टिम्बकटू में नाइजीरियाई शांति सैनिक टिम्बकटू में नाइजीरियाई शांति सैनिक 

यूएन प्रमुख ने माली में शांतिरक्षकों पर हमले की निंदा की

माली में संयुक्त राष्ट्र मिशन पर हुए हिंसक हमले में नाइजीरिया के एक शांति सैनिक की मौत हो गई। संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो ने शनिवार को किए गए इस हमले की कड़ी निंदा की है।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

टिम्बकटू, सोमवार 20 मई 2019 (यूएन न्यूज) : संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने एक बयान जारी कर कहा कि महासचिव अंतोनियो गुटेरेस ने टिम्बकटू में अज्ञात हमलावरों के सशस्त्र हमले में नाइजीरियाई शांतिरक्षक की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।  

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने शोकाकुल परिवार और नाइजीरियाई सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की एवं उसी हमले में घायल हुए एक अन्य नाइजीरियाई शांति सैनिक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

महासचिव गुटेरेस ने चाड के उन तीन शांतिसैनिकों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार की कामना की। उनका बारूदी सुरंग प्रतिरोधी वाहन टेसालिट, किडल क्षेत्र में एक आईईडी विस्फोटक की चपेट में आ गया।

महासचिव ने कहा है कि "संयुक्त राष्ट्र शांतिसैनिकों को निशाना बनाने वाले हमले अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत युद्धापराध की श्रेणी में रखे जा सकते हैं।" साथ ही उन्होंने माली की सरकार से इन हमलों के अपराधियों की पहचान करने और उन्हें सज़ा दिलाने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने का आह्वान किया है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने भरोसा दिलाया कि संयुक्त राष्ट्र शांति और स्थिरता हासिल करने की प्रक्रिया में माली की सरकार और जनता के साथ है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

20 May 2019, 16:43