कारितास इंडिया का सम्मेलन 3.8.18 कारितास इंडिया का सम्मेलन 3.8.18 

कारितास इंडिया को मिला सर्वश्रेष्ठ एनजीओ पुरस्कार

भारत के संघीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन ने एक आभासी समारोह के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ एनजीओ पुरस्कार 2020 कारितास के कार्यकारी निदेशक फादर पॉल मूनजेली को प्रदान किया।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

नई दिल्ली, शनिवार 03 अक्टूबर 2020(मैटर्स इंडिया) : भारत में काथलिक धर्माध्यक्षों की सहायता एजेंसी कारितास इंडिया को 2 अक्टूबर को कोविद -19 के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ एनजीओ 2020 से सम्मानित किया गया।

संघीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन ने एक आभासी समारोह के दौरान कारितास के कार्यकारी निदेशक फादर पॉल मूनजेली को यह पुरस्कार प्रदान किया।

इंडिया टुडे मीडिया समूह महात्मा गांधी की जयंती पर वार्षिक सफाईगिरी पुरस्कार का आयोजन करता है। इस वर्ष इस पुरस्कार को हेल्थगिरी पुरस्कार 2020 में परिवर्तित किया गया।

इंडिया टुडे ग्रुप ने 2015 से पुरस्कार की मेजबानी शुरू की थी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान में योगदान देकर उन लोगों को सम्मानित किया, जिन्होंने अपनी पहचान बनाई।

पुरस्कार की नौ श्रेणियाँ

इस वर्ष यह पुरस्कार नौ श्रेणियों में दिया गया था: कोविद -19 का मुकाबला करने में सर्वश्रेष्ठ राज्य; जागरूकता फैलाने में सर्वश्रेष्ठ प्रसिद्ध व्यक्ति का योगदान, व्यापक सामाजिक प्रभाव के लिए सर्वश्रेष्ठ दूरगामी कॉर्पोरेट योगदान, सर्वोत्तम परीक्षण सुविधा,  सर्वश्रेष्ठ एनजीओ या अन्य संस्था जो प्रवासियों को समय पर मदद देती है, महामारी के समय में कोविद-संबंधित गतिविधि के लिए सर्वश्रेष्ठ नवाचार, सर्वश्रेष्ठ रसद सेवा प्रदाता, स्वास्थ्य सेवाओं की पेशकश करने वाले सर्वश्रेष्ठ एनजीओ या अन्य संस्था और सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य प्रबंधक।

आयोजकों ने कहा कि हेल्थगिरी अवार्ड्स 2020 का उद्देश्य उन कोरोना योद्धाओं की अजेय भावना को सम्मानित करना था जिन्होंने कोविद -19 महामारी के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व किया है। यह पुरस्कार भारत में महामारी से लड़ने में उनके योगदान के लिए व्यक्तियों या संगठनों को दिया गया। योगदान या तो कोविद -19 का मुकाबला करने में हो सकता है या घातकताओं को कम करने, अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने या लोगों को संकट से लड़ने में मदद करने के लिए है।

विनम्र प्रयासों को मान्यता

फादर मूनजेली ने कहा कि यह पुरस्कार इस कोविद महामारी के मद्देनजर मानवता की पीड़ा को कम करने के लिए कारितास एजेंसी के विनम्र प्रयासों को मान्यता देता है।

“कारितास प्रमुख फादर मूनजेली ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा,“मैं यह पुरस्कार देश के विभिन्न हिस्सों में सामुदायिक और संस्थागत स्तरों पर कार्यरत अपने सभी कोविद योद्धाओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों को समर्पित करता हूँ। इसने हमें नई चुनौतियों के बीच प्यार और देखभाल के अपने मिशन के साथ आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा दी है। हम इस सम्मान को नम्रता से स्वीकार करते हैं।

फादर मूनजेली ने बताया कि महामारी ने पलायन करने वाले प्रवासियों में बहुत भय और निराशा पैदा की थी। "लेकिन कलीसिया की संस्थागत ताकत ने हमें एक साथ मिलकर काम करने और कलीसियाई नेतृत्व के अद्भुत समर्थन के साथ अंतिम मील तक पहुंचने में मदद की।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

03 October 2020, 15:47