फतिमा माता मरियम फतिमा माता मरियम 

फिलिपीनी धर्माध्यक्षों द्वारा देश माँ मरिया को समर्पित

फतिमा की माता मरियम के पर्व दिवस पर, फिलीपींस के सभी धर्माध्यक्ष अपने-अपने महागिरजाघरों में देश को माता मरिया को समर्पित करेंगे।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन न्यूज

मनिला, शनिवार 2 मई 2020 (वाटिकन न्यूज) : जैसा कि कोरोना वायरस से फिलीपींस में लोगों का जीवन दांव पर लगा हुआ है, 13 मई फतिमा माता के पर्व दिवस पर फिलीपीनी धर्माध्यक्ष देश को माता मरियम के निष्कलंक हृदय को समर्पित करेंगे।  

फिलीपीन धर्माध्यक्षीय सम्मेलन (सीबीसीपी) के अध्यक्ष द्वारा 27 अप्रैल को सभी धर्माध्यक्षों को भेजे गए पत्र में इस समर्पण की घोषणा की गई। इसपर महाधर्माध्यक्ष रोमुलो वालेस ने कहा कि "यह एक शानदार पहल है।" यह समर्पण फिलीपींस में माता मरियम के पिछले समर्पण की याद दिलाता है। ‘विश्वास वर्ष’ के दौरान, सीबीसीपी ने फिलीपींस को मरियम के निष्कलंक हृदय को समर्पित किया था।

मनिला में समर्पण का विवरण

मनिला महाधर्मप्रांत में, माता मरियम को समर्पण हेतु विशेष तैयारी की जाएगी। 10 मई से तीन दिवसीय रोजरी प्रार्थना और उपवास शुरू होगा। 13 मई को पूरे देश को माता मरियम निष्कलंक हृदय को समर्पण समारोह के साथ समाप्त होगा।

  यह समारोह मनिला महाधर्मप्रांत के सहायक धर्माध्यक्ष ब्रोडरिक पैबिलो द्वारा मनिला के निष्कलंक गर्भधारण महागिरजाघर में संपन्न किया जाएगा। वर्तमान में धर्माध्यक्ष पैबिलो, कार्डिनल तागले की रोम में नियुक्ति के बाद से प्रेरितिक प्रशासक के रूप में कार्य कर रहे है। कार्डिनल तागले इस वर्ष के शुरु में लोकधर्मियों की प्ररिताई हेतु बनी परमधर्मपीठीय धर्मसंघ के प्रीफेक्ट बनकर रोम चले गये। इस समारोह में पांच पड़ोसी शहरों के मेयर भी उपस्थित रहेंगे।

धर्माध्यक्ष पैबिलो ने कहा, "यह अच्छा होगा, जब सभी विश्वासी, अपने नागर और धार्मिक नेताओं के नेतृत्व में, खुद को निष्कलंक माँ मरियम के संरक्षण में सुपुर्द करेंगे। इस कठिन समय में हम अपनी धन्य माँ की शक्तिशाली मध्यस्ता द्वारा सुरक्षा हेतु निवेदन करें, विशेष रूप से जब हम संगरोध के बाद नए तरीके से जीवन की शुरुआत करते हैं। माँ मरिया हमें जीवन में आगे बढ़ने हेतु हमारी अगुवाई और आंतरिक शक्ति प्रदान करें।"

फिलीपींस में कोरोना वायरस

फिलीपींस ने 5 मार्च को कोरोनावायरस संक्रमण पहला मामला दर्ज किया था। शनिवार 2 मई तक, फिलीपींस ने 8,928 कोरोना वायरस के मामले दर्ज किए थे। 603 लोगों की मौत हुई है और 1,124 लोग चंगे हुए हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

02 May 2020, 15:00