प्रतीकात्मक तस्वीर प्रतीकात्मक तस्वीर 

महामारी का प्रभाव : कम विवाह और कम खर्चे

कोविड -19 से पहले शादी की वार्षिक औसत संख्या 1,700 थी जबकि 2020 में 200 से भी कम काथलिकों की शादी हुई है। शादी समारोह में सिर्फ 50 लोग भाग ले सकते हैं। युवा दम्पतियों के लिए इसका एक सकारात्मक पक्ष है कि वे विवाह में रूपये बचा सकते हैं तथा उन्हें उधारी नहीं होना पड़ेगा।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

ढाका, बृहस्पतिवार, 13 अगस्त 2020 (एशियान्यूज)- बंगलादेश में कोरोना वायरस के कारण काथलिकों के विवाह करने की संख्या में काफी गिरावट आयी है।

स्थानीय गिरजाघर के सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश में हर साल औसतन 1,700 जोड़ों की शादी होती है परन्तु 2020 में 200 से भी कम जोड़ों की शादी सम्पन्न हुई है।

काथलिक कलीसिया कोरोनो वायरस के प्रसार को रोकने हेतु सरकार द्वारा बड़ी भीड़ जमा होने पर लगे प्रतिबंध का पालन कर रही है। बंगलादेश में कोविड-19 के करीब 2,55,000 मामले सामने आये हैं जबकि 3,400 लोगों की मौत हो चुकी है। 

ढाका के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल पैट्रिक डी रोजारियो ने कहा है कि शादी समारोह में 50 की संख्या में लोग भाग ले सकते हैं।

रंजित गोम्स, एक काथलिक को हाल में अपने बेटे की शादी के लिए इन प्रतिबंधों का पालन करना पड़ा। उन्होंने एशियान्यूज को बतलाया कि समारोह के लिए शुरू में 400 लोगों को निमंत्रण दिया गया था।

ढाका के धरेंदा के पल्ली पुरोहित फादर अल्बर्ट थॉमस रोजारियो ने कहा कि उन्होंने इस साल केवल सात लोगों को शादी संस्कार दिया है। उन्होंने कहा, "कई युवा शादी के लिए महामारी के अंत होने का इंतजार कर रहे हैं।"

फादर के अनुसार, कोरोना वायरस का एक सकारात्मक प्रभाव पड़ा है कि विवाह उत्सव में प्रतिभागियों की संख्या में कमी ने नवदम्पति के खर्चे को कम कर दिया है। 

महामारी के पहले करीब 250 लोग निमंत्रित किये जा सकते थे और उनके साथ उत्सव के लिए संगीत और डीजे आदि भाड़े में लिये जाते थे। परिणामतः कई लोगों को भारी कर्ज लेना पड़ता था। अब नवदम्पति रूपये बचा सकते हैं।

अगुस्टीन डीक्रूज, एक काथलिक व्यक्ति का मानना है कि संकट के बाद भी विवाह में कम लोगों को निमंत्रित करने के सिलसिले को बनाये रखना चाहिए। उन्होंने कहा, "मेरे तीन बच्चे हैं और उनकी शादी के लिए मैं चाहता हूँ कि कम लोगों को ही विवाह उत्सव में निमंत्रित करूँ।"

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

13 August 2020, 15:21