सन्त पापा फ्राँसिस वाटिकन में सन्त पापा फ्राँसिस वाटिकन में 

वाटिकन कार्यालयों के लिए सन्त पापा ने किया नामांकन

सन्त पापा फ्राँसिस ने गुरुवार को परमधर्मपीठीय प्रेरितिक पीठ के श्रम कार्यालय के अध्यक्ष पद पर, वाटिकन स्थित परमधर्मपीठीय प्रेरितिक अदालत के लेखा परीक्षक, मान्यवर आलेहानद्रो बुँजे को तथा निर्देशक के पद पर प्राध्यापक पास्काल पासालाक्वा को मनोनीत किया।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2020 (वाटिकन न्यूज़): सन्त पापा फ्राँसिस ने गुरुवार को परमधर्मपीठीय प्रेरितिक पीठ के श्रम कार्यालय के अध्यक्ष पद पर, वाटिकन स्थित परमधर्मपीठीय प्रेरितिक अदालत के लेखा परीक्षक, मान्यवर आलेहानद्रो बुँजे को तथा निर्देशक के पद पर प्राध्यापक पास्काल पासालाक्वा को मनोनीत किया। गुरुवार को ही सन्त पापा ने पूर्वी रीति की कलीसियाओं सम्बन्धी परमधर्मपीठीय धर्मसंघ के कार्यालय प्रबन्धक पद पर मान्यवर जूलियो सेमबेनी का नामांकन किया।  

मान्यवर आलेहानद्रो बुँजे

सन्त पापा द्वारा मनोनीत परमधर्मपीठीय श्रम कार्यालय के नवाध्यक्ष मान्यवर आलेहानद्रो बुँजे का जन्म 21 नवम्बर सन् 1951 ई. को आर्जेनटीना में हुआ था। सन् 1978 में आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। रोम स्थित सन्त थॉमस परमधर्मपीठीय विश्वविद्यालय से आपने कलीसियाई विधान में डॉक्टरेड की उपाधि प्राप्त की है। 2013 तक आप आर्जेन्टीना के विभिन्न गुरुकुलों एवं विश्वविद्यालयों में कलीसियाई विधान के प्राध्यापक एवं प्राचार्य पद पर सेवाएं अर्पित करते रहे थे। 2013 से आप वाटिकन स्थित परमधर्मपीठीय प्रेरितिक अदालत में लेखा परीक्षक रहे हैं।     

परमधर्मपीठीय श्रम कार्यालय के निर्देशक

परमधर्मपीठीय श्रम कार्यालय के निर्देशक पद पर मनोनीत प्राध्यापक पास्काल पासालाक्वा इटली के लात्सियो प्रान्त स्थित कास्सिनो विश्वविद्यलय के कानून संकाय में श्रम सम्बन्धी कानून के प्राध्यापक हैं।  आपका जन्म 15 जुलाई सन् 1968 ई. को नेपल्स शहर में हुआ था। रोम के तोरवेरगाता विश्वविद्यालय से आपने नागर कानून में स्नातक की डिगरी तथा श्रम संगठन एवं श्रम कानून में डॉक्टरेड की उपाधि हासिल की है। कास्सिनो विश्वविद्यलय के अलावा आप रोम स्थित सन्त जॉन लातेरान विश्वविद्यालय में भी प्राध्यापक रह चुके हैं।  

नये कार्यालय प्रबन्धक

सन्त पापा ने गुरुवार को ही पूर्वी रीति की कलीसियाओं के लिये गठित परमधर्मपीठीय धर्मसंग के नये कार्यालय प्रबन्धक पद पर मान्यवर जूलियो सेमबेनी को मनोनीत किया। अब तक मान्यवर सेमबेनी वाटिकन राज्य के सच्चिवालय में सामान्य मामलों सम्बन्धी विभाग में सेवारत थे।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

02 October 2020, 10:51