प्रतीकात्मक तस्वीर प्रतीकात्मक तस्वीर 

कमज़ोर महिलाओं के समर्थन में महिला पुलिस अधिकारी को सम्मान

संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षा अभियानों के प्रमुख जॉन पियर लैकरोइक्स ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र वर्ष 2019 का सर्वश्रेष्ठ महिला पुलिस अधिकारी का सम्मान सेनेगल मूल की पुलिस अधिकारी मेजर सेयनबोऊ डिऔफ को प्रदान करते हुए कहा,“शांतिरक्षा की ज़िम्मेदारी निभाने की बुनियाद में नीहित होता है मिलजुलकर काम करने का असीम जज़्बा।”

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

न्यूयार्क,बुधवार 06 नवम्बर 2019 (यूएन न्यूज) : न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में वर्ष 2019 का सर्वश्रेष्ठ महिला पुलिस अधिकारी पुरस्कार सेनेगल मूल की पुलिस अधिकारी मेजर सेयनबोऊ डिऔफ को प्रदान किया गया। वितरण समारोह में यूएन पुलिस प्रमुख और 14 शांतिरक्षा अभियानों से आए विभिन्न विशेषज्ञों ने भाग लिया।  

मेजर सेयनबोऊ डिऔफ को यह पुरस्कार नाज़ुक और कमज़ोर लोगों की आवाज बनने के लिए असाधारण साहस दिखाने और महिला पुलिस अधिकारियों का नेटवर्क बनाकर उन्हें आपस में जोड़ने में भी सराहनीय काम के लिए दिया गया।

मेजर सेयनबोऊ डिऔफ

संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षा अभियानों के प्रमुख ज्याँ पियर लैकरोइक्स ने इस मौक़े पर कहा, “पुलिस मेजर सेयनबोऊ डिऔफ़ ने महिलाओं को सशक्त बनाने, लोगों का आचरण में बेहतरी लाने, संरक्षा और सुरक्षा बढ़ाने, कार्य-प्रदर्शन बेहतर करने और इन सभी के ज़रिए अंततः टिकाऊ शांति क़ायम करने के क्षेत्रों में मिशन के भीतर और बाहर के सहयोगियों के साथ मिलकर असाधारण व अथक काम किया है।”

मेजर सेयनबोऊ डिऔफ उन 1400 महिला पुलिस अधिकारियों में से एक हैं जो इस समय दुनिया भर में अनेक अभियानों में संयुक्त राष्ट्र के झंडे तले काम कर रहे हैं। ये महिला पुलिस अधिकारी अनेक तरह की भूमिकाओं में काम कर रही हैं जिनमें क्षमताएँ बढ़ाने और उन्हें बेहतर बनाने से लेकर सामुदायिक प्रयासों, आम लोगों की संरक्षा व सुरक्षा और यौन हिंसा व लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम जैसे काम शामिल हैं।

यूएन शांतिरक्षा अभियानों के प्रमुख जॉन पियर लैक्रोइक्स ने कहा,“मेजर सेयनबोऊ डिऔफ़ द्वारा चलाए जा रहे महिला पुलिस अधिकारी नैटवर्क और इसी तरह के अन्य नैटवर्कों के ज़रिए ये महिला पुलिस अधिकारी यौन शोषण व दुर्व्यवहार (एसईए) के मामलों को होने से रोकने, पीड़ितों की सहायता करने और मामलों की जाँच-पड़ताल करने में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं जिससे यौन हिंसा के मामलों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की संयुक्त राष्ट्र की नीति मज़बूत होती है।”

अफ्रीकी देशों की महिलाओं को मदद

उन्होंने इस मौक़े पर दक्षिण सूडान का उदाहरण दिया जहाँ संयुक्त राष्ट्र की महिला पुलिस देश के भीतर ही विस्थापित लोगों के लिए बनाए गए शिविरों के भीतर और बाहर महिलाओं और युवाओं को रहन-सहन के बेहतर तरीक़े सीखने में मदद कर रही हैं। काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य में भी यूएन की महिला पुलिस अधिकारी आंतरिक सुरक्षा बलों में क्षमता विकसित करने और जवाबदेही निर्धारित करने में मदद कर रही हैं। माली में पुनर्संगठित आंतरिक रक्षा और सुरक्षा बलों व आम नागरिकों के बीच भरोसा कायम करने वाले उपायों को बढ़ावा देने में मदद कर रही हैं।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र व काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य के लोगों की असाधारण सेवा करने के लिए मेजर सेयनबोऊ डिऔफ़ को बधाई देते हुए कहा कि विश्व संगठन के आदर्श मूल्यों को वास्तविक रूप देने के उनके प्रयासों के ज़रिए एक मिसाल क़ायम करने पर “मिशनों और मुख्यालय में ड्यूटी पर तैनात तमाम यूएन पुलिस अधिकारी प्रेरित महसूस कर रहे हैं।”

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

06 November 2019, 16:57