेई, वाटिकन रेडियो): वाटिकन स्थित विश्वास एवं सुसमाचार प्रचार सम्बन्धी प्रेस एजेन्सी फीदेस द्वारा प्रकाशित समाचार के अनुसार, वर्ष 2021 के दौरान विश्व में 22 काथलिक मिशनरी मारे गये। इनमें 13 काथलिक पुरोहित, एक काथलिक धर्मसमाजी धर्मबन्धु, दो धर्मबहनें तथा 06 लोकधर्मी काथलिक विश्वासी शामिल हैं, जिन्हें अपने विश्वास के ख़ातिर अपने प्राणों का आहुति देनी पड़ी।

इस वर्ष 22 मिशनरी हुए हताहत

सबसे अधिक मिशनरियों की हत्या अफ्रीका में पंजीकृत की गई, जहाँ 07 पुरोहितों, दो धर्मबहनों तथा दो लोकधर्मी विश्वासियों को मार डाला गया। इसी बीच, उत्तर तथा दक्षिणी अमरीका में चार पुरोहितों, एक धर्मसमाजी बन्धु तथा दो लोकधर्मी विश्वासियों को मौत के घाट उतार दिया गया। एशिया में भी मिशनरियों को हिंसा का शिकार होना पड़ा, यहाँ एक पुरोहित एवं दो लोकधर्मी विश्वासियों की हत्या कर दी गई।

बताया गया कि हाल के वर्षों में अफ्रीका तथा अमरीका के देश पुरोहितों एवं मिशनरियों की हत्याओं में अग्रणी रहे हैं। फीदेस एजेन्सी द्वारा प्रकाशित आँकड़ों के अनुसार, 2000 से लेकर 2020 तक विश्व में 536 काथलिक मिशनरियों की हत्या कर दी गई।

हत्याओं की सूची अधूरी

फीदेस द्वारा प्रकाशित एक विज्ञप्ति में कहा गया कि उक्त सूची में मारे गए मिशनरी हिमखंड के सिरे की तरह हैं, इसलिये कि फीदेस एजेन्सी उन्हीं लोगों के नामों तक अपने आप को सीमित रखती है जिनके विषय में एजेन्सी को निश्चित सूचना मिलती है। कहा गया कि उक्त सूची के साथ उन अन्य लोगों की लंबी सूची को जोड़ा जाना चाहिए, जिनके बारे में हम शायद कभी नहीं जान पाएंगे, जो धरती के हर कोने में उत्पीड़ित होते हुए अपने जीवन एवं कार्यों द्वारा येसु मसीह का साक्ष्य प्रस्तुत कर रहे हैं तथा अपने जीवन के बलिदान द्वारा अपने विश्वास की क़ीमत चुका रहे हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

31 December 2021, 10:47