सुरक्षात्मक मास्क पहने लोग सुरक्षात्मक मास्क पहने लोग 

चीन में कोरोना वायरस: 9 मृत और 440 संक्रमित

वुहान नगर परिषद ने आवश्यक मामलों को छोड़कर किसी को भी शहर नहीं छोड़ने का आदेश दिया। वुहान, हेंको, वुचांग के काथलिक गिरजाघरों को बंद कर दिया गया। सभी दैनिक मिस्सा समारोह और नववर्ष की मिस्सा समारोह रद्द कर दिये गये हैं। ताइवान और मकाऊ में संक्रमण के नए मामले देखने को मिले।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

बीजिंग, बुधवार 22 जनवरी 2020 (एशिया न्यूज) : वुहान (हुबेई) शहर में उत्पन्न होने वाले वायरस ने अब तक नौ लोगों की जान ले ली है और देश भर में 440 अन्य लोगों को संक्रमित किया है, जिसकी पुष्टि आज सुबह राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के उप निदेशक ली बिन ने की। सभी मौतें हुबेई प्रांत में पंजीकृत हैं और सरकार संक्रमण को रोकने के लिए संगरोध उपायों का विस्तार कर रही है।

राष्ट्रीय सरकार ने चिकित्सा संस्थानों को आदेश दिया है कि वे सभी रोगियों या उनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों को अलग रहने के लिए बाध्य करें। प्रत्येक संक्रमण को दो घंटे के भीतर सूचित किया जाना चाहिए। वुहान नगर परिषद ने नागरिकों को यह निर्देश दिया कि वे आवश्यक मामलों को छोड़कर शहर से बाहर न जाएं, हमेशा मास्क पहने, लगातार भीड़ वाली जगहों पर न जाएं, अक्सर अपने हाथ धोयें। यहाँ-वहाँ न थूकें। भय उत्पन्न करने वाले अफवाह न फैलाएं।

वुहान को संगरोध करने का प्रयास

वुहान को संगरोध करने का प्रयास लगभग असंभव लगता है। वुहान 11 मिलियन लोगों का एक शहर है। चंद्र नववर्ष समारोह 25 जनवरी से शुरू होगा, जिसमें चीनी परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के साथ मिलकर खाना खाने के लिए जमा होते हैं।

वुहान, हैंको, वुचांग के काथलिक गिरजाघरों को अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। सभी दैनिक पवित्र मिस्सा समारोह और नए साल का मिस्सा समारोह को रद्द कर दिया गया है। पुरोहित विश्वासियों को हमेशा सुरक्षात्मक मास्क पहनने की सलाह दे रहे हैं और प्रार्थना करते हैं कि वुहान इस संकट से उबरने में सफल हो पाएगा।  

वायरस विश्व में फैलने की आशंका

इस बीच, वुहान से यात्रा करने के कारण, वायरस एशिया के विभिन्न देशों में फैल गया है। कल ताइवान और संयुक्त राज्य अमेरिका में संक्रमण दर्ज किया गया और आज सुबह मकाऊ में पहला संक्रमण दर्ज किया गया। थाईलैंड, वियतनाम, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और फिलीपींस पहले ही प्रभावित हो चुके हैं। चीन में, साथ ही हुबेई में, बीजिंग, शंघाई, शेन्ज़ेन (ग्वांगडोंग) में संक्रमण के मामले हैं। आज उत्तर कोरिया ने सभी चीनी पर्यटकों के लिए अपनी सीमाएं बंद कर दीं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

22 January 2020, 15:58