बांग्लादेश धर्माध्यक्षों द्वारा वृक्षारोपण अभियान का उद्घाटन बांग्लादेश धर्माध्यक्षों द्वारा वृक्षारोपण अभियान का उद्घाटन 

बांग्लादेश की कलीसिया द्वारा वृक्षारोपण अभियान शुरू

वृक्षारोपण अभियान के साथ, बांग्लादेश के धर्माध्यक्ष देश की आजादी के 50 साल पूरे होने के साथ-साथ देश के संस्थापक नेता शेख मुजीबुर रहमान की जन्म शताब्दी के जश्न को भी चिह्नित कर रहे हैं।

माग्रेट सुनीता मिंज- वाटिकन सिटी

ढाका, मंगलवार 18 अगस्त 2020 (वाटिकन न्यूज) : बांग्लादेश के काथलिक धर्माध्यक्षों ने संत पापा फ्राँसिस की विश्व पत्र "लौदातो सी'" की 5 वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश भर में 400,000 पेड़ लगाने का अभियान शुरू किया है।

ढाका के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल पैट्रिक डी'रोज़ारियो के नेतृत्व में धर्माध्यक्षों ने 14 अगस्त को राजधानी ढाका में बांग्लादेशी काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन (सीबीसीबी) केंद्र के परिसर में वृक्षारोपण अभियान का उद्घाटन किया। कोरोना महामारी के प्रसार को देखते हुए पुरोहितों, धर्मसंघियों और लोकधर्मियों के प्रतिनिधियों की एक सीमित संख्या ही समारोह में शामिल हुई।

धर्माध्यक्षों ने परिसर में तीन फलदार पेड़ लगाया। उन्होंने देश के आठ धर्मप्रांतों और पल्लियों में काथलिकों को 2020-2021 की अवधि के दौरान पेड़ लगाने को कहा।

पर्यावरण संतुलन

उद्घाटन समारोह में, सीबीसीबी अध्यक्ष कार्डिनल डी'रोज़ारियो, ने कहा कि पेड़ पर्यावरण को संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हालांकि, जनसंख्या वृद्धि और लोगों की कई जरूरतों के कारण जंगल और पेड़ पौधे धीरे-धीरे कम हो रहे हैं। परिणामस्वरूप, विभिन्न प्राकृतिक आपदाएं दुनिया को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में समुदाय को प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए जागरूक होने की जरूरत है।

कार्डिनल की उम्मीद है कि विश्व समुदाय के साथ देश एकजुट होकर, बांग्लादेश की काथलिक कलीसिया कम से कम पर्यावरण संतुलन और देश के सतत विकास में पेड़ों को लगाकर अपना योगदान दे सकेंगे।

 स्वतंत्रता और संस्थापक का जन्मदिन

वृक्षारोपण अभियान के साथ, बांग्लादेश के धर्माध्यक्ष अगले साल देश की स्वतंत्रता के 50 साल के साथ-साथ राष्ट्र के संस्थापक पिता, शेख मुजीबुर रहमान के जन्म शताब्दी के रूप में चिह्नित करना चाहते हैं।

26 मार्च, 1971 को पाकिस्तान से आज़ादी पाने वाले बांग्लादेश में 26 मार्च, 2021 से 26 मार्च, 2022 तक एक साल का उत्सव मनाया जाएगा। 17 मार्च, 2020 को मुजीबुर रहमान की जन्मशताब्दी के अवसर पर राष्ट्र ने भी शताब्दी समारोह का शुभारंभ किया, जिसका समापन 17 मार्च, 2021 को होगा।

दोनों समारोहों की योजना बनाने के लिए पिछले साल 50 सदस्यीय राष्ट्रीय समिति गठित की गई, जिसके प्रमुख ढाका के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल डी'रोज़ारियो हैं। उन्होंने कहा,"हम राष्ट्र से प्यार करते हैं और हम राष्ट्र के पिता को बहुत सम्मान देते हैं। देश में हर काथलिक को देश के लिए प्यार और अपने संस्थापक नेता के लिए सम्मान व्यक्त करने के लिए एक पेड़ लगाने की जरूरत है। हम ज्यादातर फलों के पेड़ लगाएंगे, लेकिन भविष्य में लकड़ी का उत्पादन करने वाले पेड़ भी लगाये जाएंगे।"

पेड़ लगाने की पहल सीबीसीबी और बांग्लादेशी कलीसियाई सामाजिक सेवा शाखा  बांग्लादेश कारितास  द्वारा प्रायोजित की जा रही है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

19 August 2020, 15:23