2021.05.19 नवनियुक्त धर्माध्यक्ष स्टीफन चाउ सौ-यान येसु समाजी 2021.05.19 नवनियुक्त धर्माध्यक्ष स्टीफन चाउ सौ-यान येसु समाजी 

संत पापा ने जेसुइट को हांगकांग का नया धर्माध्यक्ष नियुक्त किया

संत पापा फ्राँसिस ने येसु समाजी फादर स्टीफन चाउ सौ-यान को हांगकांग धर्मप्रांत के नए धर्माध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, सोमवार 17 मई 2021 (वाटिकन न्यूज) : संत पापा फ्राँसिस ने सोमवार 17 मई को जेसुइट फादर  स्टीफन चाउ सौ-यान को हांगकांग धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया।

नवनियुक्त धर्माध्यक्ष चाउ वर्तमान में येसु समाजी धर्मसंघ के चीनी प्रांत के प्रोविंशियल के रूप में कार्यरत हैं।

वे कार्डिनल जॉन टोंग होन का स्थान लेंगे, जिन्होंने जनवरी 2019 से हांगकांग के प्रेरितिक प्रशासक के रूप में कार्य कर रहे हैं।

संक्षिप्त जीवनी

फादर स्टीफन चाउ सौ-यान, एसजे, का जन्म 7 अगस्त 1959 को हांगकांग में हुआ था।

अपने पूर्व-विश्वविद्यालय अध्ययनों के बाद, उन्होंने अमेरिका के मिनेसोटा विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में स्नातक और मास्टर डिग्री प्राप्त की। फिर वे 27 सितंबर 1984 को येसु समाजी धर्मसंघ में शामिल हुए।

1986 से 1988 तक, उन्होंने आयरलैंड में नवशिष्यालय का अपना प्रशिक्षण पूरा किया और दर्शनशास्त्र में लाइसेंसियेट प्राप्त किया, 1988 से 1993 तक हांगकांग में ईशशास्त्र की पढ़ाई पूरी की। 16 जुलाई 1994 को उनका पुरोहिताभिषेक किया गया।

उन्होंने 1993 से 1995 तक शिकागो में लोयोला विश्वविद्यालय में संगठनात्मक विकास में मास्टर डिग्री और 2000 से 2006 तक बोस्टन में हार्वर्ड विश्वविद्यालय से मानव विकास और मनोविज्ञान में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने 17 अप्रैल 2007 को अपना अंतिम व्रत लिया।

नवनियुक्त धर्माध्यक्ष चाउ ने निम्नलिखित पदों पर कार्य किया है:

2007 से हांगकांग में दो जेसुइट कॉलेजों और कॉव्लून में वाह यान के पर्यवेक्षक, 2008 से2015 तक  हांगकांग विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर और 2009 से 2017 तक जेसुइट प्रशिक्षक।

उन्होंने 2009 से चीनी जेसुइट प्रांत के शिक्षा आयोग के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है और 2012 से हांगकांग में होली स्पिरिट धर्मप्रांतीय सेमिनरी में मनोविज्ञान के अंशकालिक प्रोफेसर के रूप में कार्य किया है। 2012 से 2014 तक वे हांगकांग धर्मप्रांत के प्रेस्बिटेरल काउंसिल के सदस्य थे। 2013 से 2017 तक प्रांतीय सलाहकार और 2017 से धर्मप्रांतीय शिक्षा बोर्ड के सदस्य थे।

1 जनवरी 2018 को नवनियुक्त धर्माध्यक्ष चाउ येसु समाजी धर्मसंघ के चीनी प्रांत के प्रोविंशियल बन गए और 2020 में हांगकांग में पुरुष धर्मसंघी संस्थानों के वरिष्ठों के संघ के उप-सचिव बने।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

17 May 2021, 15:55