माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
नीस, सोमवार 2 नवम्बर 2020 (वाटिकन न्यूज) : नीस के नोट्रे-डेम महागिरजाघर में गुरुवार की सुबह भयावह आतंकवादी हमले के तीन पीड़ितों के लिए पवित्र मिस्सा बलिदान का अनुष्ठान रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे किया गया।
दक्षिणी फ्रांस के नीस शहर के सभी पुरोहितों की उपस्थिति में नीस के धर्माध्यक्ष, आंद्रे मार्सेउ ने मिस्सा समारोह की अध्यक्षता की। कोविद विरोधी नियमों के अनुपालन में पवित्र मिस्सा में केवल उसी पल्ली के पल्लीवासियों ने भाग लिया। अन्य विश्वासियों के लिए कोटी काथलिक टेलीविजन पर लाइव प्रसारित किया गया।
पवित्र मिस्सा समारोह से पहले एक विशेष "प्रायश्चित और दंडमोचक संस्कार" की धर्मविधि हुई। ऐसा तब होता है जब "एक गंभीर रूप से हानिकारक कृत्य, जैसे एक गिरजाघर में किसी की हत्या की जाती है।
नीस धर्मप्रांत ने अपनी वेबसाइट पर पीड़ितों के लिए और उनके परिवारों के लिए एक विशेष प्रार्थना प्रकाशित की है।
इस बीच, फ्रांस में जांच जारी है, तीन अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना है जिनका संपर्क हमलावर के साथ था। आतंकवादी कांड के पीछे एक संगठन है या नहीं, इसकी जांच जारी है।
21 वर्षीय ब्राहिम आसौयूइ हमलावर हमले के दौरान पुलिस द्वारा घायल हो गया था और वर्तमान में नीस के अस्पताल में है। उसका दावा है कि उसने अकेले ही इसे अंजाम दिया था।